Hot News

साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूकता जरूरी

भंडरा. आज के डिजिटल युग में इंटरनेट और ऑनलाइन बैंकिंग ने हमारी जिंदगी को काफी आसान बना दिया है, लेकिन इसके साथ ही साइबर अपराध का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है. साइबर अपराधी नये-नये तरीकों से लोगों को ठगने की फिराक में रहते हैं और अक्सर हमारी छोटी सी असावधानी भी उनके जाल में फंसा सकती है. भंडरा थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने लाल बहादुर शास्त्री प्लस टू विद्यालय में नया विचार द्वारा आयोजित साइबर अपराध से बचाव विषयक एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में इसी बात पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन कठोर कदम उठा रही है, लेकिन जब तक लोग स्वयं जागरूक और सतर्क नहीं होंगे, तब तक इन अपराधियों को रोकना मुश्किल है. ग्रामीण क्षेत्रों के भोले-भाले लोगों के साथ-साथ पढ़े-लिखे लोग भी आसानी से साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं, जिसका मुख्य कारण जागरूकता की कमी और जल्दबाजी में लिए गए गलत निर्णय हैं. थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने साइबर अपराध से बचने के लिए सावधानी को सबसे महत्वपूर्ण बतायाय उन्होंने कहा कि इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय और ऑनलाइन बैंकिंग का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. किसी भी काम को हड़बड़ी में नहीं करना चाहिए और कोई भी ऑनलाइन गतिविधि करने से पहले उसकी पूरी तरह से जांच पड़ताल कर लेनी चाहिए. उन्होंने बैंक से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि बैंक कभी भी फोन पर खाता संख्या, आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं मांगता है. इसलिए, यदि कोई अनजान व्यक्ति फोन करके इस तरह की जानकारी मांगने का प्रयास करे, तो उसके झांसे में बिल्कुल नहीं आना चाहिए. ऐसे संदिग्ध कॉल्स की सूचना तुरंत बैंक और स्थानीय पुलिस स्टेशन को देनी चाहिए. श्री सिंह ने यह भी बताया कि प्रशासन ने साइबर ठगी के शिकार लोगों की मदद के लिए भी कई कदम उठाए हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में लोग इन सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं. उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि यदि वे या उनका कोई परिचित साइबर ठगी का शिकार होता है, तो इसकी सूचना तुरंत साइबर थाने में दर्ज कराएं। ऐसा करने से ठगों के बैंक खातों को सील किया जा सकता है और ठगी गयी रकम को वापस पाने की संभावना काफी हद तक बढ़ जाती है. नया विचार द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने की एक सराहनीय पहल है. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस कार्यशाला से प्राप्त जानकारी को अपने परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और गांव के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं. थाना प्रभारी ने साइबर अपराध के साथ-साथ इंटरनेट के अन्य नकारात्मक पहलुओं पर भी छात्रों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से कई बार छात्र-छात्राएं दिग्भ्रमित हो जाते हैं या गलत रास्ते पर चलने लगते हैं. उन्होंने छात्रों को ऐसे दुष्प्रभावी मामलों से अपना बचाव करने की सलाह दी. छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उन्हें तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को सूचित करना चाहिए, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके. कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने नया विचार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यशाला छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, क्योंकि आजकल साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और इससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। प्लस टू के शिक्षक सुधांशु कुमार सिंह ने भी छात्रों को साइबर अपराध से बचने के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताया और कई उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि साइबर अपराधी समय-समय पर ठगी के नए-नए तरीके अपनाते रहते हैं. उन्होंने छात्रों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति को फोन पर न देने की सलाह दी. नया विचार के प्रतिनिधि राजेश कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराते हुए उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और छात्रों को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों से अवगत कराया। कार्यक्रम में विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। छात्रों ने इस कार्यशाला से प्राप्त जानकारी को महत्वपूर्ण बताते हुए साइबर अपराध के प्रति स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में बिमला बाड़ा, दुर्गा कुमार, सीमा साहू, बसंती कुजूर, एनिमा मुखर्जी, जुड़ी प्रियंका टोपनो, बिंदिया कुमारी, धर्मदेव प्रसाद, लक्ष्मी कुमारी, विनीता कुमारी कुजुर, रोशनी कुजूर, मेरी पुष्पा तिर्की, मणिमाला बाखला, सौरभ टोप्पो, ईलबीड केरकेट्टा, आनंद कुमार, सुमन कुमारी, संजीता कुमारी और आकाश कुमार साहू सहित कई शिक्षक उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह नया विचार समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे नया विचार डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

The post साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूकता जरूरी appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top