Hot News

February 3, 2026

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

सरसों की खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने में वरदान : डॉ नीरज

बिशुनपुर. कृषि विज्ञान केंद्र गुमला विकास हिंदुस्तानी बिशुनपुर द्वारा चलायी जा रही गतिविधियों के अंतर्गत बोरांग गांव में सरसों प्रक्षेत्र दिवस का आयोजन किया गया. कृषि वैज्ञानिक डॉ नीरज कुमार वैश्य व एनो रॉय ने कई जानकारी दी. उन्होंने किसानों को तिलहनी फसलों के बढ़ावा व सरसों उत्पादन से किसानों के स्थायी आजीविका में वृद्धि विषयक पर जानकारी दी. डॉ नीरज ने कहा कि किसान यदि राई या सरसों की वैज्ञानिक खेती करते हैं, तो उनको कैसे आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक होगा. कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा जिले की विभिन्न प्रखंडों घाघरा, बिशुनपुर, रायडीह व बसिया के विभिन्न गांवों बोरांग, बनालात, मलंगटोली, घाघरा, रुकरूम, खटखोर, बेती, बेती जुगनूटोली, बेती बाडोटोली व तेतरा गांवों में 40 हेक्टेयर में सरसों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है. केंद्र द्वारा इस वर्ष (2025-26) 260 हेक्टेयर में सरसों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है. इसके अंतर्गत किसानों को प्रशिक्षण देकर क्रिटिकल इनपुट बीज खाद उपलब्ध कराया गया है. खड़ी फसल में ड्रोन के माध्यम से सल्फर नैनो यूरिया व कीटनाशक का छिड़काव कराया गया है. प्रत्यक्षण के अंतर्गत सरसों के जिस प्रभेद को किसानों को उपलब्ध कराया गया है, जिसमें तेल की मात्रा का प्रतिशत 40 से 42 प्रतिशत है, जहां पर किसान तीन किलो सरसों से एक किलोग्राम तेल प्राप्त करते थे. वहां पर अब वह 2.5 से 2.75 किलो सरसों से ही एक किलो तेल प्राप्त कर सकेंगे. साथ ही साथ सरसों की खेती करते हैं, तो सरसों का समर्थन मूल्य 5950 रुपये क्विंटल है और सरसों की खेती में कम पानी व कम उर्वरक की आवश्यकता के साथ-साथ खरपतवार के प्रबंधन पर भी किसानों को कम मेहनत करनी पड़ती है. इससे न कि किसानों की आमदनी बढ़ेगी, बल्कि प्रशासन को जो तेल का आयात करती है. उसमें भी कमी आयेगी. साथ ही साथ यदि सरसों उत्पादन करके अपने घर का तेल खायेंगे, तो उसकी शुद्धता भी अच्छी होगी. मौके पर दिलेश्वर उरांव, कंदरू उरांव, वासमुनी देवी, निर्मलिया देवी, संजीत उरांव, शालो देवी, छेनो देवी, मिलते उरांव आदि उपस्थित थे. The post सरसों की खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने में वरदान : डॉ नीरज appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

Delhi Weather: दिल्ली में बुधवार को छाया रहेगा घना कोहरा, IMD का आया अलर्ट

Delhi Weather: आईएमडी के अनुसार बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाया रह सकता है. इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. बुधवार के लिए आईएमडी ने न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है. बुधवार को वायु गुणवत्ता खराब रहने का अनुमान वायु गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के अनुसार, बुधवार को वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है और पांच से छह फरवरी के बीच इसमें सुधार होकर मध्यम श्रेणी में पहुंचने की उम्मीद है. मंगलवार सुबह नौ बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 256 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी आता है. स्टेशनवार सीपीसीबी आंकड़ों के अनुसार, 19 स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में, 10 पर अत्यंत खराब श्रेणी में और 10 पर मध्यम श्रेणी में थी. कैसा रहा तापमान? हिंदुस्तान मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर के आधार केंद्र सफदरजंग वेधशाला पर अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. जबकि न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार पालम में अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य तापमान से कम है. जबकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा. लोदी रोड में अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज स्टेशन पर अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा. The post Delhi Weather: दिल्ली में बुधवार को छाया रहेगा घना कोहरा, IMD का आया अलर्ट appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

