संपर्क फाटकों पर सुरक्षा जागरूकता हेतु समस्तीपुर मंडल की सांस्कृतिक टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर : रेलवे की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके अंतर्गत आम जनमानस को सुरक्षित रेल परिचालन के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल की सांस्कृतिक टीम द्वारा आज बैरगनिया स्टेशन पर स्थित एक संपर्क फाटक के पास जन-जागरूकता हेतु एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि संपर्क फाटक से गुजरते समय नागरिकों को क्या सावधानियाँ बरतनी चाहिए तथा किन-किन बातों का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। नुक्कड़ नाटक की प्रमुख बातें इस प्रकार थीं: रेल फाटक बंद होने की स्थिति में कभी भी उसे पार न करें। ट्रेन के आने की ध्वनि (हॉर्न व ट्रैक की ध्वनि) पर सतर्क रहें। फाटक खुलने के बाद ही सुरक्षित रूप से पार करें। लापरवाही और जल्दबाजी जानलेवा हो सकती है, इससे बचना अत्यंत आवश्यक है।यह कार्यक्रम न केवल जानकारीपरक था बल्कि इसमें मनोरंजन का समावेश कर लोगों को सहज और प्रभावी तरीके से जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों ने इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से आमजन में जागरूकता बढ़ती है और दुर्घटनाओं की संभावनाएं कम होती हैं।समस्तीपुर मंडल के इस सराहनीय प्रयास के पीछे मंडल रेल प्रबंधक विनय श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्य कर रही टीम की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि “रेलवे के साथ-साथ जनता की भी यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वह संपर्क फाटकों पर नियमों का पालन करे और दूसरों को भी प्रेरित करे।”







