
नया विचार सरायरंजन : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा पंचायत अंतर्गत परिहत्था निवासी पंचायत के उप मुखिया धर्मजीत कुमार राय (45) की इलाज के दौरान सोमवार के देर शाम संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया गया है कि उक्त उपमुखिया को 18 अप्रैल की रात करीब 11:00 किसी ने फोन कर बाहर बुलाया था। वह घर वालों को बताकर निकला कि जल्द ही वापस लौट रहे हैं। काफी देर बीतने पर जब वह घर नहीं लौटे तो उनके घर वालों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जब उप मुखिया के स्वजनों ने उनके मोबाइल का नंबर लगाया तो किसी ने बताया कि वह मुसरीघरारी स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती हैं। जानकारी मिलने पर उनके परिवार के लोग बदहवास होकर मुसरीघरारी की ओर
भागे। यहां के चिकित्सक ने बताया कि वह गंगापुर पंचायत के मुबारकपुर स्थित ग्रामीण सड़क के किनारे बेहोशी की हालत में पड़े हुए थे। ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें इस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सुबह चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें आईजीआईएमएस पटना रेफर कर दिया। पटना में इलाज के दौरान सोमवार के देर शाम उनकी मौत हो गई। मृतक को एक पुत्री तथा तीन पुत्रियां हैं। मृतक के पुत्र रोशन कुमार ने पटना के शास्त्री नगर स्थित नगर थाने में एक फर्द बयान दिया है,जिसमें उसने मोबाइल फोन कर बुलाने वाले युवक पर हत्या का आरोप लगाया है।