रिविलगंज-बिशुनपुरा बाइपास परियोजना में तेजी लाने के लिए डीएम ने दिये निर्देश

छपरा. पटना की तरह छपरा में भी मरीन ड्राइव के रूप में बनने वाले रिविलगंज-बिशुनपुरा बाइपास परियोजना के कार्य में तेजी आ गयी है. जिलाधिकारी ने इस सड़क के निर्माण के लिए जल्द से जल्द सभी प्रकार के कागजी और मुआवजा भुगतान से संबंधित प्रक्रिया को पूरा करने का आदेश जिला भू अर्जन कार्यालय के अधिकारियों को दिया है. साथ ही सड़क निर्माण एजेंसी और राजस्व से जुड़े सभी पदाधिकारी को परियोजना को जल्द से जल्द शुरू करने के लिए जुट जाने को कहा है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, छपरा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी रिविलगंज व मांझी के साथ रिविलगंज-बिशुनपुरा बाइपास निर्माण परियोजना के पूरे स्ट्रेच का स्थलीय निरीक्षण मंगलवार को किया. उन्होंने कुछ बिंदुओं पर निर्णय करते हुए बताया कि बारिश के दिनों में लगभग तीन महीने घाघरा नदी का जल स्तर काफी बढ़ा हुआ रहने के परिप्रेक्ष्य में उक्त परियोजना में 1200 मीटर एलिवेटेड पथ के अतिरिक्त गौतम ऋषि स्थान के आगे तक कुल तीन किलोमीटर एलिवेटेड पथ निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर विभाग को अनुमोदन के लिए भेजने का निर्देश दिया गया है. जिलाधिकारी ने पूरे अलाइनमेंट के खेसरा पंजी को अद्यतन कर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि मुआवजा भुगतान की कार्रवाई पूर्ण कर उक्त परियोजना का कार्यान्वयन प्रारंभ कराया जा सके. The post रिविलगंज-बिशुनपुरा बाइपास परियोजना में तेजी लाने के लिए डीएम ने दिये निर्देश appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

सारण जिले के कई पुलिस पदाधिकारियों को दी गयी प्रोन्नती

छपरा. एसएसपी विनीत कुमार ने कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर कई थानों में कार्यरत पुलिस पदाधिकारियों की प्रोन्नती की है. पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अवलोकन को ध्यान में रखते हुए पुलिस निरीक्षक ज्ञान प्रकाश को नयी जिम्मेदारी सौंपी गयी है. वह अब तक पुलिस कार्यालय मे प्रभारी विधि-व्यवस्था कोषांग के रूप में कार्यरत थे. अब उन्हें सोनपुर अंचल में पुलिस निरीक्षक सह अंचल पुलिस निरीक्षक के पद पर पदस्थापित किया गया है. पुलिस अवर निरीक्षक नेहा कुमारी तीन को स्त्री थाना की कमान सौंपी गयी है. वह पूर्व में गड़खा थाना अनुसंधान इकाई में पदस्थापित थीं. उन्हें अब स्त्री थाना का प्रभारी बनाया गया है. पुलिस अवर निरीक्षक विनोद कुमार को मांझी थाना का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. वह पहले से ही मांझी थाना में अपर थानाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे. इसके अलावा, पुलिस अवर निरीक्षक राजा राम को पानापुर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. वह पूर्व में पानापुर थाना में अपर थानाध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे. एसएसपी कार्यालय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह बिना विलंब किये अपने-अपने नये पदस्थापन स्थल विलंब योगदान कर पुलिस कार्यालय को सूचित करें. The post सारण जिले के कई पुलिस पदाधिकारियों को दी गयी प्रोन्नती appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

