Bihar Crime: सुपौल के सोहनपुर गांव में बुधवार को एक विवाहिता का शव गांव से लगभग 100 मीटर दूर एक खेत में पड़ा मिला. घटना की सूचना मिलते ही निर्मली एसडीपीओ राजू रंजन कुमार और नदी थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की बारीकी से जांच की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. जानकारी के अनुसार मधुबनी जिले के नरहैया थाना क्षेत्र के सखुआ भपटियाही गांव निवासी यदुनंदन मंडल की पुत्री शशिकला की शादी आठ वर्ष पूर्व सुरेश दास से हुई थी.
दोनों ने किया था प्रेम विवाह
सुरेश दास और शशिकला ने प्रेम विवाह किया था. यह विवाह दोनों परिवारों की सहमति से अंतरजातीय रूप में संपन्न हुआ था. इस दंपति को चार वर्षीय जुड़वे पुत्र -लव और कुश हैं. हालांकि, हाल के दिनों में सुरेश दास का अपने ही थाना क्षेत्र के रसुआर गांव की एक युवती से अवैध संबंध बताया जा रहा है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उक्त युवती हाल ही में अपने परिजनों के साथ सुरेश के घर पहुंची थी और शादी का दबाव बना रही थी. बताया गया कि सुरेश और उसके परिवार वाले भी इस विवाह के लिए तैयार थे, जबकि शशिकला देवी इसका विरोध कर रही थी.
हत्या की रात झगड़ा, पिटाई और फिर संदिग्ध मौत
मंगलवार की रात पति-पत्नी के बीच तेज बहस और झगड़ा हुआ, जिसके दौरान सुरेश दास ने शशिकला की पिटाई भी की. पीड़िता ने रात में अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी, लेकिन इसके बाद से उसका संपर्क नहीं हो सका. बुधवार को जब परिजनों का फोन रिसीव नहीं हुआ तो मायके पक्ष को अनहोनी की आशंका हुई. वे जब शशिकला के ससुराल पहुंचे, तो पास के खेत में उसका शव पड़ा मिला, जिससे हत्या की पुष्टि हो गई.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
मृतका की मां और मायके वालों ने पति सुरेश दास और उसके परिजनों पर साजिशन हत्या का आरोप लगाया है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को सुरेश की प्रेमिका के आवेदन पर पुलिस ने आरोपित की मां को पूछताछ के लिए थाने बुलायी थी, लेकिन ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद उन्हें रात में छोड़ दिया गया. इसके बाद रात में ही साजिश के तहत हत्या कर दी गयी. नदी थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. फिलहाल दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
Also Read: Bihar News: आरजेडी नेता ने बुजुर्ग मां को घर से किया बेदखल, बंदूक दिखाकर मारपीट करता था बेटा
The post Crime: प्रेम चढ़ा परवान तो किया अंतरजातीय विवाह, आठ साल बाद दूसरी के चक्कर में पहली प्रेमिका की कर दी हत्या appeared first on Naya Vichar.

