Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

Swacchta Abhiyan- सरायरंजन में आठ माह से स्वच्छता अभियान ठप 

नया विचार सरायरंजन : स्वच्छता अभियान के तहत हरेक पंचायत,वार्ड, नगर पंचायत में रिक्शा ठेला, ई रिक्शा,ट्रैक्टर जो कचरा उठाने के कार्य में लगाए गए थे,अब वह खुद कचरे में बदल गया है। सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत 17 ग्राम पंचायतों एवं 07 नगर पंचायतों में विगत 8 माह से स्वच्छता अभियान ठप है।  पहले नगर पंचायत मुसरीघरारी और सरायरंजन में भी सुबह– सुबह जो कचरा उठाने वाले वाहन आते थे। अब सभी बंद हो गए हैं। बता दें कि प्रशासनी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के वेतन में वृद्धि हो रही है और उनका भुगतान भी हो रहा है। पर सफाई कर्मियों को महीनों से भुगतान नहीं हो रहा। आखिर क्या कारण है कि प्रशासन की अति महत्वाकांक्षी योजना को ठप कर दिया गया है। इस कुप्रबंधन पर भाजपा सरायरंजन उत्तरी मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष बलबंत सिंह राठौर ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि अभी मई माह है। क्या प्रशासन एवं प्रशासन को दो अक्टूबर का इंतजार है,जब बापू की जयंती पर स्वच्छता अभियान चला कर अखबारों, न्यूज चैनलों पर सुर्खियां बटोरने का काम होगा?

समस्तीपुर

सरायरंजन में राजद का सामाजिक न्याय परिचर्चा कार्यक्रम का हुआ आयोजन

नया विचार सरायरंजन : प्रखंड क्षेत्र के खजुरी कारगिल चौक पर राजद कार्यकर्ताओं की सामाजिक न्याय परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को मुख्य अतिथि ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारे संगठन का आधार ही सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता है जो लोकतंत्र का मजबूत आधार है। बरसों से वंचना का शिकार रहे, समाज के मुख्य धारा से कटे हुए समाज को मुख्य धारा में शामिल करना ,उन्हें सामाजिक, राजनैतिक, आर्थिक न्याय दिलाना ही सामाजिक न्याय है।लोकतंत्र की स्थापना करते हुए हमारे देश के नुमाइंदो ने धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र की आधारशिला रखी। लोकतंत्र की मजबूती के लिए हमारी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सामाजिक न्याय एवं धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को मजबूती से सरजमीं पर उतारने का कार्य किया।जिस तरह देश में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की लगातार कोशिश की जा रही है। हिन्दू राष्ट्र बनाने का नैरेटिव सेट कर दिग्भ्रमित किया जा रहा है। वैसे समय में हम सांप्रदायिक उन्माद फैलाने वाले के विरुद्ध प्रतिबद्धता के साथ डटकर मुकाबला करना है। और हमारे नेता तेजस्वी यादव को बिहार के मुख्यमंत्री बनने से कोई रोक नहीं सकता।जिसके लिए अत्यंत जरूरी है कि सामाजिक न्याय परिचर्चा के द्वारा कही गई बातों को शत –प्रतिशत अमल करके सांगठनिक मजबूती के लिए बूथ स्तर तक, पंचायत स्तर पर जाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता व संचालन राजद प्रखंड अध्यक्ष विष्णुदेव पासवान ने किया। कार्यक्रम को सांसद अभय कुशवाहा, पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी,पूर्व सांसद डा. अनिल सहनी, प्रदेश महासचिव युवा राजद के अहमद राजा, अरविंद सहनी, सदानंद झा,लाल बाबू महतो,राजू यादव, सत्यनारायण राय आदि ने संबोधित किया।मौके दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

समस्तीपुर

सांप ने छीन लिया एक परिवार का सहारा: चारा लाने गए युवक की सर्पदंश से मौत, चार बच्चे हुए अनाथ 

