नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। प्रखंड के जितवारपुर कुम्हिरा स्थित बासुदेव रामकिशोर चौधरी महाविद्यालय (बीआरकेसी कॉलेज) का गुरुवार को मौलाना आजाद केंद्रीय उर्दू विश्वविद्यालय (एमएसीयू) की तीन सदस्यीय टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया। आंचलिक अधिकारी मोहम्मद मजहर कादरी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कॉलेज के भौतिक संसाधनों और शैक्षणिक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वर्ग कक्ष, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, शौचालय, गर्ल्स एवं बॉयज कॉमन रूम, सभागार कक्ष सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की जांच की गई।
टीम ने परिसर की स्वच्छता, संसाधनों की उपलब्धता और शैक्षणिक वातावरण पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के उपरांत टीम के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया और संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि कॉलेज में छात्रों के समग्र विकास के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना मौजूद है।
इस अवसर पर कॉलेज के संस्थापक सह सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के अधिवक्ता डॉ. राम किशोर चौधरी ने निरीक्षण टीम का स्वागत किया। प्रो. मोहम्मद साफवान द्वारा टीम के सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रो. मोहम्मद शाहनवाज अनवर, प्रो. दरक्षण प्रवीण, प्राचार्य डॉ. जय शंकर ठाकुर, डॉ. अमित कुमार चौधरी, प्रो. शिव कुमार चौधरी, प्रो. अमरेन्द्र कुमार, मनीष कुमार पाण्डेय, राज कुमार सहित सभी प्राध्यापक एवं कॉलेज कर्मी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रशासन ने इसे संस्थान के लिए सकारात्मक संकेत बताया और कहा कि भविष्य में भी शैक्षणिक गुणवत्ता एवं संसाधनों के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। निरीक्षण से कॉलेज प्रबंधन और छात्रों में उत्साह का माहौल देखा गया।