परसा प्रखंड में सनकी कुत्ते ने दो दिनों में दर्जनों लोगों को काटा

परसा. थाना क्षेत्र के मारर लडडू टोला, भलवाहिया गांव, सराय साहों बिचला टोला समेत कई गांवों में सनकी कुत्ते के आतंक से इलाके में दहशत का माहौल है. बीते दो दिनों में उक्त कुत्ते ने दर्जनों लोगों को काटकर घायल कर दिया. घायल लोगों को परिजनों द्वारा आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के लिए परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार तो किया गया, लेकिन एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों व उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. घायलों में थाना क्षेत्र के भलवाहिया गांव निवासी धूपलाल राय के पुत्र राजेश राय, मारर लडडू टोला गांव निवासी उपेंद्र राय की पुत्री निशा कुमारी तथा दरियापुर थाना क्षेत्र के सराय साहों बिचला टोला गांव निवासी शिवनाथ राय सहित कई अन्य लोग शामिल हैं.घायलों ने बताया कि सोमवार से ही एक कुत्ता अचानक सनकी हो गया है.जो कल से आज तक अलग-अलग गांवों में घूमकर लोगों पर हमला कर रहा है और अब तक दर्जनों लोगों को काट चुका है. पीड़ितों ने बताया कि सभी घायल इलाज के लिए परसा सीएचसी पहुंच रहे हैं. लेकिन वहां एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं है. ऐसे में मजबूरी में बाजार से करीब चार सौ रुपये में वैक्सीन खरीदकर इलाज कराना पड़ रहा है. इससे गरीब व सामान्य परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और लोगों में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आक्रोश है.इस संबंध में स्वास्थ्य प्रबंधक शिवकुमार पासवान ने बताया कि 21 जनवरी 2026 से एंटी-रेबीज वैक्सीन का स्टॉक समाप्त हो गया है. इसकी लिखित सूचना स्वास्थ्य विभाग को देते हुए वैक्सीन की मांग की गयी है. जैसे ही स्वास्थ्य विभाग से एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध होगी, उसी दिन से सीएचसी में लोगों को उपलब्ध करा दी जायेगी. इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से सनकी कुत्ते को पकड़ने और इलाके में तत्काल एंटी-रेबीज वैक्सीन की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आगे किसी बड़े हादसे से बचा जा सके. The post परसा प्रखंड में सनकी कुत्ते ने दो दिनों में दर्जनों लोगों को काटा appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