नया विचार समस्तीपुर– समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर वार्ड 12 में रविवार को एक दर्दनाक घटना घटित हुई ,जहां सर्पदंश से एक युवक की मौत हो गई ।मृतक की पहचान वार्ड 12 निवासी शंकर राम के 30वर्षीय पुत्र महेश कुमार के रूप में हुई है ।महेश अपने बूढ़े माता-पिता और चार बच्चों का एकमात्र सहारा था। वह घर पर ही मवेशी पालकर परिवार का पालन-पोषण करता था।मृतक के पिता शंकर राम ने बताया, “महेश की मां अक्सर बीमार रहती है। रविवार को वह उन्हें डॉक्टर को दिखाने ले गया था। मां को घर छोड़कर वह मवेशियों के लिए चारा लाने खेत की ओर चला गया। वहीं, चारा काटने के दौरान एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। वह किसी तरह घर लौटा और मुझे बताया कि सांप ने काट लिया है। इतना कहने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा।”परिजन आनन-फानन में उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महेश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। उसकी पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। शंकर राम ने आगे बताया, “मेरे दो बेटे हैं। एक पंजाब में रहकर मजदूरी करता है, दूसरा यानी महेश यहीं घर पर रहकर खेती-बाड़ी और पशुपालन करता था। उसी से घर चलता था। अब हमारा सहारा सांप ने छीन लिया।”घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।नगर थाना अध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया, “घटना वारिसनगर थाना क्षेत्र की है। हमें सर्पदंश से मौत की सूचना मिली सदर अस्पताल से मिली थी। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

समस्तीपुर

परसा गांव में भीषण आगलगी कांड में 6 घर जलकर राख 10 लाख से अधिक की क्षति

नया विचार न्यूज़ शिवाजीनगर । प्रखंड अंतर्गत परसा पंचायत के परसा उतरवारी टोल वार्ड एक में अचानक से आग की लपट उठी वही देखते ही देखते आधा दर्जन घर जलकर राख हो गया। 6 घरों को आग अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बहेड़ी,और सिंघिया फायर ब्रिगेड को दिया। आग की लपट इतनी भयंकर थी कि जब तक ग्रामीण और फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाया तब तक 6 घर जलकर राख हो गया। घटना में घर में रखें नगद, अनाज, बर्तन, फर्नीचर, कपड़ा सहित अन्य खाने-पीने का सामान जल गया। लोगों ने बताया कि इस भीषण अग्निकांड में 6 गाय और एक दर्जन से अधिक बकरी भी जल जाने की जानकारी दी है। इस घटना में उपेंद्र मंडल , गाजो मंडल , रामनारायण मंडल, जनता कुमार, सुमन कुमार ,अजय कुमार का घर जल गया है। आगलगी की घटना की सूचना शिवाजीनगर अंचल अधिकारी को दी गई है। घटनास्थल पर पंचायत समिति सदस्य सरोज कुमार एवं अन्य जनप्रतिनिधि ने पहुंचकर अग्नि पीड़ित को सांत्वना दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के द्वारा मिलने वाली मुआवजा जल्द ही दिलाया जाएगा अग्नि पीड़ित परिवार को दिलाया जाएगा।

समस्तीपुर

सरायरंजन थाना एवं मुसरीघरारी में जनता दरबार में भूमि विवाद के मामले की हुई सुनवाई,कुल 11 मामले की हुई सुनवाई, 6 मामले का हुआ निष्पादन

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर । प्रखंड के मुसरीघरारी थाना परिसर में शनिवार को भूमि विवाद के निपटारे को लेकर जनता दरबार का आयोजन हुआ। इसमें राजस्व अधिकारी प्रीति कुमारी मिश्रा ने आज के दो मामले, पूर्व केदो मामले कि सुनवाई किए। सभी चार मामले दोनों पक्षों के सहमति से मामले का निष्पादन किया गया।जमीनी विवाद के मामले में कुछ लोगों के कागजात का अपूर्ण रहने एवं कुछ लोगों के अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें अगली तिथि पर आने को कहा गया ।दूसरे पक्ष के लोगों को नोटिस भेजा गया ताकि अगले तारीख में दूसरे पक्ष के लोग भी अपना कागजात प्रस्तुत करें। वहीं दूसरी ओर सराय रंजन थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में अंचल अधिकारी निशांत कुमार ने मामले की सुनवाई किए । 2 मामले का निष्पादन दोनों पक्ष के सहमति से किया गया वहीं अन्य मामलों में किसी एक पक्ष को कागजात था तो दूसरे पक्ष को कागजात नहीं था किसी को अधूरा था कागजात । सभी फरियादियों को अगली तिथि में पूर्ण कागजात लेकर उपस्थित होने का निर्देश दिया ।मौके पर अंचलाधिकारी निशांत कुमार, राजस्व अधिकारी प्रीति कुमारी मिश्रा, मुसरीघरारी थाना अध्यक्ष फैजुल अंसारी , सराय रंजन थाना अध्यक्ष प्रताप कुमार सिंह, राजस्व कर्मचारी मनीष कुमार मौजूद रहे।

