Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

बाइक चोरी की प्राथमिकी

नया विचार सरायरंजन : थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग हाट से शुक्रवार की शाम एक बाइक की चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर सरायरंजन थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी में मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना अंतर्गत सकरा मंसूरपुर, फरीदपुर निवासी संजय महतो के पुत्र अमित कुमार ने कहा है कि शुक्रवार की शाम वह अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक ( बीआर 06 सीटी 7807 ) को रायपुर बुजुर्ग हाट पर लगाया था। इसके बाद वह अपने संबंधी भरत कुमार के साथ सब्जी खरीदने चला गया। 15 मिनट बाद जब वह लौटकर आया तो उनकी बाइक गायब थी। उसके संबंधी एवं अन्य लोगों ने उनकी बाइक की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई आता-पता नहीं चल पाया।

समस्तीपुर

सरायरंजन में डाकपाल की सेवानिवृत्ति पर हुई भावपूर्ण विदाई 

नया विचार सरायरंजन : प्रखंड के सरायरंजन उप डाक घर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरिपुर बरहेता पंचायत के हरिलोचनपुर गांव निवासी रघुनाथ शर्मा को डाक कर्मियों ने अंग वस्त्र, माला,पाग आदि देकर सम्मानित करते हुए भावपूर्ण विदाई दी। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ये वर्षों से डाकपाल के पद पदस्थापित थे। ये 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो गए हैं। इनके कार्यों को भुलाया नहीं जा सकता है।ये अपने काम को ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक निभाते थे। मौके पर सभी डाक कर्मी उपस्थित थे।

समस्तीपुर

सरायरंजन में 43 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, कारोबारी फरार 

नया विचार सरायरंजन : सरायरंजन थाना क्षेत्र की हरिपुर बरहेता पंचायत अंतर्गत मोसिंगपुर गांव स्थित एक केला बागान से पुलिस ने गुप्त सूचना पर 43 लीटर अंग्रेजी शराब को बरामद किया है। वहीं पुलिस के आने की भनक लगते ही कारोबारी शराब को छोड़ फरार हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शराब कारोबारी की पहचान कर ली गई है। इस बाबत सरायरंजन थाने में पदस्थापित पुअनि भानुप्रिया ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मोसिंगपुर स्थित केला बागान में बिक्री के लिए शराब की एक बड़ी खेप उतरी है। थाना अध्यक्ष के निर्देश पर दलबल के साथ जब वह निर्दिष्ट स्थान पर पहुंची तो देखा कि वहां से दो कारोबारी समेत अन्य लोग भाग रहे हैं। हालांकि काफी प्रयास के बावजूद उन कारोबारियों को पकड़ा नहीं जा सका। अलबत्ता उन लोगों की पहचान कर ली गई है। फरार कारोबारियों में मोसिंगपुर निवासी रामबाबू झा के पुत्र विकास कुमार झा एवं इसी थाने के भटगामा निवासी अवधेश महाराज के पुत्र अंकित कुमार महाराज समेत उनके अन्य साथी शामिल हैं। वहीं केला बागान की तलाशी में दो बोरे में रखी विभिन्न ब्रांडों की 43.17 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इधर,थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग से भी पुलिस ने गुप्त सूचना पर तीन लीटर अंग्रेजी शराब के साथ कारोबारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कारोबारी की पहचान गांव के ही उमेश गिरि के पुत्र ओम प्रकाश गिरि के रूप में की गई है।

