Bihar Ka Mausam: बिहार में ठंड ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से राज्य के अधिकांश जिलों में रात का पारा नीचे खिसकने वाला है. अनुमान है कि न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इसके साथ ही कई शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने की संभावना है. हालांकि दिन के तापमान में किसी तरह के बड़े बदलाव के संकेत नहीं मिले हैं. अगले करीब एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहने की ही उम्मीद है. वहीं, सुबह के समय बिहार के कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है.
औरंगाबाद रहा सबसे ठंडा शहर
शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली उछाल दर्ज किया गया. राज्य में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री से 19.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अधिकतम तापमान 27.2 से 31.6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया. मोतिहारी शुक्रवार को 31.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि औरंगाबाद राज्य का सबसे ठंडा शहर बना, जहां न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, पूर्णिया में विजिबीलीटी घटकर 800 मीटर तक पहुंच गई, जो शुक्रवार का सबसे कम स्तर रहा.

शनिवार को पटना में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी पटना में भी मौसम बदलाव के संकेत दिखने लगे हैं. शनिवार को यहां आसमान साफ रहेगा, जिससे लोगों को धूप का पूरा एहसास मिलेगा. सुबह और शाम में हल्की ठंड का असर बना रहेगा. शुक्रवार को पटना के तापमान में हल्की उथल-पुथल देखी गई. अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री बढ़कर 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. जबकि न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री गिरकर 17.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में रात की ठंड और अधिक बढ़ सकती है, जबकि दिन में मौसम सामान्य ही बना रहेगा.
Also Read: बिहार मंत्रिमंडल 2025: नीतीश कैबिनेट में राजपूतों का दबदबा, कुर्मी-कुशवाहा से बने 5 मंत्री, देखें पूरी लिस्ट
The post Bihar Ka Mausam: बिहार में ठंड ने बढ़ाई रफ्तार, आज से 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान, जानिए पटना में कैसा रहेगा मौसम appeared first on Naya Vichar.

