Hot News

Meghalaya Murder : बड़ा खुलासा! शादी के पहले ही राजा रघुवंशी की हत्या का बन गया था प्लान

Meghalaya Murder : मेघालय में मारे गए इंदौर के पर्यटक राजा रघुवंशी के सिर पर किसी धारदार चीज से दो बार हमला किया गया था. इस संबंध में हिंदुस्तान टाइम्स ने समाचार प्रकाशित की है. समाचार में कहा गया है कि एक पुलिस अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि राजा की हत्या की योजना 11 मई को सोनम रघुवंशी के साथ उनकी शादी से पहले ही बन रही थी. सोनम पर अब मेघालय में अपने हनीमून के दौरान अपने कथित प्रेमी राज कुशवाह के साथ इंदौर के व्यवसायी की हत्या की साजिश रचने का आरोप है.

21 वर्षीय कुशवाह और हत्या के लिए कथित तौर पर उसके द्वारा भाड़े पर लाए गए, तीन लोगों में से एक विशाल सिंह चौहान को मेघालय पुलिस ने रविवार रात इंदौर से गिरफ्तार किया. हत्या को अंजाम देने वाले दो अन्य लोगों, उत्तर प्रदेश के ललितपुर के आकाश राजपूत और मध्य प्रदेश के सागर के आनंद कुर्मी को भी गिरफ्तार किया गया. 23 मई से लापता 25 वर्षीय सोनम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे पर मिली और सोमवार की सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

कुशवाह द्वारा दिए गए मोबाइल फोन के साथ इंदौर से मेघालय पहुंचे हत्यारे

राज कुशवाह और चौहान से पूछताछ की जानकारी रखने वाले इंदौर के पुलिस अधिकारी ने बताया, “कुशवाहा कुछ हफ्तों से हत्यारों के संपर्क में था.” अधिकारी ने बताया कि तीनों भाड़े के हत्यारे 17 मई को 50,000 रुपये और कुशवाह द्वारा दिए गए मोबाइल फोन के साथ इंदौर से मेघालय के लिए निकले थे. वहां पहुंचकर उन्होंने रघुवंशी की हत्या करने और उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए एक जगह चुनी.

सोनम ने हनीमून के लिए नौ लाख रुपए लिये

राजा की मां उमा रघुवंशी ने बताया कि 16 मई को सोनम ने राजा को अपना हनीमून प्लान बताया और अगले दिन टिकट बुक कर लिए. उन्होंने बताया, “मेरे बेटे ने मुझे बताया कि सोनम हनीमून पर जोर दे रही है और हम राजी हो गए.” उमा ने बताया कि सोनम ने हनीमून के लिए उनके बेटे से नौ लाख रुपए लिये और कुछ गहने भी साथ ले गई. उन्होंने सोमवार को मीडिया को बताया , “जब मैंने अपने बेटे से पूछा कि वे कब लौटेंगे, तो उसने मुझे बताया कि कोई वापसी टिकट बुक नहीं हुआ है और वे एक सप्ताह के भीतर वापस आ जाएंगे.”

2 जून को राजा का शव वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक घाटी में मिला

20 मई को यह कपल शिलांग पहुंचा. तीन दिन बाद, नोंग्रियाट गांव में होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ ही घंटों बाद यह जोड़ा पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा इलाके में गायब हो गया. शिलांग से कपल द्वारा किराए पर लिया गया स्कूटर 24 मई को सोहरारिम में मिला था. 25 मई को राजा के परिवार ने मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. 2 जून को राजा का शव वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक घाटी में मिला. उसके शरीर से सोने की अंगूठी और चेन गायब थी. एक दिन बाद, पास में ही खून से सना एक चाकू पाया गया और दो दिन बाद, एक रेनकोट जो कि कपल द्वारा इस्तेमाल किए गए रेनकोट के समान था, मावक्मा गांव में पाया गया.

The post Meghalaya Murder : बड़ा खुलासा! शादी के पहले ही राजा रघुवंशी की हत्या का बन गया था प्लान appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top