आगामी 20 चुनाव को लेकर होगी अहम चर्चा
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज शनिवार को प्रखंड के नरघोघी स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में पहुंचेंगे। यहां वे क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम में समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा एवं झंझारपुर से 12 संघटनात्मक जिलों के 400 कार्यकर्ता शामिल होंगे । यह कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा को लेकर आयोजित की गई है। बता दें कि गृह मंत्री शनिवार को पूर्वाह्न 11:50 बजे हेलीकॉप्टर से नरघोघी हाई स्कूल के स्पोर्ट्स मैदान में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। जहां से वे कार से इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए प्रस्थान करेंगे। इंजीनियरिंग कॉलेज के सभा कक्ष में वे करीब एक से सवा घंटे तक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। फिर 1: 30 बजे अपराह्न में वे नरघोघी से प्रस्थान कर जाएंगे।
ये लोग होंगे बैठक में शामिल : गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिंह एवं सम्राट चौधरी,भाजपा सांसद नित्यानंद राय के अलावा क्षेत्रीय महामंत्री, क्षेत्रीय प्रभारी,क्षेत्रीय सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष,जिला महामंत्री, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक, विधानसभा विस्तारक आदि इस बैठक में शामिल होंगे। जानकारों के अनुसार अमित शाह की यह सक्रियता भाजपा की चुनावी तैयारी में गति लाने के उद्देश्य से है। राज्य में चुनावी माहौल को देखते हुए पार्टी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को समय पर निर्देश दे रही है। इस संबंध में समस्तीपुर दक्षिणी भाजपा जिला अध्यक्ष शशिधर झा ने बताया कि समस्तीपुर सहित 12 संगठन जिले के कार्यकर्ताओं से अमित शाह संवाद करेंगे। उनकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
अमित शाह के कार्यक्रम को ले सुरक्षा व्यवस्था चाक –चौबंद
अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। डीएम रोशन कुमार कुशवाहा एवं एसपी अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों के टीम ने शुक्रवार की शाम में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने वैरिकेडिंग,सुaरक्षा व्यवस्था,पार्किंग, हेलीपैड,मंच व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस संबंध में एसपी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक –चौबंद रहेगी। सुरक्षा का परीक्षण करते हुए सेना का हेलीकॉप्टर ट्रायल लैंडिंग किया गया है। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह 400 कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारी में लगे कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह और जोश देखने को मिला। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शुक्रवार की देर शाम तक तैयारी को अंतिम रूप दिया। मौके पर डीएम रोशन कुशवाहा एवं एसपी अरविंद प्रताप सिंह के अलावा एसपी संजय पांडे,सदर एसडीओ दिलीप कुमार, नजारत उपसमाहर्ता रजनीश कुमार, बीडीओ सुनील कुमार, अंचलाधिकारी निशांत कुमार, थानाध्यक्ष धनंजय कुमार मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम के व्यवस्थापकों में भाजपा जिलाध्यक्ष शशिधर झा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह सरायरंजन विधानसभा प्रभारी रामाकांत झा,प्रखंड अध्यक्ष बबलू झा, भाजपा सांसद के स्थानीय प्रतिनिधि शिव कुमार सिंह, महेश रजक, दीपक महाराज आदि मौजूद रहे।