झुमरीतिलैया नगर परिषद : अध्यक्ष पद के लिए सात नामांकन

चुनाव. नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन भी उमड़ी भीड़, आज नामांकन का अंतिम दिन झुमरीतिलैया. नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन प्रखंड मुख्यालय कोडरमा में मंगलवार को भी भारी गहमा गहमी रही. अध्यक्ष पद के साथ ही विभिन्न 28 वार्ड से पार्षद पद के लिए नामांकर दाखिल करने को लेकर प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे. इस दौरान समर्थक ढोल नगाड़ा के बीच अपने प्रत्याशी के पक्ष में नारेबाजी करते रहे. मंगलवार को झुमरीतिलैया नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवारों ने निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता पूनम कुजुर के समक्ष नामांकन प्रपत्र दाखिल किया. इसमें राजेंद्र कुमार जायसवाल, सुमन कुमार उर्फ विक्की यादव, कामेश्वर महतो, दिलीप प्रसाद वर्मा, निवर्तमान उपाध्यक्ष संतोष कुमार, वीरेंद्र प्रसाद वर्मा, सुषमा सुमन शामिल हैं. जानकारी के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वालों में कामेश्वर महतो, दिलीप प्रसाद वर्मा, संतोष कुमार व सुषमा सुमन ने दो-दो सेट में नामांकन दाखिल किया, जबकि एक दिन पूर्व नामांकन करने वाले मनोज कुमार यादव ने मंगलवार को दूसरे सेट का नामांकन दाखिल किया. इसके साथ ही अध्यक्ष पद के लिए अब तक कुल 11 नामांकन प्रपत्र दाखिल हो चुका है. बता दें कि निकाय चुनाव को लेकर चार फरवरी को नामांकन का अंतिम दिन है. ऐसे में इस दिन बचे हुए सभी दावेदार नामांकन प्रपत्र दाखिल करेंगे. जुलूस निकाल नामांकन करने पहुंचे, पर नहीं हो सका दाखिल नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने पहुंचे प्रत्याशी मुकेश कुमार का नामांकन कागजात अधूरा रहने की वजह से दाखिल नहीं हो पाया. हालांकि, इससे पहले मुकेश कुमार जुलूस की शक्ल में अपने समर्थकों के साथ प्रखंड मुख्यालय पहुंचे. वे नामांकन के लिए कार्यालय के अंदर भी गये, पर कागजात में कुछ त्रुटि की वजह से नामांकन दाखिल नहीं हो सका. मुकेश ने बताया कि वे चार फरवरी को नामांकन प्रपत्र दाखिल करेंगे. प्रत्याशियों ने गिनायी प्राथमिकताएं, किये दावे अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रपत्र दाखिल करने के बाद राजेंद्र कुमार जायसवाल ने कहा कि जनता का समर्थन मिला, तो शहर का चहुंमुखी विकास किया जायेगा. शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाना उनकी प्राथमिकता होगी. वहीं सुमन कुमार ने कहा कि शहर में जल निकासी के साथ रोड, नली-गली को दुरुस्त किया जायेगा. शहर में सफाई का हाल बुरा है. इसे सुधारा जायेगा. अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सुषमा सुमन ने कहा कि मैं वर्षों से जनता के बीच रही हूं. लोगों का समर्थन मिला तो शहर की तस्वीर बदली जायेगी. वहीं संतोष कुमार ने कहा कि मैं पहले भी जनता की सेवा कर चुका हूं. इस बार अगर जनता अध्यक्ष चुनती है, तो शहर का संपूर्ण विकास किया जायेगा. इसके अलावा अन्य प्रत्याशियों में कामेश्वर महतो, दिलीप कुमार वर्मा व वीरेंद्र प्रसाद वर्मा ने भी शहर का संपूर्ण विकास करते हुए सुविधाओं में इजाफा करने का दावा किया. The post झुमरीतिलैया नगर परिषद : अध्यक्ष पद के लिए सात नामांकन appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को लेकर कार्यशाला

जयनगर . हिंदुस्तान प्रशासन के सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय विकास कार्यालय रांची द्वारा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया. इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि बीडीओ गौतम कुमार ने किया. रांची से आये सहायक निदेशक सुरेंद्र शर्मा ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के बारे में विस्तार से बताया. तकनीकी सत्र में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के दिग्विजय राजा व विपिन कुमार द्वारा वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता, यूपीआई क्यूआर कोड की उपयोगिता तथा ई कॉमर्स के माध्यम से व्यापार विस्तार की जानकारी दी गयी. वहीं इस योजना के लाभार्थी विनोद कुमार ठाकुर नाई, कन्हैया कुमार सोनार को एसबीआई द्वारा एक-एक लाख ऋण की स्वीकृति दी गयी. मौके पर एलडीएम विमलकांत झा, एसबीआई प्रबंधक चंदन कुमार, जिला उद्यमी समन्वयक अघनु उरांव, मनोरंजन कुमार शर्मा, अशोक कुमार समेत करीब 100 करीगर शामिल थे. संचालन मनोरंजन कुमार शर्मा व धन्यवाद ज्ञापन उद्यव पाठक ने किया. डीवीसी कामगार यूनियन की बैठक आज जयनगर. डीवीसी कामगार यूनियन केटीपीएस की बैठक चार फरवरी को 12 बजे से फोरलेन चौक पर होगी. बैठक में जिप सदस्य महादेव राम, एटक उपाध्यक्ष सोनिया देवी, भाकपा जिला मंत्री अर्जुन यादव, पूर्व उप प्रमुख वीरेंद्र यादव, किसान सभा के अध्यक्ष महेश प्रसाद सिंह, एटक जिलाध्यक्ष विनोद पासवान, दशरथ पासवान, उदय हिंदुस्तानी, अमर परमार मुख्य रूप से शामिल हाेंगे. यह जानकारी दशरथ पासवान ने दी. The post प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को लेकर कार्यशाला appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

