Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर, स्वास्थ्य

सदर अस्पताल में एक दिवसीय प्रेरणादायक कार्यशाला का किया गया आयोजन

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर- सदर अस्पताल एवं पिरामल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एक दिवसीय प्रेरणादायक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य अस्पताल कर्मचारियों में नेतृत्व कौशल, करुणा, उत्तरदायित्व, सहयोग और सम्मान की भावना को जागृत करना एवं उन्हें बेहतर कार्यसंस्कृति की ओर प्रेरित करना था।कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार चौधरी, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार, डॉ. अशुतोष, डॉ. मेराज, डॉ. शात्विक एवं डॉ. प्रज्ञा, आदित्य नाथ झा डीपीसी आदि गणमान्य चिकित्सकों की उपस्थिति में हुआ। पिरामल फाउंडेशन के कार्यक्रम निदेशक श्रीमती शाइस्ता फिरोज एवं श्री शांतनु दास ने बतौर प्रशिक्षक कार्यशाला का संचालन किया। उन्होंने रोचक गतिविधियों, अनुभव आधारित लर्निंग, केस स्टडीज और संवाद के माध्यम से कर्मचारियों के बीच सुरक्षा, विश्वास, जिम्मेदारी और आपसी सम्मान जैसे मूल्यों को व्यवहार में उतारने हेतु प्रेरित किया। इन गतिविधियों ने कर्मचारियों को आत्मचिंतन और भावनात्मक जुड़ाव के साथ सीखने का अवसर प्रदान किया।सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ केवल कर्मचारियों के कार्य निष्पादन में ही नहीं, बल्कि उनके व्यक्तिगत जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाती हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्ष में भी पिरामल फाउंडेशन द्वारा इसी प्रकार की कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसके प्रभावस्वरूप कर्मचारियों के व्यवहार और दृष्टिकोण में सराहनीय परिवर्तन देखने को मिला था। डॉ. गिरीश कुमार ने कहा कि मानव संसाधन विकास किसी भी संस्थान की सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी स्टाफ से आग्रह किया कि वे इस प्रकार के प्रशिक्षण से प्राप्त सीख को केवल सैद्धांतिक न रखकर उसे अपने व्यवहार एवं सेवाभाव में परिलक्षित करें। कार्यशाला के दौरान कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए, भावनात्मक और व्यवहारिक स्तर पर प्रशिक्षण के प्रभाव को स्वीकार किया, और यह भी कहा कि उन्हें पहली बार ऐसा मंच मिला जहाँ उन्होंने खुलकर संवाद किया और एक-दूसरे को समझने का अवसर प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के पश्चात कर्मचारियों द्वारा यह विश्वास दिलाया गया कि वे अपने कार्यस्थल पर कार्यशाला में बताए गए उद्देश्यों और मूल्यों को अपनाएंगे तथा अस्पताल परिसर में सुरक्षा, विश्वास, जिम्मेदारी और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे अपने सहयोगियों को भी प्रेरित करेंगे ताकि अस्पताल में एक सकारात्मक, सहयोगात्मक और सेवा-केंद्रित वातावरण विकसित हो सके। इस अवसर पर पिरामल फाउंडेशन की ओर से उपस्थित जिला प्रतिनिधियों ने बताया कि संगठन भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यशालाओं को विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में आयोजित करता रहेगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के साथ-साथ सेवा प्रदाताओं की आंतरिक शक्ति और नेतृत्व क्षमता का भी विकास हो सके।

शिक्षा, समस्तीपुर

प्र अ मुकेश कुमार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम अंतर्गत बाढ़ व उससे बचाव की जानकारी दी गई

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर–   समस्तीपुर प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बेला पंचरुखी में प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम अंतर्गत सुरक्षित शनिवार आयोजित किया गया।इस अवसर पर नोडल शिक्षिका बीबी शकीला रहमान ने बाढ़ और बाढ़ से राहत के बारे में विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने कहा कि सभी को अपने घर में टॉर्च,माचिस,मोमबत्ती,चुरा,चना,पानी बोतल,आवश्यक दवा,रस्सी,पॉलीथिन व अन्य जरूरी सामग्री का पैकेट रखना चाहिए ताकि जरूरत के समय जान बचाया जा सके।वहीं शिक्षक शिव शंकर प्रसाद ने बाढ़ पूर्व, बाढ़ के दौरान और बाढ़ के बाद सुरक्षित रहने के सभी उपायों को बताया।मौके पर प्र अ महिपाल,खुशबू कुमारी,विमला कुमारी,इंदिरा कुमारी,बाल संसद,इको क्लब,यूथ क्लब के सदस्यों ने भरपूर सहयोग किया।

