Hot News

February 1, 2026

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

उमावि जगनी चम्पानगर की प्रधानाध्यापिका हुईं सेवानिवृत

केनगर. नगर पंचायत चम्पानगर के पीएम श्री बैद्यनाथ उच्च माध्यमिक विद्यालय जगनी चम्पानगर की प्रधानाध्यापिका आशा शरण की सेवानिवृति उपरांत पूर्व प्रधानाध्यापक शंभु शरण मेहता की अध्यक्षता में भावभीनी विदाई दी गई. विद्यालय के ही सेवानिवृत्त शिक्षक जर्नादन मंडल ने कहा कि एक जिम्मेदार शिक्षक कभी रिटायर नहीं होते, बल्कि आजीवन समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी बनी रहती है. नए प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में अमरेन्द्र कुमार जायसवाल ने पदभार ग्रहण किया. सम्मान समारोह में शिक्षक खंतर यादव , माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमरेन्द्र प्र. यादव एवं जिला सचिव डा. रामशरण मेहता, पूर्व प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार मेहता, आनंद पोद्दार, योगानंद मेहता, किशोर कुमार मेहता , शिक्षक शिव कुमार सुमन, दिनेश रजक ,प्रीति वर्मा, रेणु बाला, रचना कुमारी ,पूर्व प्रधानाध्यापिका आशा कुमारी आदि ने भी विचार रखे. मंच संचालन शिक्षक डा. हरीश कुमार कर रहे थे. The post उमावि जगनी चम्पानगर की प्रधानाध्यापिका हुईं सेवानिवृत appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

मोबाइल दुकान में लगी आग, लाखों की संपत्ति की क्षति

– सूचना के बावजूद नहीं पहुंचे दमकल कर्मी छातापुर. मुख्यालय स्थित बस पड़ाव से पूरब भट्टावारी रोड में रविवार की सुबह अचानक लगी आग में एक मोबाइल दुकान जलकर खाक हो गया. आग इतनी तेजी से फैली की अंदर रखा एक भी सामान बाहर निकाला नहीं जा सका. अगलगी की इस घटना में लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. खास बात यह है कि सूचना के बाद बिलंब से पहुंचे दमकल एवं डायल 112 की पुलिस को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. जानकारी अनुसार सुबह करीब नौ बजे आसपास के दुकानदारों ने मोबाइल दुकान के पीछे से धुआं उठते देखा. आग लगे रहने के संदेह पर मोबाइल दुकानदार को मोबाइल पर तुरंत ही इसकी जानकारी दी गई. वहीं डायल 112 पुलिस तथा दमकल वाहन के लिए थाना को सूचना दी गई. दुकानदार बलराम सिंह उर्फ राजा जबतक मौके पर पहुंचे आग ने दुकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. तबतक दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. आग पर नियंत्रण के बाद भीमपुर थाना से छोटा दमकल के साथ डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची. बिलंब से आने के कारण आक्रोशित लोगों ने दोनों वाहन पर सवार लोगों को नीचे उतरने तक नहीं दिया गया. फिर पुलिस व दमकल कर्मी बिना कोई कार्यवाही किये बैरंग लौट गई. घटना को लेकर थाना एवं अंचल कार्यालय को आवेदन दिया जा रहा है. इस संदर्भ में सीओ राकेश कुमार ने बताया कि अगलगी से व्यवसायिक नुकसान होने पर आपदा के तहत मुआवजा का प्रावधान नहीं है. छातापुर थाना में दमकल नहीं रहने की जानकारी जिला प्रशासन के संज्ञान में है. दमकल उपलब्ध कराने के लिए वरीय अधिकारी से अनुरोध किया जायेगा. वहीं थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि उनके पदस्थापन काल के पूर्व से ही थाना में दमकल नहीं है. दमकल के लिए जिला प्रशासन को फिर से पत्र भेजा जा रहा है. The post मोबाइल दुकान में लगी आग, लाखों की संपत्ति की क्षति appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

