Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

मांगो के समर्थन में आशा एवं आशा फैसिलिटेटर ने दिया धरना 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को बिहार राज्य आशा एवं आशा फैसिलिटेटर संघ से संबौद्ध बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के आह्वान पर प्रखंड मंत्री पिंकी ईश्वर के नेतृत्व में धरना एवं प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में आठ माह से बकाया मानदेय की राशि का भुगतान करने, सभी योग्य आशा एवं आशा फैसिलिटेटर को नियमित कर समायोजित करने, सभी आशा एवं आशा फैसिलिटेटर को प्रति माह 26हजार रुपए भुगतान करने, सभी राष्ट्रीय कार्यक्रम का बकाया प्रोत्साहन राशि भुगतान का करने की मांग शामिल हैं। कर्मचारी संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि उपयुक्त मांगे पूरी नहीं की जाती हैं तो आगामी 1 अप्रैल से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा। मौके पर शैलेंद्र कुमार, अनिला कुमारी, पुनीता कुमारी, रंजना सिंहा, देवंती देवी, विनीता कुमारी, अमृता कुमारी,रीता कुमारी, बबिता, अंजू, ललिता,सरिता, रिंकू सहित सभी आशा एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

समस्तीपुर

जिला गंगा समिति द्वारा गंगा स्वच्छता एवं जल महोत्सव पखवाड़ा का किया गया आयोजन

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – आज दिनांक 19 मार्च को जिला गंगा समिति द्वारा गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन जी एम आर डी महाविद्यालय मोहनपुर में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ विधान चंद्र हिंदुस्तानी,जिला परियोजना पदाधिकारी जिला गंगा समिति नीरजेश कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद पटोरी अजय कुमार,एन एस एस जिला नोडल अधिकारी डॉ लक्ष्मण यादव, प्रो सुनील कुमार, प्रो संतोष कुमार, डॉ सुनील कुमार, स्वयंसेवक रजनीश कुमार स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन 16 मार्च से 31 मार्च तक किया जाना है।जिसमें विभिन्न गतिविधि को आयोजित करना है।कार्यक्रम में जल अर्पण,ज्ञान प्रतियोगिता (चित्रकला,क्विज,रंगोली), स्वच्छता हेतु शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसमें एन एस एस के स्वयंसेवक,कॉलेज के सैकड़ों छात्र छात्राएं ने भाग लिया। युवाओं ने कार्यक्रम में जल संरक्षण एवं नदी संरक्षण पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आम जनमानस को जागरूक किया। ज्ञान प्रतियोगिता के चित्रकला में प्रथम स्थान पिंकी, द्वितीय स्थान लिशु, तृतीय स्थान अभिषेक कुमार गुप्ता,क्विज प्रतियोगिता के प्रथम हिमांशु,द्वितीय काजल, तृतीय सुधांशु एवं रंगोली प्रतियोगता में प्रथम पिंकी, द्वितीय बबली, तृतीय अंकित स्थान प्राप्त किया।सभी अव्वल प्रतिभागी को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।बबलू,आदर्श,पिंकी,मुस्कान इत्यादि युवाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