शिक्षा, समस्तीपुर

समस्तीपुर में कृष्णा इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी व लीडर इंस्टिट्यूट ऑफ़ हायर एजुकेशन का भव्य शुभारंभ

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – जिले के सिंघिया खुर्द में स्थापित एक नये पॉलिटेक्निक कॉलेज कृष्णा इन्स्टीच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का उद्घाटन के साथ-साथ लीडर इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन एवं एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन्स के मोहनपुर, समस्तीपुर शाखा कार्यालय का भव्य शुभारंभ एवं करियर काउंसलिंग सेंटर की भी हुई स्थापना। बिहार में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समस्तीपुर जिले के सिंधिया खुर्द में स्थापित एक नये पॉलिटेक्निक कॉलेज कृष्णा इन्स्टीच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का उद्घाटन किया गया। साथ ही साथ लीडर इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन, रहीमपुर रूदौली, पो०-हरपुर एलौध, थाना-मुफस्सिल, जिला-समस्तीपुर एवं एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन्स द्वारा समस्तीपुर जिले के मोहनपुर (मुसरीघरारी – समस्तीपुर मेन रोड) में अपने नये शाखा कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए “एस.के.एम.जी.आई. करियर काउंसलिंग सेंटर” की भी स्थापना की गई है। यह केंद्र सभी विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करेगा। विदित हो की संस्थान के द्वारा संचालित सभी संस्थानों में छात्रों एवं अभिभावकों को उस संस्थान में संचालित कोर्स के बारे में बताया जाता है लेकिन अब जनता के सेवा में “एस. के. एम. जी. आई. करियर काउंसलिंग सेंटर” का उद्धघाटन किया गया है। इस केन्द्र पर कोई भी छात्र-छात्राएं अपने करियर से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस हेतु एक वेबसाइट पोर्टल www.skmgicareercounseling.com का शुभारंभ किया गया। इस पोर्टल पर कोई भी व्यक्ति करियर से सम्बंधित कोई भी जानकारी चाहता है तो उसे पोर्टल के माध्यम से ही तत्काल सही जानकरी दी जाएगी और अगर कार्यालय में आते है तो उन्हें भी सही जानकारी दी जाएगी। यह सेवा सभी के लिए निःशुल्क रहेगा। समस्तीपुर को शिक्षा का हब बनाने का संकल्प लेते हुए इस कार्यालय का स्थापना किया गया है। यह सेंटर न केवल समस्तीपुर जिले के विद्यार्थियों के लिए, बल्कि बिहार एवं देशभर के छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन्स का यह एक ऐतिहासिक कदम है। उद्घाटन समारोह में लीडर इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन की अध्यक्ष मोनी रानी एवं एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन्स के अध्यक्ष श्री एस. के. मंडल उपस्थित रहे और उन्होंने संस्थान के उद्देश्य, मूल्यों एवं भविष्य की योजनाओं को साझा किया। संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के छात्रों को आधुनिक, रोजगारोन्मुखी एवं सुलभ शिक्षा प्रदान करना है। एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन्स के अंतर्गत संचालित प्रमुख संस्थानों कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन, पटना, कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, सिंघिया खुर्द, समस्तीपुर, कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन, मुरलीगंज, मधेपुरा, कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज, रामबाग, पूर्णियां, विद्यापति इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन, दलसिंहसराय, समस्तीपुर, कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ आईटी एंड मैनेजमेंट, समस्तीपुर, सौम्या कृष्णा ए.एन.एम. ट्रेनिंग स्कूल, पटना, कृष्णा इन्स्टीच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, समस्तीपुर। इन सभी संस्थानों में ए.एन.एम. जी.एन.एम, बी.एससी. नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बी.एससी. नर्सिंग, डी.एम.एल.टी, बी.एम.एल.टी. बी.पी.टी, बी.एच.एम, बी.ओ.टी. डी.ओ.टी.ए. डी.ओ.ए. डी.ई.सी. जी, ड्रेसर, बीबीए, बीसीए, एम.बी.ए. एम.सी.ए. बी.एम.सी, बी. फार्मा, डी. फार्मा एवं पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रम उपलब्ध है एवं लीडर इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन, समस्तीपुर में ए.एन.एम., जी.एन.एम, बी.एससी. नर्सिंग पाठ्यक्रम उपलब्ध है यह सभी कोर्सेस रोजगारोन्मुखी कोर्स है। इस नई शाखा कार्यालय एवं करियर काउंसलिंग सेंटर की स्थापना से अब समस्तीपुर एवं आस-पास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को नजदीक ही सभी शिक्षा संबंधी सेवाएं एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो सकेगा। लीडर इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन एवं एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन्स की यह पहल शिक्षा क्षेत्र में एक नई दिशा और गति प्रदान करने वाली है।