इबादत व दुआओं में गुजरी रात, मगफिरत के लिए कब्रिस्तानों में उमड़े अकीदतमंद

छपरा. शब-ए बारात पर मुसलमान भाईयों ने पूरी रात इबादत की और अपने अजीजों व पुरखों के लिए मगफिरत (मोक्ष) की दुआएं मांगी. शाम होते ही शहर के करीमचक, राहत रोड नयी बाजार, गुदरी, खनुआ, ब्रह्मपुर, सहित अन्य मुस्लिम इलाके में चहल पहल बढ़ने लगी. मस्जिद व कब्रिस्तान रोशनी से जगमगा उठे. महफिलों में उलेमा ने तकरीर कर इस रात की अहमियत पर रोशनी डाली. ईशा की नमाज के बाद कुरान की तिलावत, इबादत और कब्रिस्तानों की जियारत शुरू हुई. लोगों ने अपने पूर्वजों के मगफिरत की दुआएं मांगी. घरों में तरह-तरह के हलवे बनाने की परंपरा भी निभाई गयी. वहीं खिचड़ा बनाकर फातेहा और गरीब, रिश्तेदारों व दोस्तों को तकसीम किया गया. वैसे तो शब-ए-बरात सादगी से मनाया जाता है. मगर बच्चों ने आतिशबाजी करके इसका लुत्फ भी उठाया. कब्रिस्तान और मस्जिदों तक पहुंचने में लोगों को दिक्कत न हो इसके लिए रोशनी का प्रयाप्त इन्तेजाम किया गया था. इसी बहाने मस्जिद और कब्रिस्तान में रंगीन लाइट की खूब सजावट की गयी, जिससे माहौल उत्सवी और खुशनुमा हो उठा. हालांकि जियारत के लिए बाहर निकलने वालों की तादाद में कमी दिखी और लोगों ने घरों या मस्जिद में इबादत करने और दुआ मांगने को तरजीह दिया. शब-ए-बरात मनाने की परम्परा मौलाना नेसार अहमद मिस्बाही के अनुसार ईस्लामिक कैलेंडर के आठवें महीने को शाबान कहते हैं और उस महीने की 15वीं तिथि को शब-ए-बारात के नाम से जाना जाता है. मुस्लिम समुदाय के बीच इसे वह रात मानी जाती है जब अल्लाह ताला की अपने बंदों की तरफ खास तवज्जो होती है. बंदों के पास यह मौका होता है कि गुनाहों की माफी मांग ली जाय. साथ ही अल्लाह से उन तमाम लोगों के भी गुनाह माफ कर उन्हें जन्नत में जगह देने की दुआ करते हैं जो दुनिया से गुजर गये हैं. The post इबादत व दुआओं में गुजरी रात, मगफिरत के लिए कब्रिस्तानों में उमड़े अकीदतमंद appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