समस्तीपुर

निजी अस्पताल में लूटपाट के दौरान एक लूटेरा धराया, दूसरा फरार

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रुपौली स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार की रात लूटपाट के दौरान अस्पताल कर्मियों ने एक लुटेरे को धर दबोचा। वहीं दूसरा लूटेरा भागने में सफल रहा। धराये लुटेरे की पहचान नगर थाना क्षेत्र के आर. एन. ए.आर .कॉलेज के समीप रहने वाले निरंजन कुमार सिंह के पुरुष रितिक राज एवं फरार लूटेरा की पहचान चांदना पेट्रोल पंप समस्तीपुर के समीप रहने वाले निकेश कुमार के पुत्र सत्यम कुमार सिंह के रूप में की गई है। इस घटना को लेकर बुधवार को मुसरीघरारी थाना कांड सं. 44/26 दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी में मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गोहदा रुपौली निवासी स्व. मो. शमीउद्दीन के पुत्र मो.अरमान ने कहा है कि मंगलवार की देर शाम में वह अपने भाई के निजी अस्पताल जीवन अस्पताल में बैठा था, जो एन एच 28 किनारे स्थित है। उनका भाई मो. सलाउद्दीन ईद की खरीदारी के लिए बाजार गया हुआ था। उनकी अनुपस्थिति में दवा दुकान का काउंटर वही संभाले हुए था। इस बीच रात्रि के करीब 9:45 बजे दो युवक अस्पताल के अंदर घुसे। इसमें एक ने उनकी कनपटी में पिस्टल सताते हुए कहा कि जो भी कैश तुम्हारे पास है दे दो, वरना गोली मार दूंगा। साथ ही उसने दवा दुकान के गल्ले से 48 हजार 350 रुपए निकाल लिए। इसके बाद दोनों लुटेरे भागने लगे। उनके द्वारा शोर मचाने पर अस्पताल के सभी कर्मी बाहर निकले। इसमें पिस्टल के साथ एक लुटेरे को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। बाद में धराए लुटेरे को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया।

समस्तीपुर

समस्तीपुर में जिला पदाधिकारी बंदी दरबार का आयोजन

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – श्री रोशन कुशवाहा (भा०प्र०से०) जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर द्वारा मंडल कारा, समस्तीपुर में बंदी दरबार का आयोजन हेतु कारा पर आगमन के उपरान्त सुरक्षा कर्मियों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। तदोपरान्त जिला पदाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स विकास योजना के अन्तर्गत कारा कर्मियों हेतु कारा परिसर में नव अधिष्ठापित ओपेन जिम का उद्घाटन किया गया। ओपेन जिम का विधिवत् उद्घाटन के उपरान्त जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर की अध्यक्षता में मंडल कारा, समस्तीपुर के अन्दर बंदी दरबार का आयोजन किया गया। बंदी दरबार में पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर की ओर से पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) श्री नरेन्द्र शर्मा पुलिस केन्द्र, समस्तीपुर, काराधीक्षक श्री प्रशान्त कुमार ओझा, प्रभारी उपाधीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह, सहायक अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा पटेल, श्रीमती कंचन कुमारी सहित कारा के सुरक्षा कर्मियों एवं कारा में संसीमित बंदी उपस्थित रहे। सर्वप्रथम काराधीक्षक श्री प्रशान्त कुमार ओझा द्वारा जिला पदाधिकारी को पौधा से सम्मानित किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा बंदी दरबार में उपस्थित सभी बंदियों से उनकी शिकायत निवारण हेतु व्यक्तिगत एवं सामुहिक समस्या / सुझाव पूछे गये बंदियों द्वारा कारा में विद्युत आपूर्ति बाधक होने पर पानी की उपलब्धता हेतु 06 चापाकल लगवाने एवं भीषण गर्मी से बचाव हेतु वाटर कुलर उपलब्ध कराने हेतु लिखित आवेदन देकर अनुरोध किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा बंदियों को आश्वासन दिया गया कि बंदी हित में कारा में चापाकल एवं वाटर कुलर यथाशीघ्र उपलब्ध करा दिया जाएगा। उनके द्वारा बताया गया कि विद्युत की आपूर्ति के लिए सोलर उपकरण हेतु संबंधित विभाग यथा ब्रेडा आदि को उपकरण लगाने हेतु निदेशित किया जाएगा तथा नया जनरेटर खरीदने हेतु विभाग को अनुशंसा भेजी जाएगी। उन्होंने काराधीक्षक को निदेश दिया कि इस संबंध में संबंधित विभाग से यथाशीघ्र पत्राचार करें। कुछ बंदियों द्वारा बंदी दरबार में अपने व्यक्तिगत पारिवारिक जमीनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन समर्पित किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी को समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि कारा की व्यवस्था सुधार की ओर प्रगतिशील है। कारा में बंदियों की समस्याओं को न्युनतम करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बंदियो से नकारात्मक सोंच के उपर उठकर रचनात्मक कार्यों यथा कारा में चलायी जा रही मिथिला पेंटिंग प्रशिक्षण, शैक्षणिक प्रशैक्षणिक प्रशिक्षणों में बढ़-चढ़कर सम्मलित होने को कहा ताकि बंदी कारामुक्त होने के उपरान्त स्वावलंबी होकर अपना स्वयं की रोजगार स्थापित कर सके। उन्होने सभी बंदियों को व्यवसायिक प्रशिक्षणों में बढ़-चढ़कर भाग लेने को कहा। बंदियों की अन्य किसी भी प्रकार की कोई समस्या/सुझाव नहीं होने पर काराधीक्षक द्वारा जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर को मिथिला पेंटिंग की प्रतीक चिन्ह समर्पित कर बंदी दरबार समाप्ति की अनुमति प्राप्त की गयी।