घटनाएँ, समस्तीपुर

ट्रैक्टर पलटने से किशोर की मौ’त, एक गंभीर – बर्थडे पार्टी के लिए ला रहे थे डीजे

नया विचार न्यूज़ शिवाजीनगर/समस्तीपुर –  प्रखंड अंतर्गत मधुरापुर पंचायत के लालपुर वार्ड 8 में शुक्रवार देर शाम बर्थडे पार्टी की खुशी मातम में बदल गई। जानकारी के अनुसार, लालपुर निवासी उमेश राम का 15 वर्षीय पुत्र गजेंद्र राम एवं नथुनी राम का 15 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार दरभंगा जिले के हायाघाट थाना क्षेत्र के खराड़ी गांव से डीजे लेकर लालपुर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दोनों किशोर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। डीजे खराड़ी से बर्थडे पार्टी के लिए लाया जा रहा था, लेकिन बीच रास्ते में ही यह दर्दनाक घटना हो गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को शिवम नेचरो केयर हॉस्पिटल रहटौली में भर्ती कराया, जहां डॉ शिव शंकर मंडल ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर गजेंद्र को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही दरभंगा जिले के सुरहाचट्टी के पास उसने दम तोड़ दिया। प्रदीप का इलाज जारी है। मृतक गजेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी एक बहन भी है। पिता उमेश राम मजदूरी के लिए प्रदेश में रहते हैं और परिवार की जिम्मेदारी उठाते थे। गजेंद्र की मौत की समाचार सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मां राजकुमारी देवी बार-बार बेहोश हो रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि ट्रैक्टर चालक सावधानी बरतता तो यह हादसा नहीं होता। गांव में गमगीन माहौल है, जहां खुशियों की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग दबे जुबान यह भी कह रहे थे कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था इसीलिए यह इतनी बड़ी हादसा हुआ।

