कारों की दुनिया में डिजाइन और तकनीक लगातार बदल रही है. इलेक्ट्रिक वाहनों में सबसे चर्चित फीचर रहा है फ्लश या हिडन डोर हैंडल, जो कार की बॉडी में समा जाते हैं और जरूरत पड़ने पर बाहर आते हैं. लेकिन अब चीन ने इस ट्रेंड पर रोक लगाने का बड़ा फैसला लिया है.
चीन का नया नियम
चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने घोषणा की है कि 1 जनवरी 2027 से देश में बिकने वाली सभी नई पैसेंजर कारों में मैकेनिकल डोर रिलीज मैकेनिज्म होना अनिवार्य होगा. यह नियम सभी दरवाजों पर लागू होगा, सिवाय टेलगेट के. जिन मॉडलों को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, उन्हें 1 जनवरी 2029 तक बदलाव का समय दिया गया है.
क्यों उठी चिंता?
हाल के वर्षों में कई गंभीर हादसों में इलेक्ट्रिक कारों के फ्लश हैंडल काम नहीं कर पाए. बिजली सप्लाई बाधित होने पर दरवाजे नहीं खुले और यात्री अंदर फंसे रह गए.
- इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम पर पूरी तरह निर्भर हैंडल आपात स्थिति में खतरा बन सकते हैं
- बाहर से कार खोलना मुश्किल हो जाता है
- मोटर, सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक्स पर आधारित ये हैंडल कार का वजन और लागत बढ़ाते हैं
- कुछ मामलों में यूजर्स को जानकारी न होने की वजह से प्रेस-टाइप हैंडल से हल्की चोटें भी आईं.
हिंदुस्तान में क्या स्थिति है?
हिंदुस्तान में फिलहाल फ्लश हैंडल ज्यादातर प्रीमियम कारों और इलेक्ट्रिक वाहनों तक सीमित हैं. अधिकांश कारें अभी भी मैकेनिकल हैंडल का इस्तेमाल करती हैं. हालांकि, नये EV मॉडल्स में इनका चलन बढ़ रहा है.
- कंपनियां इन्हें स्लीक डिजाइन और मामूली एयरोडायनामिक लाभ बताकर प्रमोट करती हैं
- लेकिन रोजमर्रा की ड्राइविंग में इनका कोई खास फायदा नहीं दिखता
- उल्टा, ये सिस्टम कार को जटिल बनाते हैं और कीमत बढ़ाते हैं.
हिंदुस्तान को क्या करना चाहिए?
विशेषज्ञ मानते हैं कि हिंदुस्तान में भी इन हैंडल्स की सुरक्षा और उपयोगिता पर नियामकों को गंभीरता से विचार करना चाहिए. अगर इनसे वास्तविक लाभ नहीं मिलता और सुरक्षा जोखिम बढ़ता है, तो नियम बनाना जरूरी है. हिंदुस्तान में EV मार्केट तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में समय रहते कदम उठाना भविष्य के लिए सुरक्षित रहेगा.
यह भी पढ़ें: Mercedes-Benz की नई इलेक्ट्रिक सेडान CLA EV करेगी हिंदुस्तान में एंट्री, EV टच के साथ मिलेगा स्टाइलिश लुक
The post नये जमाने की कारों के फ्लश डोर हैंडल पर क्यों लग रहा बैन? क्या हिंदुस्तान में भी लगेगी रोक? appeared first on Naya Vichar.