समस्तीपुर

मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की इस वर्ष की प्रथम बैठक का आयोजन

शुद्ध सरल और व्यवहारिक हिंदी के प्रयोग पर ज़ोर नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – समस्तीपुर मंडल में आज राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2026 की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता माननीय मंडल रेल प्रबंधक महोदय द्वारा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत राजभाषा अधिकारी सह सहायक कार्मिक अधिकारी द्वारा की गई, जिन्होंने बैठक की कार्यसूची प्रस्तुत करते हुए राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। बैठक में अपर मुख्य रजभाषा अधिकारी सह अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री सन्नी सिन्हा द्वारा स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया गया, जिसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा ने अध्यक्षीय संबोधन दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “समस्तीपुर मंडल पूर्णतः हिंदी भाषी क्षेत्र में स्थित है, जहाँ आमजन अपने अधिकांश कार्य हिंदी में ही करते हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि कार्यालयीन कार्यों में भी शुद्ध, सरल एवं व्यवहारिक हिंदी का प्रयोग बढ़ाया जाए, जिससे हिंदी का वास्तविक विकास एवं व्यापक प्रसार सुनिश्चित हो सके”। बैठक के दौरान रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित मानक कार्यसूची के अनुसार विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने अपने-अपने विभागों में हिंदी के प्रयोग की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए उपयोग बढ़ाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए। विशेष रूप से यह जोर दिया गया कि नोटिंग, ड्राफ्टिंग, पत्राचार तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता दी जाए। बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि राजभाषा हिंदी केवल संवैधानिक दायित्व ही नहीं, बल्कि जनसंपर्क को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम भी है। हिंदी के व्यापक प्रयोग से न केवल प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ती है, बल्कि आम नागरिकों के साथ संवाद भी अधिक सरल और सहज हो जाता है। अंत में अध्यक्ष महोदय की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई तथा राजभाषा अधिकारी सह सहायक कार्मिक अधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस बैठक में सभी शाखाधिकारी उपस्थित रहे। समस्तीपुर मंडल द्वारा राजभाषा हिंदी के संवर्धन एवं उसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और जनसंपर्क दोनों को सुदृढ़ किया जा सके।

समस्तीपुर

समस्तीपुर में तेल एवं एलपीजी गैस कि नहीं है कमी जिला प्रशासन ने कोईसमस्या होने पर दूरभाष नंबर किया सार्वजनिक