भूपेंद्र नारायण मंडल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : कुलपति

बीएनएमयू में एनएसएस के तत्वावधान में मनायी गयी भूपेंद्र नारायण मंडल जयंती मधेपुरा. महामना भूपेंद्र नारायण मंडल अपने आप में एक संस्था थे. वे मनसा, वाचा और कर्मणा से समाजवादी थे. उनके विचारों और कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी. यह बातें बीएनएमयू के कुलपति प्रो बीएस झा ने कही. वे रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित भूपेंद्र नारायण मंडल जयंती समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे. कार्यक्रम का आयोजन प्रशासनिक परिसर स्थित विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह में किया गया. कुलपति ने कहा कि मधेपुरा समाजवाद और सामाजिक न्याय की धरती रही है, लेकिन आज हमें आत्ममूल्यांकन करने की जरूरत है कि हम वर्तमान समय में कहां खड़े हैं. उन्होंने कहा कि भूपेंद्र बाबू का जन्म एक सामंती जमींदार परिवार में हुआ था, इसके बावजूद उन्होंने समाजवाद और सामाजिक न्याय के लिए आजीवन संघर्ष किया. वे सदन से लेकर सड़क तक आम लोगों की आवाज बुलंद करते रहे. भूपेंद्र बाबू के विचारों को आगे बढ़ाने की जरूरत कुलपति प्रो बीएस झा ने कहा कि भूपेंद्र बाबू सभी के साथ समानता का व्यवहार करते थे और विरोधी विचारों का भी सम्मान करते थे. वे जाति नहीं, बल्कि जमात की नेतृत्व करते थे. वित्तीय परामर्शी चतुर किस्कू ने कहा कि भूपेंद्र बाबू समाज के अंतिम व्यक्ति की आंखों के आंसू पोंछने वाले नेता थे. डीएसडब्ल्यू प्रो अशोक कुमार ने कहा कि हम सभी को मिलकर भूपेंद्र बाबू के विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाने की जरूरत है. टीपी कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो कैलाश प्रसाद यादव ने कहा कि भूपेंद्र बाबू ने कोसी-सीमांचल क्षेत्र में शिक्षा के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभायी. एनएसएस समन्वयक डॉ सुधांशु शेखर ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा भूपेंद्र बाबू के विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उनकी जयंती और स्मृति दिवस पर नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. वंदे मातरम् और जन-गण-मन का हुआ सामूहिक गायन कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति द्वारा महामना भूपेंद्र नारायण मंडल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गयी. अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया. विधिवत दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. प्रारंभ में कुलगीत ज्ञान का प्रकाश हो का गायन किया गया. अंत में राष्ट्रगीत वंदे मातरम और राष्ट्रगान जन-गण-मन का सामूहिक गायन किया गया. इस अवसर पर बीएनएमभी महाविद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य प्रो अरविंद कुमार, प्रधानाचार्य प्रो संजीव कुमार, पार्वती विज्ञान महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो पवन कुमार, कुलानुशासक डॉ इम्तियाज अंजूम, आईक्यूएसी निदेशक प्रो नरेश कुमार, परिसंपदा पदाधिकारी शंभू नारायण यादव, सीनेटर डॉ रंजन कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए. कार्यक्रम में महाविद्यालय निरीक्षक डॉ आरके मल्लिक, परीक्षा नियंत्रक डॉ शंकर कुमार मिश्र, पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो सीपी सिंह, विभागाध्यक्ष डीपी मिश्र, प्रो मो अबुल फजल, डॉ रत्नदीप, डॉ सुनील कुमार, डॉ फिरोज मंसूरी, डॉ जावेद अहमद समेत कई शिक्षक, कर्मचारी और छात्र उपस्थित थे. भूपेंद्र चेयर की होगी स्थापना विश्वविद्यालय में भूपेंद्र चेयर की स्थापना के लिए ठोस प्रयास शुरू कर दिए गए हैं. कुलपति प्रो बीएस झा ने इस अवसर पर स्वयं एक दिन का वेतन देने की घोषणा की और अन्य लोगों से भी सहयोग की अपील की. ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय के शिक्षाशास्त्र विभाग के सभी शिक्षक और कर्मचारियों के साथ-साथ असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ फिरोज मंसूरी ने भी एक दिन का वेतन देने की घोषणा की. The post भूपेंद्र नारायण मंडल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : कुलपति appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