समस्तीपुर

सुपोषण में श्रीअन्न की उपयोगिता विषयक कार्यशाला आयोजित 

नया विचार सरायरंजन : प्रखंड के मध्य विद्यालय गंगापुर में शुक्रवार को सुपोषण में श्रीअन्न की उपयोगिता विषयक कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए विशिष्ट वक्ता पोषण आहार विपणन निदेशक ऋषि कुमार पटेल ने श्रीअन्न की उपयोगिता पर बृहत चर्चा की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान मोटे अनाजों यानी मिलेट्स का हब है। श्रीअन्न के अंतर्गत मुख्य रूप से ज्वार, बाजरा,रागी, सांवा, कंगनी, चीना, कोटो,कुटकी और कुट्टू के दानों को शामिल किया जाता है। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखिलेश ठाकुर ने मोटे अनाजों को भोजन में शामिल करने,पोषक तत्वों की कमी से होने वाली बीमारियों एवं ग्लूटेन प्रोटीन की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में विद्यालय बाल संसद,मीना मंच, यूथ क्लब एवं इको क्लब के छात्र-छात्राओं ने बढ़कर सहभागिता निभाई। मौके पर राज कुमार, संजीत कुमार, नूतन कुमारी, ज्योति कुमारी, रुबी कुमारी, अंबिका कुमारी आदि शिक्षक– शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

समस्तीपुर

दहेज को ले नवविवाहिता की हत्या,आठ आरोपित

नया विचार सरायरंजन – सरायरंजन थाना क्षेत्र के झखड़ा में दहेज को लेकर एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है । इस संबंध में नवविवाहिता के भाई के लिखित बयान पर एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी में आठ लोगों को आरोपित किया गया है। दर्ज प्राथमिकी में उजियारपुर थाने के लोहागीर वार्ड 06 निवासी सीताराम राम ने कहा है कि उन्होंने अपनी बहन गौरी कुमारी (20 ) की शादी दो वर्ष पूर्व सरायरंजन थाना क्षेत्र के झखड़ा निवासी शंकर राम के पुत्र सुशील कुमार राम के साथ की थी। शादी हिंदू रीति– रिवाज के साथ हुई थी और यथोचित दान दहेज देकर की गई थी। नवविवाहिता के ससुराल में जाने पर उसके दहेजलोलुप ससुराल वाले बतौर दहेज एक लाख रुपए और देने के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। नव विवाहिता ने ससुरालियों को समझाया कि उसके पिता नहीं है। वे पूर्व में ही स्वर्ग सिधार चुके हैं। उसके भाई ने कर्ज लेकर उपहारस्वरूप किसी तरह एक बाइक और एक लाख के जेवर और कपड़े दिए हैं। इससे अधिक देने में वे असमर्थ हैं। बावजूद इसके नवविवाहिता के ससुराल वाले के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। इधर,15 –20 दिनों पूर्व जब उक्त विवाहिता का भाई राजाराम राम उससे मिलने आया तो उसकी बहन के ससुराल वालों ने साफ तौर से कहा कि एक लाख रुपए यहां जमा करो,अन्यथा अपनी बहन को लेते जाओ। नवविवाहिता के भाई ने किसी तरह बहन के ससुराल वालों को समझा –बूझाकर वापस आया। इस बीच 04 फरवरी की दोपहर उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन के ससुराल वालों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी है।आरोपित लोगों में मृतका के भैंसुर विनोद राम,रामचंद्र राम, रामचंद्र राम की पत्नी मंजू देवी, सुरेंद्र राम की पत्नी प्रमिला देवी, सुनीता देवी,सरिता देवी आदि के नाम शामिल हैं।

समस्तीपुर

विद्युत ऊर्जा चोरी की तीन अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज 