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर– तेल एवं प्राकृतिक गैस (LPG) की उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर आमजन को होने वाली कठिनाईयों के निदान हेतु खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार, पटना से प्राप्त निदेश के आलोक में समस्तीपुर जिलान्तर्गत एक नियंत्रण कक्ष (Control Room) की स्थापना की गई है, जो प्रतिदिन 07:00 बजे पूर्वाह्न से 09:00 बजे अपराह्न तक कार्य करेगा। उक्त अवधि में आमजन अपनी समस्याओं या हो रही कठिनाईयों से उक्त नियंत्रण कक्ष (Control Room) के दूरभाष संख्याः 06274-222300 पर शिकायत कर सकते हैं। जिला में घरेलु उपयोग के लिए रसोई गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है, अनावश्यक भ्रामक समाचारों पर ध्यान न दें। गैस बुकिंग दर्ज होने के पश्चात दो से तीन दिनों के भीतर घरेलु गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूर्व की भांति घर पर सुनिश्चित की जा रही है। उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों / गोदामों के पास भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है। गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्र में घरेलु उपभोक्ताओं के अंतिम गैस सिलेंडरों की डिलिवरी के 25 दिनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलु उपभोक्ताओं के अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 45 दिनों के बाद गैस सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति है।

समस्तीपुर

जनगणना 2027: विधि महाविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निदेशक, जनगणना कार्य द्वारा निरीक्षण एवं समीक्षा

नया विचार न्यूज समस्तीपुर |निदेशक, जनगणना कार्य सह नागरिक निबंधन, बिहार, श्री एम. रामचंद्रुडु (भा.प्र.से.) द्वारा आज समस्तीपुर जिले का भ्रमण कर ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के प्रथम चरण हेतु विधि महाविद्यालय (Law College) में आयोजित प्रशिक्षण कार्य का व्यापक निरीक्षण एवं समीक्षा की गई। समस्तीपुर आगमन पर जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा द्वारा पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर निदेशक महोदय का आत्मीय स्वागत किया गया। प्रशिक्षण का सफल समापन: विधि महाविद्यालय में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की बारीकियों से सभी को अवगत कराया गया। निदेशक महोदय ने प्रशिक्षणार्थियों से सीधा संवाद किया और कार्य की शुद्धता व समयबद्धता पर विशेष बल दिया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री अशोक कुमार उपस्थित रहे। साथ ही भारी संख्या में प्रशिक्षणार्थी भी मौजूद थे। समीक्षा के दौरान निदेशक महोदय ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बिहार, समस्तीपुर

चलायी जा रही होली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – होली के उपरांत यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उनकी सुविधा के मद्देनजर पूर्व मध्य रेल के प्रमुख स्टेशनों से देश के विभिन्न शहरों के लिए चलायी जा रही होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन अवधि में विस्तार किया जा रहा जिनका विवरण निम्नानुसार है – 1. गाड़ी संख्या 04014 आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल – 16.03.2026 से 23.03.2026 तक प्रतिदिन 2. गाड़ी संख्या 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल – 17.03.2026 से 24.03.2026 तक प्रतिदिन 3. गाड़ी संख्या 05575 सहरसा-आनंद विहार स्पेशल – 18.03.2026 एवं 25.03.2026 मार्च (बुधवार) को 4. गाड़ी संख्या 05576 आनंद विहार-सहरसा स्पेशल – 24.03.2026 एवं 31.03.2026 मार्च (मंगलवार) को 5. गाड़ी संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल – 17.03.2026 से 29.03.2026 मार्च, 2026 तक प्रत्येक मंगल, शुक्र एवं रविवार को 6. गाड़ी संख्या 05580 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल – 19.03.2026 से 29.03.2026 मार्च, 2026 तक प्रत्येक गुरू, शुक्र एवं रविवार को 7. गाड़ी संख्या 06039 चेन्नई-बरौनी स्पेशल – 15.03.2026 एवं 22.03.2026(रविवार) को 8. गाड़ी संख्या 06040 बरौनी-चेन्नई स्पेशल – 18.03.2026 एवं 25.03.2026(बुधवार) को.

