Dhanbad News: धनबाद स्टेशन पर देर रात की घटना, रांची से लौटे थे पुलिस पदाधिकारी
Dhanbad News: धनबाद रेलवे स्टेशन पर गोविंदपुर थाना में पदस्थापित एक पुलिस पदाधिकारी के साथ ऑटो चालकों और उनके साथियों ने मारपीट की. पुलिस पदाधिकारी को सिर में गंभीर चोटें आयी हैं. मामले को लेकर धनबाद थाना में कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार गोविंदपुर थाना में पदस्थापित एसआइ गिरधारी कुमार साव एक कांड से संबंधित चिकित्सक द्वारा संरक्षित वेसरा को राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला रांची में जमा कराने गए थे. लौटने के क्रम में वे रांची-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस से शुक्रवार की रात करीब 9.38 बजे धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे. स्टेशन के बाहर एक ऑटो में अधिक भाड़ा वसूले जाने को लेकर कुछ यात्री उतरने लगे, जिसमें वह भी शामिल थे. इस दौरान उन्होंने स्वयं को थाना का पदाधिकारी बताते हुए अधिक भाड़ा लेने का कारण पूछा और वाहन का नंबर देखने लगे.
झरनापाड़ा के रहने वाले युवकों ने की मारपीट
इसी बात से आक्रोशित होकर वहां मौजूद कई ऑटो चालक और 10-15 अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. पदाधिकारी द्वारा बार-बार अपना परिचय देने के बावजूद आरोपी बेरहमी से उनकी पिटाई करते रहे. उनके साथ मौजूद विपिन टोप्पो ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. घटना में गिरधारी कुमार साव के सिर में चोट लगी. मारपीट के बाद धनबाद पुलिस को सूचना दी गयी. लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी फरार हो गये. बाद में पूछताछ में पता चला कि हमले में शामिल अधिकांश लोग झरनापाड़ा, हीरापुर क्षेत्र के निवासी हैं. आरोपियों में अभिमन्यु यादव, मनीष यादव, फुलो यादव, राजा यादव, पवन यादव, सिकंदर यादव और विजय यादव के नाम सामने आये हैं. इसके अलावा 10-15 अज्ञात ऑटो चालक भी घटना में शामिल बताये गये हैं.
The post Dhanbad News: किराया विवाद पर ऑटो चालकों ने गोविंदपुर के दारोगा को बेरहमी से पीटा appeared first on Naya Vichar.
