नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। नगर पंचायत मुसरीघरारी क्षेत्र में जल्द ही GIS (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित मानचित्रण एवं संपत्ति सर्वेक्षण का कार्य शुरू किया जाएगा। नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार प्रशासन, पटना के पत्रांक 2901 दिनांक 25 मई 2024 के आलोक में इस कार्य के लिए जीआईएस कंसोर्टियम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को अधिकृत किया गया है। यह जानकारी कार्यपालक पदाधिकारी मुसरीघरारी राकेश रंजन ने दी।
उन्होंने बताया कि अधिकृत एजेंसी के कर्मी नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत निर्मित सभी भवनों में जाकर उनकी संपूर्ण जानकारी एकत्र करेंगे। इसके तहत भवन का मापीकरण, उपयोग की स्थिति, निर्माण से जुड़ी जानकारी और भवन से संबंधित अन्य आवश्यक विवरण दर्ज किए जाएंगे। साथ ही भवन से जुड़े खाली भूखंड या जमीन के संबंध में भी पूरा विवरण लिया जाएगा।
सर्वेक्षण कार्य के दौरान यदि आवश्यक हुआ तो एजेंसी के कर्मी भवन स्वामी से अनुमति प्राप्त कर किसी भी परिसर की जांच कर सकते हैं। जांच पूरी होने के बाद प्रत्येक भवन पर एक यूनिक कोड युक्त नंबर प्लेट लगाई जाएगी, जिससे संपत्ति की पहचान डिजिटल रूप से सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा संबंधित भवन की फोटोग्राफी भी की जाएगी।
नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पूरा कार्य एजेंसी द्वारा पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा। इसके लिए किसी भी भवन स्वामी से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। नगर पंचायत क्षेत्र के सभी भवन स्वामियों, कर्मियों एवं पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे इस सर्वेक्षण कार्य में प्रतिनियुक्त एजेंसी को पूरा सहयोग प्रदान करें, ताकि कार्य समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा हो सके।
इस कार्य के लिए विभागीय नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रभा कुमारी एवं तौसीफ आलम को प्राधिकृत किया गया है। किसी भी प्रकार की विशेष जानकारी या समस्या के समाधान हेतु नागरिक प्रत्येक कार्य दिवस को कार्यालय समय में उनसे संपर्क कर सकते हैं। नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार यह सर्वे भविष्य की नगर नियोजन और विकास योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।