10 वर्ष बाद खुला स्कूल, लोगों ने जताई खुशी
नया विचार विद्यापतिनगर। प्रखंड अंतर्गत सोठगामा पंचायत के खेसराहा गांव में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय का 10 वर्षों से बंद ताला अब स्कूली बच्चों के लिए खुल गया है, जिसके बाद सैकड़ों छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने खुशी जताई है। विदित हो कि इस विद्यालय का एक भवन खेत में बनाया गया था, जहां रास्ता के आभाव में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी 10 वर्षों से बंद पड़ा था, जिस कारण यहां असमाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था। अब विद्यमान भवन की साफ-सफाई और रंग-रोगन करा कर वर्ग संचालन प्रारंभ किया गया है। प्रधानाध्यापक राम नरेश प्रसाद ने बताया कि विद्यालय का भवन जहां बनाया गया था, वहां पहुंच पथ नहीं रहने के कारण छात्र-छात्राओं को आने-जाने में परेशानी हो रही है। उन्होनें बताया कि ग्रामीणों एवं अधिकारियों से रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है। बताया कि रास्ता नहीं रहने के कारण ही करीब दस वर्षों से भवन उपयोग में नहीं था, जिस कारण वहां गंदगी का अंबार था। वहीं ग्रामीणों ने विद्यालय शुरू होने पर खुशी का जताते हुए अंचलाधिकारी से रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की है।










