डुमरा. बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा तृतीय चरण (टीआरई-थ्री) के तहत रविवार को जिला मुख्यालय स्थित हवाईअड्डा मैदान में प्रारंभिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के 1327 अनुशंसित विद्यालय अध्यापकों के बीच औपबंधिक नियुक्ति पत्र वितरित किया गया. सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक दिलीप राय, विधायक पंकज मिश्रा व मेयर रौनक जहां परवेज ने शिक्षकों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान कर वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस दौरान सांसद ने शिक्षकों को शुभकामना देते हुए कहा कि बीपीएससी ने योग्य शिक्षकों को बहाल किया हैं, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी. निश्चित रूप से बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा. शिक्षा विभाग के अनुसार तृतीय चरण के तहत नियुक्त 1327 शिक्षकों में वर्ग 1 से 5 में 463, वर्ग 6 से 8 में 323, वर्ग 9 से 10 में 387 एवं वर्ग 11 से 12 में 154 शिक्षक शामिल हैं. इस मौके पर प्रभारी डीएम मनन राम, एसपी अमित रंजन, जदयू जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता, डीईओ प्रमोद कुमार साहू, डीपीओ सुभाष कुमार, डीपीओ रिशु राज सिंह व डीपीओ आयुष कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे.
नियुक्ति पत्र वितरण के लिए बनाये गए 16 काउंटर
शिक्षा विभाग ने औपबंधिक नियुक्ति पत्र वितरण करने के लिए कुल 16 काउंटर बनाया था. जहां बड़ी संख्या में शिक्षक कतारबद्ध थे. विभागीय स्तर से विषयवार बनाये गए सभी काउंटर पर अधिकारी व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति किया गया था. औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के लिए सभी अभ्यर्थियों से काउंसलिंग पत्र व स्वअभिप्रमाणित आधार कार्ड की छायाप्रति प्राप्त कर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. बताया गया कि इसके पूर्व प्रथम चरण के तहत गत जिले में 1586 तो द्वितीय चरण के तहत 2206 शिक्षकों नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया था.
डिस्क्लेमर: यह नया विचार समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे नया विचार डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
The post 1327 शिक्षकों को मिला औपबंधिक नियुक्ति पत्र appeared first on Naya Vichar.