UP News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार शाम वायुसेना के विशेष विमान से वाराणसी पहुंचे. शाम करीब 6:48 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. करीब 10 मिनट एयरपोर्ट पर रुकने के बाद रक्षा मंत्री शहर के लिए रवाना हो गए. गुरुवार को उनके कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे.
बाबा विश्वनाथ का करेंगे दर्शन-पूजन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार सुबह करीब 11 बजे होटल से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना होंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:15 से 11:45 बजे तक वह मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद वह सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे, जहां सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे.
कई बड़े नेता होंगे मौजूद
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहेंगे. रक्षा मंत्री यहां युवा सेवा संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
काशी से वडनगर तक निकलेगी बाइक यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर काशी से वडनगर तक सेवा संकल्प बाइक यात्रा निकाली जा रही है. इसमें करीब 500 युवा शामिल होंगे. यात्रा को लेकर भाजपा की ओर से सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से लेकर लहरतारा तक पांच स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गयी है.
दोपहर बाद दिल्ली लौटेंगे राजनाथ
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. इसके बाद दोपहर में विशेष विमान से नयी दिल्ली लौट जाएंगे.
एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रक्षा मंत्री के आगमन को लेकर बाबतपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे. उनके स्वागत के लिए काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, मंत्री अनिल राजभर, मंत्री दयाशंकर मिश्र, विधायक अवधेश सिंह और सौरभ श्रीवास्तव समेत अन्य नेता मौजूद रहे.
Must Read: UP Politics: सपा ने इन 6 जिलों में बदले जिलाध्यक्ष, जानें किसे मिली कमान और क्यों चर्चा में हैं ये चेहरे
The post काशी में आज दिखेगा सियासी जमावड़ा, राजनाथ सिंह के साथ CM योगी और चंद्रबाबू नायडू होंगे मौजूद, युवा सेवा संकल्प यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी appeared first on Naya Vichar.