समस्तीपुर

नवाह महायज्ञ से भक्तिमय बना ब्रह्मबाना गांव

नया विचार सरायरंजन : प्रखंड की लाटबसेपुरा पंचायत अंतर्गत ब्रह्मबाना गांव में महर्षि शांडिल्य मुनि की मूर्ति स्थापना के बाद आयोजित नवाह महायज्ञ पूर्ण भक्तिभाव के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान नौ दिनों तक ब्रह्मबाना गांव सहित आसपास का क्षेत्र “जयति शिवा शिव जानकी राम राधे श्याम जय –जय हनुमान ” के मंत्र जाप से गूंजायमान मन रहा। नवाह महायज्ञ के संपन्न होने के उपरांत शनिवार को बिरज पीठाधीश्वर धर्माचार्य सत्यनारायण मिश्र सत्य की देखरेख में सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। इस आयोजन में विश्वजीत कुमार मिश्र, राम नारायण मिश्र मायानंद मिश्र,नवल किशोर मिश्र,वरुण कुमार मिश्र, आशुतोष कुमार मिश्र,कृष्ण मोहन मिश्र, घनश्याम मिश्र,जितेंद्र कुमार मिश्र, राम विशेष मिश्र,राधा कृष्ण मिश्र,प्रवीण कुमार मिश्र आदि सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।

समस्तीपुर

फतेहपुर में कमरे में झूलता मिला विवाहिता का शव 

नया विचार सरायरंजन :मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर पंचायत के वार्ड छह स्थित एक घर में फंदे से झुलते एक विवाहिता के शव को पुलिस ने शनिवार की सुबह में बरामद किया है। मृतका की पहचान सुनील से उर्फ सुरेंद्र सिंह के पुत्र सोनू कुमार की पत्नी मुस्कान कुमारी(20) के रूप में की गई है। मृतका के मायके वालों ने विवाहिता के ससुराल वालों पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर घर के दूसरे कमरे में ले जाकर लटका देने का आरोप लगाया है। विवाहिता का शव मिलने के बाद घर के सभी लोग फरार बताए गए हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है। मुसरीघरारी थानाध्यक्ष फैजुल अंसारी ने बताया कि मृतका के स्वजनों द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन देने के बाद ही हत्या या आत्महत्या की जानकारी मिल पाएगी। वैसे घटना की जांच की जा रही है।

समस्तीपुर

उमावि लाटबसेपुरा में प्रतिभाशाली बच्चे किए गए पुरस्कृत

नया विचार सरायरंजन – प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लाटबसेपुरा में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। डॉ. मदन प्रसाद छात्रवृत्ति योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी ने कहा कि विद्यालय के मेधावी बच्चों को पुरस्कृत एवं सम्मानित करने से उनका न केवल उत्साहवर्धन होता है, अपितु दूसरे शिशु भी इससे प्रेरणा ग्रहण करते हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि में ऐसा आयोजन विरले ही होता है। कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा विपुल कुमार ने कहा कि माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्णता के बाद ही बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर लेना चाहिए।साथ ही उसके अनुसार तैयारी भी करनी चाहिए। प्रसिद्ध व्यवसायी शिवेश ने अपने संबोधन में कहा कि उनके पिताजी के जीवन काल में ही शुरू की गई छात्रवृत्ति योजना को आगे के वर्षों में भी अनवरत संचालित किया जायेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाध्यापक अनन्त कुमार राय ने कहा कि विद्यालय के बच्चों को प्राप्त इस सम्मान से संस्था गौरवान्वित महसूस कर रहा है। इस दौर में जहां मूल्यों का क्षरण हो रहा है और संवेदनशीलता का अभाव दिखाई पड़ता है, वहां मेधावी बच्चों का निजी कोष से छात्रवृत्ति प्रदान करना बड़ी बात है। इस अवसर पर वार्षिक माध्यमिक परीक्षा,2025 में अस्सी प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सोलह छात्र -छात्राओं को दीवार घड़ी एवं नगद राशि प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। राज्य में टाप टेन में स्थान प्राप्त करने वाले प्रिन्स कुमार को 5100 रुपये, रूपेश कुमार को 3500 रूपए,सांधना कुमारी को 2500 रूपए, जितेन्द्र कुमार को1500 रूपए तथा अभिषेक कुमार को1100 रूपए नकद राशि दिया गया। साथ ही भावना कुमारी,मौसम कुमारी, सुमित कुमार, लक्ष्मी कुमारी, अभिमन्यु कुमार,वर्षा कुमारी,उमेश कुमार, नेहा कुमारी हिमांशु कुमार, प्रिंस कुमार एवं पीयूष राज को भी सम्मान सामग्री दिया गया। मौके पर प्रधानाध्यापक अनन्त कुमार राय, पैक्स अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, शिक्षक नागमणि आशुतोष,कंचन रानी, प्रिंस कुमार जायसवाल, राजीव कुमार झा, हरिकांत प्रकाश, गंगा नारायण विद्यार्थी, संजीव कुमार,अजय कुमार, गोविन्द कुमार, प्रकाश कुमार, शेखर प्रसाद, पिंकी कुमारी, कमलेश कुमार राम,राजू कुमार, रेखा मिश्रा, ज्योति सिंह, सीमा कुमारी, ममता कुमारी,संगीता कुमारी, गायत्री कुमारी, संदीप कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