शिक्षा, समस्तीपुर

वीमेंस कॉलेज समस्तीपुर में दीक्षारंभ सह छात्र प्रेरण कार्यक्रम का किया गया आयोजन

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में शुक्रवार को नव नामांकित सीबीसीएस अन्तर्गत चार वर्षीय स्नातक कला एवं विज्ञान के छात्राओं सत्र 2025 – 29 के लिए प्रधानाचार्या प्रो सुनीता सिन्हा की अध्यक्षता और आई क्यू ए सी कॉर्डिनेटर डॉ विजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में दीक्षारंभ सह छात्र प्रेरण कार्यक्रम का आयोजन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। संगीत विभाग की छात्राओं ने डॉ पुष्कर कुमार झा के नेतृत्व में स्वागत गान किया। इस अवसर पर नव नामांकित छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या प्रोफ़ेसर सुनीता सिन्हा ने कहा कि  यह इंडक्शन प्रोग्राम आपके नए सफर की शुरुआत है। यहाँ न केवल शिक्षा मिलेगी, बल्कि आपके व्यक्तित्व और सोच का भी विकास होगा। अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। हम शिक्षकगण सदैव आपके मार्गदर्शक रहेंगे। शिक्षकों ने कहा वर्ग में नियमित रूप से उपास्थित रहें और शिक्षकों का आदर करें। अपने विषय के साथ साथ अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में भाग ले और व्यक्तित्व का विकास करे।छात्राओं की 75% उपस्थिति अनिवार्य है। इससे कम की उपस्थिति में अन्य सुविधाओं से वंचित कर दिया जाएगा । कार्यक्रम के संयोजक और आइक्यूएसी कोऑर्डिनेटर डा विजय कुमार गुप्ता ने सभी छात्राओं का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों एवं महाविद्यालय में उपलब्ध सभी सुविधाओं की जानकारी दी और कहा कि यदि आप लक्ष्य बनाकर मेहनत करेंगे तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होगी । प्रो सोनी सलोनी ने धन्यवाद देते हुए कहा कि अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें, स्नातक पास करने पर प्रशासन कन्या उत्थान योजनान्तर्गत पचास हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि भी देती है। छात्राओं को एन एस एस, एन सी सी , स्पोर्ट्स और संस्कृति गतिविधियों से अवगत कराया गया ।   महाविद्यालय के प्रो अरुण कुमार कर्ण, प्रो सोनी सलोनी, डॉ सुमन कुमारी, डॉ सुरेश साह, डॉ नीतिका सिंह, डॉ मधुलिका मिश्रा, डॉ संगीता, डॉ रिंकी कुमारी, डॉ अनु कुमारी, डॉ नेहा जायसवाल, डॉ फरहत जबीन, डॉ मृत्युंजय ठाकुर, डॉ अपूर्वा मूले, डॉ कविता वर्मा, डॉ शालिनी कुमारी, डॉ पिंकी कुमारी, पूनम कुमारी, डॉ कस्तूरीका कानन, डॉ सोनम कुमारी, डॉ सोनी कुमारी, डॉ आभा कुमारी, डॉ माधवी झा, डॉ चंचल कुमारी, डॉ स्वाति कुमारी, डॉ स्मिता झा, डॉ स्वीटी दर्शन, डॉ श्री विद्या, डॉ नवेश कुमार डा राधा कुमारी सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी ने अपना परिचय देते हुए आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया । प्रो सोनी सलोनी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया और अधिक संख्या में छात्राओं को भाग लेने के लिए आभार व्यक्त किया।  मौके पर शिक्षकेत्तर कर्मचारी भी मौजूद थे।