निकाय चुनाव : गेंदा फूल की माला की डिमांड बढ़ी

: नामांकन की प्रकिया तेज, लोकतंत्र के उत्सव में गेंदे की खुशबू भी अहम भूमिका निभा रही है झुमरीतिलैया. त्योहारों के साथ-साथ निकाय चुनाव की घोषणा ने झुमरी तिलैया नगर पर्षद, कोडरमा नगर पंचायत के फूल बाजार को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है. शहरी इलाकों में अध्यक्ष और वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के नामांकन के साथ ही फूलों की मांग में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है. आलम यह है कि समर्थकों के उत्साह और प्रत्याशियों की रैलियों ने फूल कारोबारियों के बिजनेस को चार चांद लगा दिया है. शहर के प्रमुख विक्रेताओं में शामिल नीरज मालाकार का कहना है कि चुनावी सीजन में गेंदा फूल की डिमांड रहती है, खासकर पीला और आरेंज गेंदा लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. समर्थकों का मानना है कि जब तक नेताजी के गले में भारी-भरकम गेंदे की माला न हो और उनके काफिले की गाड़ियां फूलों से न लदी हों, तब तक जीत वाला माहौल नहीं बनता. बढ़ती मांग को देखते हुए व्यापारियों ने कोलकाता, वाराणसी, धनबाद और रांची से आने वाली खेप को दोगुना कर दिया है. विक्रेता नीरज मालाकार बताते हैं कि चुनाव के दौरान गेंदा फूल माला 30 से 40 रुपये में बिक रहा है, लेकिन लग्न शुरू होने के बाद फूलों के दाम में और बढ़ोतरी होगी. फिलहाल झुमरी तिलैया की सड़कों पर फूलों से सजी गाड़ियां और माला पहने प्रत्याशी बता रहे हैं कि लोकतंत्र के उत्सव में गेंदे की खुशबू भी अहम भूमिका निभा रही है. वही गुलाब के फूल 15 से 20 रुपये बिक रहे हैं. The post निकाय चुनाव : गेंदा फूल की माला की डिमांड बढ़ी appeared first on Naya Vichar.

ताजा ख़बर, मुख्य खबर

शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ को लेकर कलश यात्रा

मरकच्चो. प्रखंड के पपलो में श्री रूद्र महायज्ञ सह शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ. कलश यात्रा में 851 माताएं और कुंवारी कन्याएं शामिल हुईं. कलश यात्रा का शुभारंभ जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने किया. इस दौरान उनके साथ प्रमुख विजय सिंह, पूर्व प्रमुख सावित्री देवी, राजकुमार यादव, कैलाश यादव, मुखिया रंजीत कुमार सिंह, रविशंकर तिवारी, मुखिया चिंता देवी मुख्य रूप से मौजूद थे. कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु खंडराडीह, विधनिया, बेको आदि गांवों का भ्रमण करते हुए उत्तर वाहिनी बराकर नदी के तट पर पहुंचे, जहां कलश में जल भरा गया. यहां से सभी पपलो स्थित यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां विधि-विधान से कलश स्थापित किया गया. पूरे कार्यक्रम में अयोध्या से आये यज्ञाचार्य ओम प्रकाश शास्त्री एवं महायज्ञ के निदेशक संत श्रीराम मुकुंद दास के अलावा यज्ञ समिति के अध्यक्ष उपेंद्र यादव, अशोक दास, दिवाकर तिवारी, अनुराधा सीता, पंसस नितिनचंद्र गुप्ता, रवींद्र पांडेय, शिवशंकर यादव, उमेश यादव, महेश यादव, मुरारी पासवान, प्रयाग यादव, दशरथ यादव, इंद्रदेव यादव, कामेश्वर यादव, बलदेव यादव, चंद्रदेव यादव, सकलदेव यादव आदि मौजूद थे. बताया गया कि कथा व्यास आचार्य दीदी मनोरमा शास्त्री (सीतापुर) व कथावाचिका अवधेश प्रिया (अयोध्या) द्वारा प्रतिदिन संध्या को संगीतमय श्रीराम कथा की जायेगी. The post शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ को लेकर कलश यात्रा appeared first on Naya Vichar.

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top