Tejashwi Yadav : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार प्रशासन पर हमला बोलते हुए शराबबंदी को सबसे बड़ा ‘सांस्थानिक भ्रष्टाचार’ करार दिया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में तेजस्वी ने आरोप लगाया कि शराबबंदी के नाम पर बिहार में 40 हजार करोड़ रुपये की एक समानांतर अवैध वित्तीय स्थिति खड़ी हो गई है, जिसका सीधा फायदा शराब माफिया और शासन-प्रशासन के नापाक गठजोड़ को मिल रहा है.
10 साल में क्या बदला? तेजस्वी का सीधा सवाल
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि शराबबंदी लागू हुए एक दशक बीत चुका है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट दिखाई देती है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस कानून के बावजूद बिहार में अवैध शराब का नेटवर्क मजबूत हुआ है और एक समानांतर वित्तीय स्थिति खड़ी हो गई है.
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शराबबंदी कानून की विफलता पर बिहार प्रशासन पर हमला करते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी लागू हुए 10 साल पूरे हो गए, लेकिन यह कानून पूरी तरह विफल साबित हुआ है. 10 साल में 16 लाख से ज्यादा लोग गिरफ्तार हुए और 5 करोड़ लीटर से अधिक शराब जब्त की गई. इसके… pic.twitter.com/obxqKFoQLl
— Naya Vichar (@prabhatkhabar) April 6, 2026
तेजस्वी ने दावा किया कि अब तक 11 लाख से अधिक केस दर्ज हुए और 16 लाख लोगों की गिरफ्तारी हुई है. इसके साथ ही 5 करोड़ लीटर से ज्यादा शराब जब्त की गई है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद हो रही है, तो आखिर इसकी सप्लाई चेन कहां से संचालित हो रही है.
गिरफ्तारी गरीबों की, माफिया आजाद
अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का सबसे ज्यादा असर गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग पर पड़ा है. तेजस्वी के अनुसार, बड़े तस्कर और नेटवर्क से जुड़े लोग अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं, जबकि छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई हो रही है.
तेजस्वी यादव ने शासन-प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर रोज हजारों लीटर शराब पकड़ी जा रही है, तो यह साफ संकेत है कि सिस्टम के भीतर कहीं न कहीं गड़बड़ी है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सिर्फ जब्ती नहीं, बल्कि खपत के वास्तविक आंकड़े भी सार्वजनिक किए जाएं.
58 साल बनाम 10 साल
शराबबंदी को लेकर प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने इतिहास के पन्ने पलटे हैं. उन्होंने बताया कि 2005 तक पूरे बिहार में केवल 3000 शराब की दुकानें थीं, लेकिन 10 वर्षों के भीतर यह संख्या बढ़कर 6000 हो गई.
जिस बिहार में प्रतिवर्ष औसतन 51 दुकानें खुलती थीं, वहां मौजूदा प्रशासन हर साल 300 दुकानें खुलने लगीं. तेजस्वी का आरोप है कि पहले बिहार प्रशासन ने हर घर तक शराब पहुंचाई और अब सुधारक बनने का ‘स्वांग’ रच रहे हैं ताकि भ्रष्टाचार का नया रास्ता खुल सके.
Also Read: सीएम नीतीश के कार्यक्रम में निशांत कुमार जिंदाबाद के लगे नारे, गेस्ट हाउस का किया उद्घाटन
The post शराबबंदी फेल या सिस्टम ? तेजस्वी यादव ने बिहार प्रशासन से पूछा सवाल- 40 हजार करोड़ की काली कमाई का जिम्मेदार कौन? appeared first on Naya Vichar.