नया विचार सरायरंजन : थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग जगहों पर की जा रही विद्युत ऊर्जा की चोरी को लेकर प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं। सर्वप्रथम थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर से विद्युत ऊर्जा की चोरी का मामला प्रकाश में आया। इस बाबत विद्युत आपूर्ति प्रशाखा, सरायरंजन में पदस्थापित कनीय विद्युत अभियंता के लिखित बयान पर सरायरंजन थाने में एक प्राथमिक की दर्ज कराई गई है। थाना कांड सं. 16/25 के तहत दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर निवासी राजेंद्र चौरसिया के पुत्र अमरजीत कुमार के घर पूर्व के बकाया को लेकर विद्युत कनेक्शन काट दिया गया था। बावजूद इसके उनके द्वारा बिना अनुमति के विद्युत ऊर्जा का उपयोग किया जा रहा था। इससे नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को 10 हजार 407 रुपए की आर्थिक स्थिति हुई है। वहीं उनके यहां पूर्व की बकाया राशि 5 हजार 398 रुपए लंबित है। इसके अलावा थाना क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत अंतर्गत वार्ड 09 निवासी सुरेंद्र प्रसाद के पुत्र अमित कुमार को विद्युत ऊर्जा की चोरी करते पाया गया। उसके यहां पूर्व की बकाया राशि 06 हजार 871 रुपए लंबित थी। बावजूद बिना अनुमति के उनके द्वारा विद्युत ऊर्जा का उपयोग किया जा रहा था। इससे नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को 01 हजार 41 रुपए की क्षति पहुंची है। इधर, थाना क्षेत्र के खालिसपुर निवासी पवन कुमार राय द्वारा भी अवैध तरीके से टोंका फंसाकर विद्युत ऊर्जा की चोरी की जा रही थी। इससे नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को 09 हजार 911 रुपए की क्षति पहुंची है। इस संबंध में भी एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

समस्तीपुर

कलश शोभा यात्रा की तैयारी पूरी, निकलेगी 351 कुवांरी कन्याओं की कलश शोभा यात्रा

नया विचार सरायरंजन ।प्रखंड के जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत के वार्ड 13 में महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा व कलश शोभा यात्रा को लेकर शुक्रवार को बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया नवीन कुमार सिंह ने। बैठक के दौरान नवीन कुमार सिंह ने बताया कि महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आज शनिवार को कलश शोभायात्रा निकालेगी। जिसमें 351 कुवांरी कन्या भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि कन्याएं प्राथमिक विद्यालय हरसिंहपुर परिसर स्थित दुर्गा मंदिर के प्रांगण से वैदिक मंत्र उच्चारण के बाद कलश में जल भरेंगे और गाजे-बाजे के साथ कलश शोभा यात्रा पंचायत भ्रमण के बाद पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंचेगी।विदित हो कि शनिवार को श्रद्धालुओ द्वारा कलश शोभा यात्रा निकलेगी, रविवार को श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिमा का नगर भ्रमण कराया जाएगा एवं सोमवार को महादेव मंदिर में शिवलिंग की स्थापना कराई जाएगी साथ ही सोमवार से ही अष्टयाम महायज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा।मौके पर मुखिया नवीन कुमार सिंह उप मुखिया सुजीत सिंह दीपक सिंह पप्पू सिंह मनोरंजन सिंह प्रवीण सिंह ललित सिंह विनोद सिंह बलवंत सिंह राठौड़ राकेश सिंह बृजनंदन सिंह रामविलास सिंह रघुवंश सिंह विपिन सिंह अवधेश सिंह मनीष सिंह विजय कुमार सिंह नरेश राय समेत कई लोग मौजूद थे।

अपराध, समस्तीपुर

सीएसपी संचालक से लूटकर भाग रहे अपराधियों ने पूर्व मुखिया को मारी गोली 

• गंभीर स्थिति में अस्पताल में कराया गया भर्ती नया विचार समस्तीपुर – समस्तीपुर में इन दिनों अपराधी बेलगाम हो गए है । एक के बाद एक हो रहे आपराधिक वारदातों को देखकर तो लगता है जैसे अपराधियों पर से ख़ाकी का इक़बाल ख़त्म हो चुका है । ताज़ा मामला वारिसनगर थाना क्षेत्र के कुसैया गांव की है जहां सीएसपी संचालक से रूपये लूट कर भाग रहे बदमाशों ने पूर्व मुखिया को गोली मारकर जख्मी कर दिया । जख़्मी की पहचान कुसैया पंचायत के पूर्व मुखिया देबू राय के रूप में हुई है । घटना के बाद आनन फ़ानन में जख़्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है । घटना के संबंध में बताया जाता है कि बाइक सवार तीन की संख्या में नकाबपोश बदमाश सीएसपी से एक लाख रुपये लूटकर भाग रहे थे । सीएसपी संचालक ने फोन कर घटना की जानकारी पूर्व मुखिया को दी । वो अपने दरवाजे के पास सड़क किनारे टहल रहे पूर्व मुखिया ने भाग रहे बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की । जिसपर बदमाशों उनपर फायरिंग कर दिया ।जिससे गोली उनकी जांघ में जा लगी । इधर घटना की समाचार मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तप्तीस में जुट गई है । घटना के संबंध में सदर डीएसपी 2 विजय महतों का बताना है कि वारिसनगर थाना क्षेत्र के कुसैया गांव में सीएसपी से तीन नकाबपोश बदमाश लगभग एक लाख रुपये लूट कर भाग रहे थे । इस दौरान सीएसपी संचालक के द्वारा घटना की सूचना पूर्व मुखिया को दी गई । जिसके बाद उन्होंने भाग रहे बदमाशों को रोकने की कोशिश की । इस दौरान अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी । जंहा उनको जांघ में गोली जा लगी । डीएसपी का बताना है कि सीएसपी और आस पास लगे सीसीटीवी के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है । जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा ।

