Iran Israel War : ईरान और इजरायल के बीच हमले और जवाबी हमले लगातार नौवें दिन भी जारी हैं. ताजा हमले में ईरान ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव पर बैलेस्टिक मिसाइलों और रॉकेट से हमला किया. टाइम्स ऑफ इजराइल के अनुसार, सेंट्रल इजराइल में सायरन बजने लगे हैं. शहर के कई इलाकों में जोरदार धमाके हुए हैं. इजराइली मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने सक्रिय रहते हुए कुछ बैलेस्टिक मिसाइलों और कई रॉकेटों को इंटरसेप्ट कर नष्ट करने में सफलता पाई है, जिससे बड़े नुकसान को टाला जा सका.
ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने बताया कि ईरान के इस्फहान न्यूक्लियर साइट को इजराइल ने निशाना बनाया है, साथ ही कहा कि वहां कोई खतरनाक सामग्री लीक नहीं हुई है. इस्फहान में आज सुबह विस्फोटों की सूचना मिली. इजराइल रक्षा बलों की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है. ईरान ने कहा है कि मौजूदा दौर की लड़ाई के दौरान इजराइल ने पहले भी न्यूक्लियर साइट पर हमला किया था.
ईरानी ड्रोन इजराइली हवाई क्षेत्र में घुसा
इजराइल रक्षा बलों (IDF) का कहना है कि एक ईरानी ड्रोन जो इजराइली हवाई क्षेत्र में घुसा था, गोलान हाइट्स के कई समुदायों में सायरन बजाता हुआ गिरा. हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
यह भी पढ़ें : Video : इजराइल के चिल्ड्रन सेंटर पर गिरी ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल, देखें वीडियो
यूरोपीय देश ईरान के साथ चर्चा जारी रखने के इच्छुक
जंग के बीच ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने कहा कि शीर्ष यूरोपीय राजनयिकों और उनके ईरानी समकक्षों के बीच कई घंटों की बातचीत के बाद यह तय किया गया कि यूरोपीय देश ‘‘ईरान के साथ चल रही चर्चा और बातचीत को जारी रखने के इच्छुक हैं.’’ विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा कि जिनेवा में हुई बातचीत में यूरोपीय देशों ने स्पष्ट कर दिया था कि ईरान के पास ‘‘परमाणु हथियार नहीं हो सकता.’’
The post Iran Israel War : ईरान के न्यूक्लियर साइट पर धमाके, तेहरान ने किया इजराइल पर जोरदार पलटवार appeared first on Naya Vichar.