राजनीति, समस्तीपुर

समस्तीपुर को महाजंगलराज से बचाने के लिए बहुजन सरकार लायें : अनिल कुमार 

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर –  बहुजन समाज पार्टी (बसपा) बिहार केंद्रीय प्रभारी अनिल कुमार ने आज समस्तीपुर जिला इकाई द्वारा तिरंगा भवन, मोहनपुर में आयोजित एक जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन वर्तमान डबल इंजन प्रशासन पर जोरदार हमला बोला और कहा कि समस्तीपुर से महाजंगल राज को उखाड़ फेंकने के लिए प्रदेश में बहुजन की प्रशासन लाने की जरूरत है।  कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार केंद्रीय प्रभारी अनिल कुमार ने कहा, “आज हमारा देश ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां संविधान की आत्मा को ही खत्म करने की कोशिश की जा रही है। यह सभा केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक संकल्प है – संविधान को बचाने और बहुजनों के अधिकारों की रक्षा का।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करें और यह बताएं कि किस तरह कुछ नेतृत्वक दल सत्ता की भूख में संविधान की मूल भावना को कुचलने का काम कर रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविधान के मूल्यों की रक्षा और आमजन के अधिकारों के लिए जनजागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक अभय कुमार सुमन ने की, जबकि संचालन विजय यादव ने किया। सम्मेलन में जिले भर से आए बसपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और संविधान के सम्मान में एकजुटता दिखाई। इस दौरान अनिल कुमार ने प्रशासन के उस वादे की याद दिलाई जिसमें कहा गया था कि दलितों को तीन डिसमिल ज़मीन दी जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया, “आख़िर वह ज़मीन कहाँ है? किसने हड़प ली? प्रशासन जवाब क्यों नहीं देती?” उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों और गरीबों को सिर्फ चुनाव के वक्त याद किया जाता है, लेकिन जब बात हक़ और अधिकार की आती है तो प्रशासनें चुप्पी साध लेती हैं। उन्होंने इसे “सांस्थानिक धोखा” बताया और कहा कि बसपा ऐसे हर झूठ का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने बिहार की मौजूदा प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जल जीवन हरियाली, सात निश्चय और दलित उत्थान जैसी योजनाओं के नाम पर केवल घोषणाएं हुईं, जमीनी सच्चाई बेहद डरावनी है। उन्होंने कहा कि, “प्रशासन ने वादा किया था कि हर घर में नल का जल पहुँचेगा, लेकिन आज भी समस्तीपुर जिले के कई गांव जल संकट से जूझ रहे हैं। यही नहीं, हर साल यह इलाका बाढ़ और जलजमाव से त्रस्त रहता है, मगर कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।” केंद्रीय प्रभारी उमाशंकर गौतम और प्रदेश अध्यक्ष शंकर महतो ने भी सम्मेलन को संबोधित किया और कहा कि बहुजन समाज पार्टी महज एक नेतृत्वक दल नहीं बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है। उमाशंकर गौतम ने कहा, “आज जरूरत है कि हर दलित, पिछड़ा और शोषित व्यक्ति अपने अधिकारों के लिए खड़ा हो। हमें लड़ाई केवल चुनाव की नहीं, अपने अस्तित्व की लड़नी है।” इस सम्मेलन में उपस्थित रत्नेश्वर राम, राजेश राम, राजू राम, कुशेश्वर दास, कुणाल कुमार, जनार्दन राम सहित अन्य स्थानीय पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और समस्तीपुर जिले की स्थानीय समस्याओं पर खुलकर बात की। वक्ताओं ने कहा कि जिले के दलितों और पिछड़े वर्ग के लोगों को योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है, और अफसरशाही तथा भ्रष्टाचार उनके अधिकारों को छीन रहा है। कार्यक्रम के अंत में एक प्रस्ताव पारित कर यह संकल्प लिया गया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी समस्तीपुर जिले की सभी सीटों पर मजबूती से उतरेगी और संविधान विरोधी ताकतों को हराने का कार्य करेगी। साथ ही हर गांव में संविधान जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें लोगों को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए अधिकारों और संविधान की मूल भावना के बारे में बताया जाएगा। इस सम्मेलन ने स्पष्ट कर दिया कि बहुजन समाज पार्टी बिहार में अब एक सक्रिय और सजग भूमिका निभाने के लिए तैयार है और सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई धार देने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी।

समस्तीपुर

जमीनी विवाद में मारपीट व छिनतई मामले की कार्रवाई नहीं होने पर डीजीपी के निर्देश पर डीआईजी ने की जांच

नया विचार न्यूज़ रोसड़ा /समस्तीपुर –  रोसड़ा थाना क्षेत्र के भड़वारी गांव में जमीनी विवाद को लेकर दर्ज एक आपराधिक मामले में पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत के बाद बिहार पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर मिथिला प्रक्षेत्र की डीआईजी स्वप्ना गौतम मेश्राम ने शुक्रवार को मामले की जांच की। डीआईजी का यह दौरा पुलिस तंत्र की निष्क्रियता के खिलाफ आम लोगों में बढ़ते असंतोष के बीच काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।8 अक्टूबर 2024 को भड़वारी गांव निवासी कविता देवी, पति रामचंद्र महतो ने रोसड़ा थाना कांड संख्या 239/24 के तहत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। शिकायत में कहा गया क पड़ोसियों द्वारा निर्माण कार्य करते हुए छज्जा निकाल रहें थे जिसका विरोध किया तो विवाद किया गया। इसी क्रम में कथित आरोपियों ने मिलकर मारपीट की, जिससे कविता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। इतना ही नहीं, पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके गले से सोने की चेन और कान की बालियां भी जबरन खींचकर निकाल लीं। घटना के बाद मामला दर्ज कर लिया गया, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पीड़िता और उनके परिवार को न्याय नहीं मिल पाया।इस संबंध में पीड़िता कविता देवी ने पुलिस महानिरीक्षक पटना रेंज को लिखित शिकायत दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी स्तर से निर्देश जारी किया गया, जिसके तहत मिथिला रेंज की डीआईजी स्वयं मौके पर पहुंचीं और मामले की बारीकी से जांच की। डीआईजी स्वप्ना गौतम मेश्राम ने स्थानीय थाना प्रभारी से केस डायरी, जांच रिपोर्ट और अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने पीड़िता और गांव के अन्य लोगों से भी बातचीत कर स्थिति को समझने का प्रयास किया।कविता देवी का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो और उन्हें न्याय मिले। अनुमंडल पुलिस कार्यालय पहुंचकर मिथिला प्रक्षेत्र की डीआईजी ने पुलिस पदाधिकारी के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर सीडीपीओ संजय कुमार, अंचल निरीक्षक मनोज कुमार, थाना अध्यक्ष लालबाबू कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

