Hot News

Patahi Airport: नये साल में मुजफ्फरपुर को मिलेगा पताही एयरपोर्ट, चाहरदीवारी का निर्माण कार्य हुआ पूरा

मुख्य बातें

Patahi Airport: मुजफ्फरपुर. प्रभात कुमार. उत्तर बिहार के लोगों के लिए हवाई सफर का सपना अब हकीकत में बदलने जा रहा है. पताही हवाई अड्डे को चालू करने की दिशा में केंद्र प्रशासन की ”उड़ान” योजना के तहत कार्य चल रहा है. हवाई अड्डे की सुरक्षा के मद्देनजर चाहरदीवारी का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. बाउंड्री वॉल का काम खत्म होने के बाद अब पूरा ध्यान रनवे के निर्माण पर है. रनवे के निर्माण के लिए जरूरी सभी तकनीकी व प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गयी हैं. विभागीय सूत्रों के अनुसार, रनवे के लिए बहुत जल्द औपचारिक टेंडर जारी कर दिया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा.

1300 मीटर होगी रन वे की लंबाई

हवाई अड्डा के आसपास के बिल्डिंग से कितने मीटर की ऊंचाई से उड़ान भरा जाएगा, इसके लिए भी तकनीकी टीम सर्वे कर रिपोर्ट सौंप चुकी है. रनवे की लंबाई वर्तमान में 13 सौ मीटर है, जो कि छोटा विमान उड़ाने के लिए पर्याप्त है. इसका पुननिर्माण कर इसे विमान टेकऑफ करने के लायक बनाया जाएगा. पताही एयरपोर्ट 101 एकड़ जमीन पर स्थित है. यहां से छोटे विमान सेवा शुरू करने के लिए अतिरिक्त जमीन अधिग्रहण की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके परिसर का जीर्णाद्धार किया गया है. चहारदीवारी की मरम्मत हो गयी है. इसके लिए कुल 25 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये थे.

पांच जिलों को होगा सीधा लाभ

पताही हवाई अड्डा शुरू होने से न केवल मुजफ्फरपुर बल्कि मोतिहारी, शिवहर, सीतामढ़ी व वैशाली जिले के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा. वर्तमान में यहां के यात्रियों को पटना या दरभंगा का रुख करना पड़ता है. पताही एयरपोर्ट के चालू होने से समय व पैसे दोनों की भारी बचत होगी. स्थानीय सांसद और केंद्रीय जलशक्ति राज्यमंत्री राजभूषण निषाद ने कहा कि पताही एयरपोर्ट को चालू कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. रनवे के निर्माण को लेकर जितनीभी तकनीकी प्रक्रियाएं व कागजी औपचारिकताएं थीं, वे अब पूरी हो गयी हैं. अगले दस दिनों के भीतर रनवे निर्माण के लिए टेंडर निकाल दिया जाएगा.

क्या- क्या बदलेगा?

व्यवसाय और पर्यटन: मोतिहारी के गांधी स्मृति स्थलों व मुजफ्फरपुर के लीची व्यापार को वैश्विक पहचान मिलेगी.
समय की बचत: अभी लोगों को पटना या दरभंगा एयरपोर्ट जाना पड़ता है, जिसमें तीन-चार घंटे का समय लगता है. समय की बचत होगी.
रोजगार के अवसर: एयरपोर्ट शुरू होने से स्थानीय स्तर पर टैक्सी सर्विस, होटल व लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

पताही एयरपोर्ट (एक नजर )

1952 में स्थापित हुआ था
10 एकड़ में है इसकी हवाइ पट्टी
1300 मीटर का है रनवे
2011 में सेना ने फाइटर विमान उतारने के लिए तैयार की थी योजना
2019 में पीएम मोदी ने पताही से हवाई सेवा शुरू करने की घोषणा की थी

खास बात

रनवे निर्माण के लिए जल्द टेंडर, हवाई सफर का सपना होगा साकार
केंद्र प्रशासन की ”उड़ान” योजना के तहत चर रहा है कार्य
हवाई अड्डे की चाहरदीवारी का निर्माण कार्य हुआ पूरा

क्या-क्या और सुविधाएं होंगी

प्रशिक्षण अकादमी

हवाई अड्डा के साथ प्रशिक्षण अकादमी भी बनेगा. इसके लिए एएआइ के साथ 15 वर्ष का समझौता किया गया है. प्रारूप के तहत निर्माण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है. विधि विभाग के स्तर से अनुमति मिलने के बाद इसकी कवायद शुरू कर दी गयी है.

वीआइपी लाउंज

हवाई अड्डा में एक वीआइपी वाउंज का निर्माण भी कराया जाएगा. इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गयी है. इसके तहत शांत वातावरण में कई तरह की सेवाएं उपलब्ध होंगी. काम निपटाने के बाद यहां आराम किया जा सकेगा. इसके अलावा इंटरनेट एक्सेस वाले कंप्यूटर, समाचार पत्र व पत्रिकाएं उपलब्ध होंगी.

1982 तक नियमित थी विमान सेवा

पताही एयरपोर्ट से 1967 से 1982 तक पटना के लिए नियमित रूप से उड़ानें संचालित होती थीं. इसके बाद यहां सेवा बंद कर दी गयी. 2018 में एयरपोर्ट को उड़ान योजना में जोड़ा गया था, ताकि लोगों को दूसरे शहरों से जोड़ा जा सके. राइट्स के प्रतिनिधियों ने सर्वे कर रिपोर्ट सौंपी थी. बाद में इस एयरपोर्ट को फिर से स्थापित करने के लिए कवायद शुरू हुई.

Also Read: Bihar Bhumi: रक्सौल में बेतिया राज की जमीन पर 32700 लोगों का कब्जा, प्रशासन ने दिया खाली करने का आदेश

The post Patahi Airport: नये साल में मुजफ्फरपुर को मिलेगा पताही एयरपोर्ट, चाहरदीवारी का निर्माण कार्य हुआ पूरा appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top