सरायरंजन में 43 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, कारोबारी फरार
नया विचार सरायरंजन : सरायरंजन थाना क्षेत्र की हरिपुर बरहेता पंचायत अंतर्गत मोसिंगपुर गांव स्थित एक केला बागान से पुलिस ने गुप्त सूचना पर 43 लीटर अंग्रेजी शराब को बरामद किया है। वहीं पुलिस के आने की भनक लगते ही कारोबारी शराब को छोड़ फरार हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शराब कारोबारी की पहचान कर ली गई है। इस बाबत सरायरंजन थाने में पदस्थापित पुअनि भानुप्रिया ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मोसिंगपुर स्थित केला बागान में बिक्री के लिए शराब की एक बड़ी खेप उतरी है। थाना अध्यक्ष के निर्देश पर दलबल के साथ जब वह निर्दिष्ट स्थान पर पहुंची तो देखा कि वहां से दो कारोबारी समेत अन्य लोग भाग रहे हैं। हालांकि काफी प्रयास के बावजूद उन कारोबारियों को पकड़ा नहीं जा सका। अलबत्ता उन लोगों की पहचान कर ली गई है। फरार कारोबारियों में मोसिंगपुर निवासी रामबाबू झा के पुत्र विकास कुमार झा एवं इसी थाने के भटगामा निवासी अवधेश महाराज के पुत्र अंकित कुमार महाराज समेत उनके अन्य साथी शामिल हैं। वहीं केला बागान की तलाशी में दो बोरे में रखी विभिन्न ब्रांडों की 43.17 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इधर,थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग से भी पुलिस ने गुप्त सूचना पर तीन लीटर अंग्रेजी शराब के साथ कारोबारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कारोबारी की पहचान गांव के ही उमेश गिरि के पुत्र ओम प्रकाश गिरि के रूप में की गई है।