दो बाइकों की टक्कर में चार जख्मी

छातापुर. थानाक्षेत्र के डहरिया पंचायत वार्ड सात स्थित धर्मकांटा के समीप दो बाइक की टक्कर में चार सवार जख्मी हो गए. सभी जख्मियों को उपचार के लिए सीएचसी छातापुर में भर्ती कराया गया. जहां उपचाररत में एक जख्मी अररिया जिले के फारबिसगंज थाना अंतर्गत भजनपुर निवासी 20 वर्षीय मो शौकत को रेफर कर दिया गया. वहीं अन्य घायलों में मो इब्राहिम पिता इशाक, मो महबूब पिता मो फारुख व थाना क्षेत्र के महम्मदगंज वार्ड संख्या एक निवासी नित्यानंद पासवान के 15 वर्षीय पुत्र प्रवेश कुमार शामिल हैं. सीएचसी में इलाजरत जख्मी मो महबूब ने बताया कि वो मो इब्राहिम व मो शौकत के साथ थाना क्षेत्र के सोहरबा अपने किसी रिश्तेदार की बारात आए थे. रास्ते की जानकारी नहीं की वजह से सड़क किनारे वाहन खड़ी कर किसी से जानकारी ले रहे थे. इसी क्रम में सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में एक दोपहिया वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया. जानकारी के मुताबिक पीछे से टक्कर मारने वाला बाइक सवार प्रवेश कुमार है. प्रवेश के साथ एक अन्य युवक भी था, जो कि सीएचसी आने के बाद फरार हो गया. सीएचसी पहुंची प्रवेश की मां ने बताया कि उनका पुत्र बहनोई की बाइक से मोबाइल रिचार्ज करवाने की बात कहकर छातापुर बाजार निकला था. The post दो बाइकों की टक्कर में चार जख्मी appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 88 में जांच के दौरान मिलीं गंभीर अनियमितताएं

