अंतिचक थाना क्षेत्र अंतर्गत बुद्धासन मोड़ के पास कहलगांव-ओरियप पथ पर सड़क हादसे में एक वृद्धा की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि एक टोटो सड़क किनारे गड्ढे में पलटने से हादसा हुआ.
मृतका की पहचान बांका जिला के सजौर थाना क्षेत्र के चंद्रपुर निवासी 70 वर्षीय मधुवा देवी उर्फ मारो देवी के रूप में हुई है. घायलों में टोटो चालक कहलगांव निवासी गोलू कुमार (25), मृतका की पुत्री अमरपुर दौसा निवासी जितना देवी (55), पोती राधिका कुमारी (10) एवं नतनी नूतन कुमारी (19) शामिल हैं.
घटना के बाद अंतिचक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल कहलगांव पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मधुवा देवी को मृत घोषित कर दिया. अन्य चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया.
परिजनों के अनुसार सभी लोग कहलगांव में एक संबंधी के यहां भोज में शामिल होने आए थे. भोज के बाद मृतका ने बटेश्वर स्थान पर गंगा स्नान की इच्छा जताई, जिसके बाद पूरा परिवार टोटो से गंगा स्नान के लिए जा रहा था. इसी दौरान टोटो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही अंतिचक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और टोटो को कब्जे में ले लिया. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस संबंध में अंतिचक थानाध्यक्ष उमा शंकर ने बताया कि देर शाम तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.
The post bhagalpur news. सड़क हादसे में वृद्धा की मौत, चार घायल, सभी एक ही परिवार के appeared first on Naya Vichar.