समस्तीपुर

जितवारपुर कुम्हिरा में गोदाम निर्माण पर बनी सहमति 

नया विचार सरायरंजन : प्रखंड के जितवारपुर कुम्हिरा स्थित वार्ड 12 में चल रहे गोदाम निर्माण पर सदर एसडीओ एवं ग्रामीण ने बैठ कर कुछ शर्तों पर अपनी सहमति दे दी है। बता दें कि गांव स्थित साढे तीन एकड़ जमीन में जारी गोदाम निर्माण पर दो माह पूर्व ग्रामीण की आपत्ति पर सदर एसडीओ ने रोक लगा दी थी। गुरुवार को ग्रामीणों के साथ सदर एसडीओ की बैठक में यह सहमति बनी कि निर्माणाधीन गोदाम की चारदिवारी को दक्षिण सड़क की ओर से न्यूनतम दो फीट और भीतर की जाएगी, गोदाम में अनाज को छोड़कर अन्य सामग्रियों का भंडारण किया जाएगा एवं ऐसी सामग्रियों का भंडारण किया जाएगा जिसमें कीड़े नहीं लगे।मौके पर सदर एसडीओ दिलीप कुमार, गोदाम मालिक पवन केडिया, मुखिया नवीन कुमार सिंह,संजय कुमार राय, शंभू कुमार राय, सचिन कुमार, दिलीप कुमार संजय साह, रवींद्र कुमार, बैजनाथ साह,सोहन रजक, शंभू साह , मदन ठाकुर, प्रमोद राय आदि मौजूद रहे।

समस्तीपुर

समारोहपूर्वक मनी स्वर कोकिला लता मंगेशकर की पुण्यतिथि 

नया विचार सरायरंजन : प्रखंड के मध्य विद्यालय गंगापुर में गुरुवार को स्वर कोकिला लता मंगेशकर की तीसरी पुण्यतिथि समारोहपूर्वक बनाई गई। समारोह की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखिलेश ठाकुर ने कहा कि लता मंगेशकर हिंदुस्तान की सबसे प्रतिष्ठित पार्श्व गायिका थीं। दुनिया भर के करोड़ों प्रशंसक उन्हें मां सरस्वती का अवतार मानते हैं। उन्होंने 36 से ज्यादा भाषाओं में गीत गाए जो अपने आप में कीर्तिमान है। लताजी के आवाज का माधुर्य जन जन के सिर चढ़कर बोला और वह अंतिम समय तक चोटी की गायिका बनी रहीं। लता मंगेशकर को देश के सर्वोच्च सम्मान हिंदुस्तान रत्न के अलावा ढेरों पुरस्कार और सम्मान मिले। जितने मिले इससे ज्यादा उन्होंने मना कर दिया। उनकी तीसरी पुण्यतिथि पर आज हम श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं। मौके पर शिक्षक –शिक्षिकाओं में राज कुमार, संजीत कुमार, नूतन कुमारी,ज्योति कुमारी, रुबी कुमारी, अंबिका कुमारी आदि मौजूद रहे।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top