डीपीओ के बाद स्त्री पर्यवेक्षिका ने भी पकड़ी गड़बड़ी, सेविका से 48 घंटे में जवाब तलब उदाकिशुनगंज. सीडीपीओ के आदेश पर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 अंतर्गत महेशुआ गांव के गोठ बस्ती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 88 की स्त्री पर्यवेक्षिका निशा कुमारी ने जांच की. जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पायीं गयी. स्त्री पर्यवेक्षिका ने जांच रिपोर्ट वरीय पदाधिकारी को समर्पित करने की बात कही है. इससे पूर्व गुरुवार को डीपीओ सीमा कुमारी ने डीएम के आदेश पर उक्त आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया था. निरीक्षण में डीपीओ ने भी बड़ी गड़बड़ियां पकड़ी थीं. इसके बाद सेविका से स्पष्टीकरण की मांग की गयी है. डीपीओ ने अपने पत्र में बताया है कि 29 जनवरी को निरीक्षण के दौरान सेविका व सहायिका निर्धारित पोशाक में उपस्थित नहीं पाई गयीं. स्कूल पूर्व शिक्षा के तहत केवल 12 शिशु ही केंद्र पर मौजूद थे. साथ ही केंद्र पर पोषाहार मेन्यू बोर्ड भी उपलब्ध नहीं था. गैस की जगह मिट्टी के चूल्हे पर बन रहा था खाना निरीक्षण के दौरान केंद्र पर गंदगी का अंबार पाया गया. जांच के दिन बच्चों को सुबह का नाश्ता नहीं दिया गया था. केंद्र पर गर्म पका भोजन न तो बना हुआ पाया गया और न ही उसकी कोई तैयारी की गयी थी. रिपोर्ट में बताया गया कि केंद्र पर मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाने की व्यवस्था पायी गयी, जबकि विभाग द्वारा गर्म पका भोजन के लिए दो गैस सिलेंडर व चूल्हा उपलब्ध कराया गया है. गैस सिलेंडर और चूल्हा अलग-अलग अवस्था में रखा पाया गया, जिसका उपयोग नहीं हो रहा था. केंद्र पर बच्चों को सुबह के नाश्ते के साथ दूध का वितरण किया जाना था, लेकिन दूध वितरण नहीं किया गया. इससे संबंधित कोई भी साक्ष्य केंद्र पर उपलब्ध नहीं पाया गया. जांच के दौरान केवल निरीक्षण पंजी, बच्चों की उपस्थिति पंजी और सेविका सहायिका उपस्थिति पंजी ही उपलब्ध था. बच्चों की उपस्थिति पंजी में पंजीकृत बच्चों का ग्रेड भी अंकित नहीं पाया गया. पीएमएमभीवाइ व भंडार पंजी भी नहीं मिले केंद्र पर पीएमएमभीवाइ पंजी व भंडार पंजी उपलब्ध नहीं पाया गया. सेविका ने बताया कि पंजी केंद्र पर नहीं है. डीपीओ द्वारा एफआरएस की स्थिति की समीक्षा के दौरान भी सेविका स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी. पोषण ट्रैकर पर परिवार सर्वे, लाभुकों का आभा आइडी निर्माण, मोबाइल संख्या सत्यापन व लाभुकों का जब एफआरएस का कार्य शत प्रतिशत पूरा नहीं पाया गया, जिसे डीपीओ ने गंभीर लापरवाही माना है. डीपीओ ने सेविका से 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण का जवाब मांगा है. निर्धारित समय-सीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने की स्थिति में सेविका के खिलाफ नियमानुसार विधि सम्मत कार्रवाई की बात कही गयी है. शनिवार को स्त्री पर्यवेक्षिका निशा कुमारी ने भी जांच के दौरान लगभग इसी तरह की गड़बड़ियां पायीं. जांच के समय पोषाहार समिति के सदस्यों ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से उनसे किसी भी प्रकार का हस्ताक्षर नहीं कराया गया है. गौरतलब है कि वार्ड पार्षद रमण कुमार राणा की शिकायत पर आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 88 की लगातार जांच की जा रही है. The post आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 88 में जांच के दौरान मिलीं गंभीर अनियमितताएं appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

मल्हरिया पंचायत में लड़कियों को सिलाई का प्रशिक्षण

बायसी. प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मल्हरिया पंचायत में सनराइज एजुकेशनल और सोशल वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से लड़कियों को सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रह है . ट्रस्ट से जुड़े खुर्शीद आलम ने बताया कि मल्हरिया पंचायत में कखहरवा गांव समेत कुल पांच जगह पर लड़कियों को सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रह है . लड़कियां प्रशिक्षण पाकर काफी खुश नजर आ रही है .उनके अभिभावक का कहना है कि यदि उनकी बेटी पढ़ाई के साथ साथ सिलाई का काम सीख जाती है तो जीविकोपार्जन कर सकती हैं . The post मल्हरिया पंचायत में लड़कियों को सिलाई का प्रशिक्षण appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