समस्तीपुर

सम्मान समारोह सह विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन–   नगर विकास एवं आवास विभाग बिहार के निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय स्त्री दिवस के अवसर पर विगत 08 मार्च से 14 मार्च तक राज्य के विभिन्न नगर निकायों में स्त्री सशक्तिकरण सप्ताह मनाया गया। इसी क्रम में नगर पंचायत सरायरंजन द्वारा शनिवार को नगर पंचायत सरायरंजन की मुख्य पार्षद सुश्री पूजा कुमारी की अध्यक्षता में नगर पंचायत सभागार में स्त्री सफाई मित्र एवं स्वक्षता साथियों के लिए सम्मान समारोह सह विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस चिकित्सा शिविर में उपस्थित चिकित्सकों द्वारा स्त्री सफाई मित्र एवं स्वक्षता साथियों का सामान्य स्वास्थ परीक्षण किया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही स्वच्छता कार्य के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में कार्यपालक पदाधिकारी के मार्गदर्शन में, स्वच्छता पदाधिकारी एवं वार्ड पार्षदों के द्वारा उत्साहवर्धन किया गया।इस कार्यक्रम में शसक्त स्थाई समिति सदस्य , वार्ड पार्षद ,कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

समस्तीपुर

समस्तीपुर नगर निगम का बजट पारित

नया विचार न्यूज समस्तीपुर –  आज दिनांक 13.03.2020 को नगर निगम समस्तीपुर में वित्तीय वर्ष 2026-27 का माननीय महापौर श्रीमती अनिता राम की अध्यक्षता में बजट पारित किया गया। बैठक में माननीय उप महापौर श्री रामबालक पासवान नगर आयुक्त श्री ज्ञान प्रकाश उप नगर आयुक्त सशक्त स्थायी समिति सदस्यगण, सभी वार्ड पार्षदगण एवं अन्य लोग उपस्थित थे। बजट को सदन के सदस्यों द्वारा बहुत ही सराहनीय एवं नगर विकास के अनुरूप बताया गया एवं सर्व सम्मति से पारित किया गया। साथ ही सशक्त स्थायी समिति के कार्यवाही का अनुमोदन एवं विगत सामान्य बोर्ड के बैठक की कार्यवाही की सपुष्टि की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट का मुख्य सारांश इस प्रकार है:- नगर निगम समस्तीपुर के वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुमानित कुल प्राप्ति 360 करोड़ 25 लाख रूपये तथा अनुमानित कुल व्यय 274 करोड़ 70 लाख रूपये का प्रावधान किया गया है. इस प्रकार लाभ की राशि लगभग 85 करोड़ 54 लाख रूपये रहने का अनुमान है- नगर निगम प्राप्ति एवं व्यय के मुख्य स्त्रोत आय नगर निगम समस्तीपुर क्षेत्र से सम्पत्ति कर, मोबाइल टावर कर एवं ट्रेड लाइसेंस शुल्क नगर विकास एवं आवास विभाग से विभिन्न मदों में प्राप्त आवंटन आय के स्त्रोत है। व्यय– 1. ठोस कचरा प्रबंधन के तहत कचरे से खाद निर्माण हेतु कम्पोस्ट पिट निर्माण, MRF, डोर कचरा संग्रह, लैंडफिल साईट, डस्टबीन का क्रय में किया जायेगा। 2. शहर को जल जमाव से निजात दिलाने के लिए स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज का निर्माण किया जायेगा। 3. योग शाला सेंटर का निर्माण, शवदाह गृह सहित मोक्षधाम, वृद्धों हेतु आश्रय स्थल एवं भूमिहीन शहरी गरीबों के लिए बहुमंजिला आवासन का निर्माण किया जायेगा। 4. बस स्टैण्ड, वेडर जोन, सामुदायिक शौचालय एवं मुत्रालय, पुस्तकालय, स्ट्रीट लाईट, हाई मास्ट लाईट, सी०सी०टी०वी० इत्यादि में किया जायेगा। 5. 28.66% अर्थात् Rs. 103 करोड़ 25 लाख लगभग रूपया शहरी गरीबो के लिए आधारभूत सेवाओं हेतु कर्णांकित करने का उपबंध किया गया है।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top