– परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
– बिजली विभाग का चल रहा खंभा खड़ा करने का कार्य, जेई ने नहीं काटी बिजली
खगड़िया. मानसी थाना क्षेत्र के पूर्वी ठाठा पंचायत के वार्ड संख्या 10 में बिजली विभाग के पोल खड़ा करने के दौरान मजदूर की करंट लगने से मौत हो गयी. घटना शुक्रवार दोपहर की बतायी जा रही है. पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. बताया जाता है कि पूर्वी ठाठा पंचायत के वार्ड संख्या 5 निवासी भेटर दास के 55 वर्षीय पुत्र राजकुमार दास की करंट लगने से मौत हो गयी. मृतक के परिजनों ने बताया कि राजकुमार दास बिजली विभाग के प्राइवेट मजदूर था. शुक्रवार की सुबह ठाठा गांव वार्ड संख्या 10 में बिजली खंभा खड़ा करने गया था. राजकुमार दास के साथ लगभग एक दर्जन मजदूर भी था. हाइड्रा मशीन से बिजली खंभा को खड़ा किया गया. मजदूर राजकुमार बिजली खंभा को पकड़कर खड़ा था. इसी दौरान 11 हजार वोल्ट की तार में बिजली खंभा का स्पर्श हो गया. जिसके कारण मजदूर राजकुमार दास की करंट लग गयी. राजकुमार को करंट लगते ही मजदूरों के बीच अफरा-तफरा मच गयी. मजदूरों ने जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सक ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया.
बिजली विभाग की लापरवाही से हुआ हादसा
परिजन व प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से राजकुमार की मौत हुई है. मृतक का पुत्र अनुभव कुमार ने बताया कि बलराम नामक बिजली ठेकेदार के कहने पर पिता राजकुमार काम करने गए थे. बताया कि बिजली विभाग को पहले से जानकारी था कि पूर्वी ठाठा पंचायत के वार्ड संख्या 10 में बिजली खंभा खड़ा किया जा रहा है. मजदूरों द्वारा बिजली विभाग के जेई को बिजली काटने को कहा गया. लेकिन, जेई नहीं सुना. बताया कि बिजली विभाग के कर्मी से शट डाउन देने को कहा गया. मजदूरों पर ठेकेदार का जल्दी जल्दी कार्य करने का दबाव था. इसी दौरान हाइड्रा मशीन से बिजली खंभा को खड़ा किया. मजदूर खंभा को पकड़ने के दौरान हादसे का शिकार हो गया.
16 दिन बाद बेटी की होनी थी शादी, चल रही थी तैयारी
बताया जाता है कि राजकुमार दास को तीन पुत्र व चार पुत्री है. एक पुत्री की शादी हो चुकी है. दूसरी बेटी की शादी 22 फरवरी को होनी थी. बीते 30 जनवरी को बेटी की तिलक कार्यक्रम किया गया था. शादी समारोह की तैयारी चल रही थी. शादी के लिए टेंट व खरीदारी शुरू था. पिता शादी के लिए रुपये व सामग्री एकत्रित कर रहे थे. घर में शादी को लेकर खुशी का माहौल था. पुत्र प्रदेश में मजदूरी करता है. दो दिनों के बाद पुत्र गांव आने वाले थे. लेकिन, इसी दौरान हादसा हो गया. घर के एकलौता कमाऊ व्यक्ति की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. ग्रामीणों ने बताया कि दो पुत्री की शादी करनी थी. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मुआवजा की मांग की है. परिजनों ने ठेकेदार से भी मुआवजे की मांग की पर शाम तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया. मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग के ठेकेदार से दस लाख रुपये की मांग की है.
कहते हैं बिजली विभाग के जेई
विद्युत कनीय अभियंता विकास कुमार सिंह ने बताया कि ठाठा गांव में बिजली खंभा खड़ा करने के दौरान मजदूर की मौत हुयी है. 11 हजार वोल्ट की तार के संपर्क में आने से हादसा हुयी है. मामले की जांच की जा रही है.
कहते हैं थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. बताया कि प्राइवेट मिस्त्री की बिजली करंट लगने से मौत हुयी है. मामले की जांच की जा रही है.
The post बिजली खंभा खड़ा करने के दौरान मजदूर की करंट से मौत appeared first on Naya Vichar.
