Firing in Ranchi : नगड़ी थाना क्षेत्र के बालालौंग निवासी बबलू प्रसाद उर्फ बबलू सोनी के घर शुक्रवार देर रात करीब एक बजे अपराधियों ने सात राउंड फायरिंग की. घटना का उद्देश्य बबलू सोनी और उनके परिवार को डराना माना जा रहा है. बताया गया है कि लगभग दस दिन पहले बबलू सोनी से राहुल सिंह गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गयी थी. विदेश से अलग-अलग नंबरों से उन्हें तीन-चार बार कॉल कर पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गयी थी.
दो युवक घर के पास आये और फायरिंग की
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवक घर के पास आये और फायरिंग की. घटना की सूचना शनिवार सुबह नगड़ी थाना को दी गयी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की. जांच के दौरान बबलू सोनी के घर के पास से छह खोखे बरामद किये गये. पुलिस ने अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाला, लेकिन रात में घना कोहरा और अंधेरा होने के कारण पहचान संभव नहीं हो सकी. इसके अलावा बालालौंग से कुछ दूरी पर बचेया रोड के पास एक खेत से काले रंग की बाइक बरामद की गयी. पुलिस का मानना है कि फायरिंग करनेवाले अपराधियों ने इसी बाइक का इस्तेमाल किया होगा.
प्राथमिकी दर्ज करायी गई
बबलू सोनी ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. बबलू सोनी बहुत बड़ा जमीन कारोबारी भी नहीं है. उससे पांच करोड़ की रंगदारी क्यों मांगी गयी है, इसकी छानबीन की जा रही है.
प्रवीण कुमार, थाना प्रभारी-नगड़ी
The post Firing in Ranchi : जमीन कारोबारी के घर देर रात फायरिंग, दो युवक घर के पास आये और… appeared first on Naya Vichar.