समस्तीपुर

ROJGAR MELA- सरायरंजन में लगा रोजगार मेला,103 युवाओं को मिली नौकरी

नया विचार सरायरंजन: प्रखंड के केएसआर कॉलेज सरायरंजन में शनिवार को आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम और एक्सिस बैंक फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ .विपिन कुमार झा ने किया। इस मेले में टाटा मोटर्स, सुजुकी मोटर्स, मदरसन, वेस्टर्न रेफ्रिजरेशन और फ्यूजन फाइनेंस जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के नियोक्ताओं ने हिस्सा लिया।युवा जंक्शन सरायरंजन की टीम ने विभिन्न योग्यता और कौशल के आधार पर 250 उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया। चयन प्रक्रिया के बाद एचआर ने मारुति के लिए 10, मशीनों प्लास्टिक के लिए 10, टाटा मोटर्स के लिए 50, वेस्टर्न रेफ्रिजरेटर के लिए 5, मदरसन के लिए 10 फ्यूजन माइक्रोफाइनेंस के लिए 10 और मोबाइल निर्माण क्षेत्र के लिए 08 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया, जिनमें 15 स्त्रीएं शामिल हैं। शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को जल्द सूचित किया जाएगा और युवा जंक्शन सरायरंजन, सरैया चौक की टीम द्वारा उनकी जॉइनिंग प्रक्रिया में सहायता प्रदान की जाएगी। प्राचार्य डॉ .विपिन कुमार झा ने ग्रामीण युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और अधिक से अधिक जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखेगा। कार्यक्रम में स्किल मैनेजर रजनी रंजन, प्लेसमेंट ऑफिसर कोमल रानी, सेंटर मैनेजर अभिषेक कुमार, सत्य देव, उमेश कुमार, सोनल कुमार, अभिजीत कुमार, विवेक कुमार गिरि,शानू कुमार, उजाला आदि मौजूद रहे। यह रोजगार मेला ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

समस्तीपुर

1.5 करोड़ की चोरी का खुलासा: समस्तीपुर में कारोबारी के घर हुई चोरी में शामिल 6 अपराधी और एक महिला गिरफ्तार, 75% माल बरामद

नया विचार समस्तीपुर- समस्तीपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र के खान मार्केट स्थित एक व्यवसायी के मकान में 26 अप्रैल को हुई करीब डेढ़ करोड़ की चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज घटना में शामिल छह अपराधियों और एक स्त्री को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए आभूषण, नगदी और अन्य सामानों का बड़ा हिस्सा दरभंगा के कल्याणपुर इलाके से बरामद कर लिया है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम व डीआईयू की कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समस्तीपुर निवासी मज़हर इमाम, मोहम्मद इरमान, मोहम्मद दानिश, मोहम्मद नायर, सौरभ कुमार और मोहम्मद आसिफ के रूप में की गई है। साथ ही मोहम्मद इरमान की मां नूरजहां खातून को भी चोरी का सामान छुपाने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।बरामद सामानों में 174 पीस आभूषण, 243 चांदी के सिक्के, 20 सोने के सिक्के और पांच लाख रुपए नकद शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान की बाजार कीमत करोड़ से ज्यादा है, हालांकि अभी करीब 30% सामान की बरामदगी बाकी है।पीड़ित व्यवसायी इंद्रदेव गुप्ता के पुत्र रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना 25 अप्रैल की मध्य रात्रि को घटी। उस वक्त वे अपने माता-पिता के इलाज के लिए मुंबई में थे। लौटने पर देखा कि घर का लॉकर टूटा हुआ है और सारा सामान गायब है। उन्होंने तत्काल नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।सदर एसडीपीओ 1एएसपी संजय पांडे ने बताया कि घर के सामने रहने वाले मज़हर इमाम से पूछताछ के बाद चोरी का खुलासा हुआ। उसने छह साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकारी और उसकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया।पुलिस की तत्परता और कार्रवाई को लेकर गृहस्वामी के बेटे ने धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि “समस्तीपुर पुलिस ने भरोसा कायम किया है, 75% सामान बरामद हो चुका है और हमें उम्मीद है कि बाकी सामान भी जल्द मिल जाएगा।”

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top