Rajasthan Weather : राजस्थान में सर्दी का दौर जारी है जिससे जनजीवन प्रभावित नजर आ रहा है. शुक्रवार सुबह भी राज्य के कई इलाकों में कोहरा छाया रहा. मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं.
मौसम विभाग ने बताया कि 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान में एक बार फिर दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. साथ ही 23 और 24 दिसंबर को राज्य के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान
मौसम केंद्र (जयपुर) के मुताबिक, शुक्रवार को भी उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में कहीं-कहीं कोहरा छाया रहा, जबकि शेष अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहा. भरतपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में 20 दिसंबर को भी सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 19 से 22 दिसंबर के बीच पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने व न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. हालांकि, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा.
यह भी पढ़ें : IMD Weather Alert: शीतलहर का असर तेज, उत्तर हिंदुस्तान में कोहरा, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट
अधिकतम 31.5 डिग्री सेल्सियस तापमान बाड़मेर में
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा. इस अवधि में अधिकतम 31.5 डिग्री सेल्सियस तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर में 4.0 डिग्री सेल्सियस रहा.
उत्तर-पश्चिम हिंदुस्तान में कैसा रहेगा मौसम
विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम हिंदुस्तान में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है. इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की उम्मीद है.
The post Rajasthan Weather : पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर, IMD ने जारी किया अलर्ट appeared first on Naya Vichar.