अगलगी से दो घर जले, हजारों की संपत्ति का नुकसान

– आग बुझाने के क्रम में दो गृह स्वामी झुलसे, स्थिति चिंताजनक राघोपुर. प्रखंड क्षेत्र के हरिपुर पंचायत अंतर्गत फुलकाही वार्ड नंबर 09 में शनिवार की रात आग लगने से दो परिवारों का दो घर सहित घर में रखा सामान व मवेशी जल गये. आग की चपेट में आकर दो घर में बंधी दो गाय गंभीर रूप से झुलस गई और दो बछड़ों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई. घटना की जानकारी देते पीड़ित गृहस्वामी ने बताया कि देर रात एक घर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया. शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण आग बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी. कुछ ही मिनटों में घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, बक्से, जरूरी कागजात सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. आग बुझाने के प्रयास में गृहस्वामी 60 वर्षीय मो इशाक और 25 वर्षीय मो इरफान गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है. ग्रामीणों के सहयोग आग पर काबू पाया गया. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति चिंताजनक है. पीड़ित परिवारों का कहना है कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ितों को तत्काल आपदा राहत सहायता, घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था व पशु क्षति का उचित मुआवजा देने की मांग की है. इस संबंध में सीओ रश्मि प्रिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. The post अगलगी से दो घर जले, हजारों की संपत्ति का नुकसान appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

लेट्स इंस्पायर बिहार कार्यालय का उद्घाटन

आइजी विकाश वैभव ने कहा, कोशी क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर बनेगा कार्यालय मधेपुरा. लेट्स इंस्पायर बिहार एलआइबी के संस्थापक व वर्तमान में बिहार पुलिस विभाग में आइजी के पद पर कार्यरत आइपीएस विकाश वैभव ने रविवार को मधेपुरा पश्चिमी बायपास स्थित आजादटोला चामगढ़ हाउस में लेट्स इंस्पायर बिहार मधेपुरा चैप्टर कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया. इस मौके पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी व संगठन से जुड़े लोग मौजूद थे. कार्यालय उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में एलआइबी के संस्थापक आइपीएस विकाश वैभव ने कहा कि यह कार्यालय न सिर्फ मधेपुरा बल्कि पूरे कोशी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने मधेपुरा एलआईबी के संयोजक ई रविंद्र यादव को धन्यवाद देते हुए कहा कि कार्यालय खुलने से संगठन को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचने में मदद मिलेगी और विकास के अभियान को और मजबूती मिलेगी. मौके पर स्वागताध्यक्ष व मधेपुरा कॉलेज के संस्थापक डॉ अशोक कुमार ने कहा कि आइजी साहब जिस विकसित बिहार के सपने को अपने खून पसीने से सींच रहे हैं, उसमें इस कार्यालय के खुलने से नयी ऊर्जा मिलेगी व यह अभियान और व्यापक रूप लेगा. समाजसेवी सह स्त्री उद्यमी प्रीति यादव ने कहा कि लेट्स इंस्पायर बिहार कोई सामान्य संगठन नहीं, बल्कि विकसित बिहार निर्माण का एक सशक्त माध्यम है. मधेपुरा में कार्यालय का उद्घाटन कर इस अभियान की मजबूत नींव रखी गयी है. कार्यालय उद्घाटन के बाद आइपीएस विकाश वैभव ने पुरानी बस स्टैंड स्थित बीपी मंडल की प्रतिमा व कॉलेज चौक स्थित भूपेंद्र बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सुखद संयोग है कि आज महान समाजवादी चिंतक भूपेंद्र बाबू की जयंती है, जिसमें उन्हें भाग लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. कार्यक्रम में डॉ गोपाल कुमार, किसान नेता रौशन यादव, राज कुमार मेहता, ई कौशल, शौकत अली, अधिवक्ता सनद सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे. The post लेट्स इंस्पायर बिहार कार्यालय का उद्घाटन appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

