नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के नरघोघी स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आज आगमन है। उनके आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के लिए चाक चौबंद व्यवस्था किए गए हैं। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सर्वप्रथम नरघोघी हाई स्कूल के स्पोर्ट्स मैदान में बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरेंगे। इसके बाद उनका वाहन सड़क मार्ग से अभियंत्रण महाविद्यालय में प्रवेश करेगा। कॉलेज में प्रवेश के उपरांत वे 12 विभागों द्वारा बनाए गए 26 स्टालों का निरीक्षण करेंगे। वहीं कॉलेज कैंपस में बने नवनिर्मित इम्यूनिटी भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह कॉलेज के क्लास रूम, वर्कशॉप एवं उनके द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट का निरीक्षण करेंगे। साथ ही इस संबंध में छात्र-छात्राओं से बातचीत भी करेंगे। कॉलेज कैंपस में मुख्यमंत्री 827 करोड़ की लागत से 188 योजनाओं का शिलान्यास, कार्यारंभ एवं उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कॉलेज कैंपस को दुल्हन की तरह सजाया गया है। कॉलेज के मुख्य द्वार पर सीएम नीतीश कुमार एवं जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी के दो बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। कॉलेज की चारदिवारी को आकर्षक पेंटिंग से सजाया गया है।डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, एडीएम ब्रजेश कुमार, जिला भू अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार,जिला उद्योग पदाधिकारी विवेक कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णुदेव मंडल, दलसिंहसराय के एसडीओ किशन कुमार, डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, बीडीओ सुनील कुमार, सीओ निशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी कॉलेज कैंपस में घूम-घूम कर तैयारियो का जायजा ले रहे थे।