ताजा ख़बर, मुख्य खबर, समस्तीपुर

मोतीपुर पंचायत के मुखिया दंपती 15 अगस्त को दिल्ली में होंगे सम्मानित

नया विचार न्यूज़ रोसडा़/समस्तीपुर-  प्रखंड अंतर्गत आदर्श पंचायत मोतीपुर की मुखिया प्रेमा देवी और उनके पति रंजीत कुमार सहनी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली में सम्मानित किए जाएंगे। इस बाबत बिहार प्रशासन के पंचायती राज विभाग के परियोजना निदेशक प्रशांत कुमार ने समस्तीपुर जिला पंचायत राज पदाधिकारी को पत्र भेजा है। पत्र में उल्लेख है कि 15 अगस्त को लालकिला पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में बिहार से चयनित जनप्रतिनिधि के रूप में प्रेमा देवी और उनके पति रंजीत कुमार सहनी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह मिशन निदेशक हिमांशु शर्मा ने जिला पदाधिकारी एवं जिला जल एवं स्वच्छता समिति के अध्यक्ष को भी पत्र लिखकर सूचना दी है कि यह सम्मान उन मुखियाओं को दिया जा रहा है, जिन्होंने ओडीएफ प्लस (खुले में शौच मुक्त प्लस) के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस चयन की प्रक्रिया पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय, हिंदुस्तान प्रशासन द्वारा की गई है। गौरतलब है कि पूरे बिहार से कुल चार मुखिया को इस सम्मान के लिए चुना गया है, जिसमें रोसड़ा प्रखंड के मोतीपुर पंचायत की मुखिया प्रेमा देवी का नाम शामिल होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। पंचायत स्तर पर स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और जनजागरूकता के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य को केंद्र प्रशासन ने सराहा है। प्रेमा देवी और उनके पति रंजीत कुमार सहनी दोनों ने कहा कि यह सम्मान पूरे मोतीपुर पंचायत की जनता और टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को आदत बनाने के लिए पंचायत में घर-घर अभियान चलाया गया, जिससे मोतीपुर ने ओडीएफ प्लस का दर्जा हासिल किया। लालकिला पर तिरंगा फहराने के ऐतिहासिक क्षण में शामिल होना मुखिया दंपती के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि रोसड़ा प्रखंड समेत पूरे समस्तीपुर जिले के लिए प्रेरणा बनेगी।

समस्तीपुर

मंत्री सूचना एवं जनसंपर्क विभाग महेश्वर हजारी किया विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – मंत्री सूचना एवं जनसंपर्क विभाग महेश्वर हजारी द्वारा कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया । उनके द्वारा जिन योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया उनमें प्रमुख रूप से वीर सिंहपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 3 में पक्की सड़क से ब्रह्म स्थान जाने वाली सड़क में वॉटरवेज बांध तक पीसीसी कार्य, कल्याणपुर प्रखंड के गोपालपुर पंचायत के झहुरी ग्राम वार्ड 13 में पक्की सड़क से कुर्मी टाल होते हुए वाला जी नर्सिंग ट्रेनिंग कॉलेज के गेट तक पीसीसी कार्य ,कल्याणपुर प्रखंड के गोपालपुर पंचायत के झुहरी ग्राम में वार्ड नंबर 13 में अवस्थित सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार कार्य, कल्याणपुर प्रखंड के हजपुरवा पंचायत में मदनपुर ग्राम के वार्ड नंबर 3 में नवल सिंह पोखर की तरफ से सड़क पर सुरक्षा का दीवार का निर्माण कार्य, हजपुरवा पंचायत के बख्तियारपुर ग्राम में श्री तपेश्वर राय के घर से उपेंद्र ठाकुर के घर तक पीसीसी कार्य , हजपुरवा पंचायत के बख्तियारपुर ग्राम में उपेंद्र ठाकुर के घर से उच्च मध्य विद्यालय तक पीसीसी कार्य, माली नगर पंचायत के बरगामा ग्राम वार्ड नंबर 9 मौजे ठाकुर के बथान से अवधेश ठाकुर के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य, माली नगर पंचायत के बरगामा वार्ड नंबर 5 में अवधेश ठाकुर के घर से तातारी ठाकुर के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य, गौरायी पंचायत अंतर्गत गौरी ग्राम वार्ड नंबर 3 में शिव मंदिर से राम जानकी मंदिर तक पीसीसी कार्य प्रमुख शामिल हैं।