महिला फुटबॉल फाइनल में पूर्णिया ने मुजफ्फरपुर को 3-2 से दी शिकस्त

बीकोठी. प्रखंड के दिवराधनी पंचायत के राजकीय बुनियादी उत्कमित उच्च विद्यालय दिवरा बाजार स्पोर्ट्स मैदान में नंदलाल उरांव मेमोरियल राज्यस्तरीय स्त्री फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच पूर्णिया और मुजफ्फरपुर के बीच स्पोर्ट्सा गया. पूर्णिया की स्त्री टीम ने 3-2 से मुजफ्फरपुर की स्त्री टीम को हरा कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. विजेता एवं उपविजेता टीम को प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि दिवराधनी पंचायत के मुखिया ठाकुर चंदन सिंह ने ट्राफी प्रदान की. मैच के निर्णायक की भूमिका में विवेक कुमार उरांव थे.जबकि पोल जज की भूमिका में स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ी राकेश कुमार और अतिश कुमार थे. इधर, उद्घोषक के रूप में विनोद कुमार उरांव ने बखूबी अपनी भूमिका निभायी. इस मौके पर विरेन्द्र कुमार, देवेंद्र उरांव, गुरूदेव भगत, दयानंद जयसवाल, ओमप्रकाश भगत, अरविंद कुमार, प्रमोद उरांव, राकेश उरांव, संजय उरांव,रवि जयसवाल, अतिश कुमार लाल बहादुर उरांव, मुरारी सिंह, अमित सिंह के अलावे दर्जनों प्रबुद्ध ग्रामीण एवं सैकड़ों दर्शक मौजूद थे. The post स्त्री फुटबॉल फाइनल में पूर्णिया ने मुजफ्फरपुर को 3-2 से दी शिकस्त appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

शिव को गुरु मानने का दिया संदेश

पिपरिया प्रखंड के रामचंद्रपुर गांव में अयोजित हुआ कार्यक्रम सूर्यगढ़ा माघी पूर्णिमा के मौके पर पिपरिया प्रखंड के रामचंद्रपुर गांव स्थित महावीर प्रसाद उच्च विद्यालय में शिव शिष्य हरिनंदन फाउंडेशन रामचंद्रपुर के तत्वावधान में शिव गुरु महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान शिव को गुरु के रूप में समझने और उनके आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा, ताकि प्रत्येक व्यक्ति शिव से शिष्य भाव से जुड़ सके. कार्यक्रम की मुख्य वक्ता दीदी बरखा आनंद एवं भइया अर्चित आनंद ने शिव शिष्य साहब श्री हरिनंदन जी के संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान शिव केवल नाम के गुरु नहीं, बल्कि कर्म के गुरु हैं. उन्होंने कहा कि शिव की आराधना से लोग धन, धान्य, संतान और समृद्धि की कामना करते हैं, लेकिन गुरु रूप में शिव से ज्ञान की प्राप्ति भी उतनी ही आवश्यक है. ज्ञान के अभाव में संपत्ति और समृद्धि भी व्यक्ति के लिए घातक सिद्ध हो सकती है. उन्होंने कहा कि भगवान शिव जगतगुरु हैं और संसार का प्रत्येक व्यक्ति, चाहे वह किसी भी धर्म, जाति, संप्रदाय या लिंग का हो, शिव को अपना गुरु बना सकता है. शिव का शिष्य बनने के लिए किसी प्रकार की पारंपरिक दीक्षा या औपचारिकता आवश्यक नहीं है, केवल यह भाव पर्याप्त है कि “शिव मेरे गुरु हैं.” इसी भावना से शिव की शिष्यता की स्वाभाविक शुरुआत होती है. कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि शिव शिष्य साहब श्री हरिनंदन जी ने सन 1974 में शिव को अपना गुरु स्वीकार किया था. 1980 के दशक तक शिव की शिष्यता की यह अवधारणा देश के विभिन्न हिस्सों में व्यापक रूप से फैल गयी. शिव शिष्य साहब एवं उनकी धर्मपत्नी देवी नीलम आनंद जी द्वारा जाति, धर्म, लिंग और संप्रदाय से ऊपर उठकर संपूर्ण मानव समाज को भगवान शिव के गुरु स्वरूप से जुड़ने का आह्वान किया गया. वक्ताओं ने कहा कि शिव गुरु की यह अवधारणा पूर्णतः आध्यात्मिक है, जो भगवान शिव के गुरु रूप से प्रत्येक व्यक्ति के व्यक्तिगत जुड़ाव पर आधारित है. महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और सभी ने शिव गुरु के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया. The post शिव को गुरु मानने का दिया संदेश appeared first on Naya Vichar.

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top