धनबाद नगर निगम ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के लिए कमर कस ली है. नगर आयुक्त आशीष गंगवार की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई स्वच्छता समीक्षा बैठक में कई बड़े निर्णय लिये गये, जिनका असर शहर की सड़कों, गली-मुहल्लों की सफाई पर दिखेगा. मौके पर अपर नगर आयुक्त, सभी सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक के अलावा डीआइएमएसडब्ल्यूएल और सुलभ इंटरनेशनल के प्रतिनिधि मौजूद थे. इस दौरान नगर निगम एवं डीआइएमएसडब्ल्यूएल के सभी सफाई वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया गया. अब सफाई कार्य तय रूट चार्ट के अनुसार होगा, जिसकी निगरानी सेनिटरी सुपरवाइजर करेंगे. वहीं सिटी मैनेजर और सहायक नगर आयुक्त रैंडम निरीक्षण करेंगे.
स्लम इलाकों में एक माह का विशेष अभियान
व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों में नियमित झाड़ू, बैकलेन की सफाई और स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों की पहचान कर विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा. नगर निगम क्षेत्र के स्लम इलाकों में एक माह का तिथिवार विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. स्कूलों में स्वच्छता जागरूकता के लिए डीइओ के साथ समन्वय बैठक होगी.
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर सख्ती
डीआइएमएसडब्ल्यूएल को एक फरवरी से सभी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में वीटीएस लगाने और उनका डेटा नगर निगम को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. माइकिंग कर कचरा पृथक्करण और एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा. वेस्ट कलेक्शन स्टेशनों पर कम्पोस्ट पिट निर्माण के निर्देश भी दिये गये हैं.
बल्क वेस्ट जनरेटर पर कड़ा नियम
नगर निगम क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन 100 किलोग्राम या उससे अधिक कचरा उत्पन्न करने वाले भवनों व संस्थानों को बल्क वेस्ट जनरेटर घोषित किया गया है. ऐसे संस्थानों को अपने परिसर में ही गीले कचरे के निपटान के लिए कम्पोस्टिंग, बायोगैस या अन्य अनुमोदित व्यवस्था अनिवार्य रूप से करनी होगी.
टॉयलेट से लेकर दीवारों तक बदलेगा शहर का चेहरा
कम्युनिटी और पब्लिक टॉयलेट की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके अलावा ब्रांड एंबेसडर और सोशल मीडिया इंफ्युएंसर्स के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता अभियान तथा पेंट माई सिटी अभियान शुरू किया जाएगा. इससे शहर की दीवारों व सार्वजनिक स्थलों को नया रूप मिलेगा.
The post Dhanbad News: सफाई वाहनों की होगी ट्रैकिंग, चलेगा विशेष अभियान appeared first on Naya Vichar.

