Dhanbad News: रास्ता विवाद. अधिवक्ताओं की हड़ताल नौवें दिन जारी, आज फिर जनरल बॉडी मीटिंगरास्ता और पार्किंग की व्यवस्था की मांग को लेकर धनबाद सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं की हड़ताल शुक्रवार को नौवें दिन भी जारी रही. इस मुद्दे पर शुक्रवार को अधिवक्ताओं की जनरल बॉडी मीटिंग में हड़ताल जारी रखने या वापस लेने पर कोई फैसला नहीं हो सका. इस मामले में सुबह से ही अधिवक्ता दो गुटों में बंटे नजर आये. वरीय अधिवक्तागण जहां हड़ताल वापस लेने के पक्ष में थे, तो दूसरा गुट प्रशासन से पार्किंग को लेकर लिखित देने एवं अदालत की ओर जाने वाले दो गेट को खोले जाने तक हड़ताल को जारी रखने की मांग पर अड़े रहे. आमसभा के दौरान हड़ताल वापस लेने की बात रहने पर कुछ अधिवक्ता हो-हंगामा करने लगे. यही स्थिति दिनभर चलती रही. शाम पांच बजे तक इस मुद्दे पर कोई हल नहीं निकलने पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने जनरल बॉडी मीटिंग स्थगित कर दी.
प्रशासन की पहल को देख आंदोलन समाप्त हो : जितेंद्र कुमार
आमसभा में बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि वे अधिवक्ताओं के साथ खड़े हैं. उनकी व्यक्तिगत राय है कि अधिवक्ता हित, जनहित और प्रशासनिक पहल को देखते हुए आंदोलन स्थगित कर अधिवक्ताओं को काम पर लौटना चाहिए. प्रशासन द्वारा पार्किंग की अस्थायी व्यवस्था सड़क के दोनों किनारे पर दी गयी है और प्रशासन इस बाबत लिखित देने को भी तैयार है. इसलिए प्रशासन की पहल को हमें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
अधिवक्ताओं की जैसी राय होगी, वैसा ही फैसला लेंगे : राधेश्याम गोस्वामी
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने कहा कि उपायुक्त, एसएसपी एवं एसडीएम ने स्थायी पार्किंग की व्यवस्था का आश्वासन दिया है. लेकिन, व्यवस्था में समय लग सकता है. अधिवक्ताओं की जैसी राय होगी, वैसा ही फैसला लेंगे. शनिवार को सुबह पुन: इस मुद्दे पर बार एसोसिएशन परिसर में आमसभा होगी, जिसमें अधिवक्ताओं की राय ली जायेगी. उसके बाद फैसला लिया जायेगा.
कोर्ट परिसर में दंगा निरोधी पुलिस टीम की तैनाती
रास्ता मुद्दे पर गुरुवार को अधिवक्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों में विवाद के बाद शुक्रवार की सुबह से अदालत परिसर में दंगा निरोधी पुलिस टीम की तैनाती की गयी है. चप्पे चप्पे पर पुलिसकर्मी आंसू गैस के गोले के साथ किसी भी अप्रिय घटना से निबटने को तैयार दिखे. सुबह करीब 10 बजे एसएसपी प्रभात कुमार, डीएसपी धनबाद सिविल कोर्ट पहुंचे और वहां तैनात पुलिकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिये.
The post Dhanbad News: अधिवक्ताओं की आमसभा में नहीं हुआ कोई फैसला, हड़ताल वापस लेने की बात हंगामा appeared first on Naya Vichar.