समस्तीपुर

भारत और भारतीयता के गौरव शिखर थे गोस्वामी तुलसीदास और प्रेमचंद 

महाविद्यालय में जयंती समारोह  नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : हिंदुस्तान और हिंदुस्तानीयता के गौरव शिखर थे गोस्वामी तुलसीदास और प्रेमचंद। उक्त बातें प्रखंड स्थित केएसआर महाविद्यालय सरायरंजन में गुरुवार को आयोजित गोस्वामी तुलसीदास एवं प्रेमचंद जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहीं। इसके पूर्व प्राचार्य डॉ. विपिन कुमार झा,प्रो.अवधेश कुमार झा,प्रो. जनार्दन चौधरी, डॉ. गगनदेव चौधरी, डॉ. उषा कुमारी, प्रो. शेखर प्रसाद चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया गया। पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अवधेश कुमार झा ने स्पष्ट किया कि यदि आज भी हिंदुस्तान के युवा और युवती दशरथ और कौशल्या बन जायें तो आछ भी घर घर में राम और कृष्ण का अवतार हो सकता है। उन्होंने रामचरितमानस को हिंदुस्तान की आत्मा बताया। प्रो. झा ने स्पष्ट किया कि जब तक न्यायालय में पति-पत्नी के तलाक का मामला और भाइयों के बीच मुकदमेबाजी चलती रहेगी तथा देश में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार व्याप्त रहेगा, तब तक गोस्वामी तुलसीदास और प्रेमचंद प्रासंगिक बने रहेंगे। मंगलाचरण प्रो. शेखर प्रसाद चौधरी ने किया।हिंदी विभाग के तत्वावधान में आयोजित समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ.विपिन कुमार झा की अध्यक्षता तथा प्रो. शेखर प्रसाद चौधरी एवं प्रो.हरेकृष्ण चौधरी के संचालन में आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो .जनार्दन चौधरी, विशिष्ट अतिथि प्रो .अवधेश कुमार झा एवं डॉ. गगनदेव चौधरी, विभागाध्यक्ष डॉ. उषा कुमारी,डॉ.शर्देनन्दु कुमार झा, डॉ.एस.एन. झा,डॉ. भरत राय,डॉ.सुवंश कुमार चौधरी,प्रो. पवन कुमार चौधरी, कांति कुमारी, पूजा कुमारी, कामिनी कुमारी आदि ने संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए प्राचार्य डॉ. विपिन कुमार झा ने तुलसी दास और प्रेमचंद के महान आदर्श को जीवन में उतारने का आह्वान किया।मौके पर प्रो.नीलमणि झा,प्रो.अभय नाथ ठाकुर,प्रो अनिल कुमार झा, मनोज कुमार झा,डॉ चंद्रशेखर झा, डॉ. शोभा कांत झा,प्रो.सतीश कुमार झा,प्रो.रंजन कुमार राय, डॉ .मुन्नी कुमारी, डॉ. किरण कुमारी,प्रो. विभा कुमारी,प्रो .आभा कुमारी,प्रो. सुधीर कुमार सिंह, अमरकांत ईश्वर, मुकुंद कुमार, बबलू कुमार, राम विनय झा सहित अधिकांश महाविद्यालयकर्मी तथा छात्र –छात्राएं मौजूद थीं।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top