Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर में अपराधियों ने रेलवे के एक लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी. ताजपुर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक का शव सड़क किनारे मिला, जबकि पास में उनकी बाइक भी पड़ी थी. शुरुआती आशंका है कि लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया.
ड्यूटी से लौटते वक्त बनाया निशाना
मृतक की पहचान गुनाई बहसी गांव निवासी प्रमोद कुमार के रूप में हुई है, जो राजेंद्र कॉपर के पुत्र थे. बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह समस्तीपुर स्टेशन से ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बसहीभिंडी गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी.
सुबह खुला हत्या का राज
रात में किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी. सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव और बाइक देखी, तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पहले इसे सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन जब लोगों ने शव की जांच की, तो पेट और पीठ में गोली के निशान मिले, जिससे हत्या की पुष्टि हुई.
आक्रोशित लोगों ने किया रोड जाम
घटना की समाचार फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
पुलिस जांच में जुटी, जल्द खुलासे का दावा
मामले को लेकर एएसपी संजय पांडे ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है. हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. फिलहाल परिवार के लोग भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.
Also Read: 1 करोड़ के इनामी माओवादी का हुआ निधन, झारखंड, बिहार समेत कई राज्यों में 200 से अधिक वारदातों का था मास्टरमाइंड
The post समस्तीपुर में लोको पायलट की बेरहमी से हत्या, अपराधियों ने पेट और पीठ में मारी गोली appeared first on Naya Vichar.
