Hot News

अफगान तालिबान का आरोप: काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तान का हमला, 400 लोगों की मौत

Afghanistan Hospital Attack: अफगानिस्तान ने आरोप लगाया है कि काबुल के एक अस्पताल में सोमवार रात हमला हुआ. इस हवाई हमले में 400 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 250 अन्य घायल बताए जा रहे हैं. अफगान तालिबान ने आरोप लगाया है कि यह हमला पाकिस्तान ने किया है. फिलहाल बचाव दल इमारत में लगी आग पर काबू पाने और मलबे से शवों को निकालने का काम कर रहे हैं. अफगान तालिबान प्रशासन के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने मंगलवार तड़के बताया कि राजधानी काबुल में यह नशा पीड़ितों का इलाज करने वाला एक अस्पताल है.

अफगानिस्तान की तालिबान प्रशासन ने पाकिस्तान पर अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है. तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा, ‘पाकिस्तानी सैन्य शासन ने एक बार फिर अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया और काबुल में एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल को निशाना बनाया, जिससे इलाज करा रहे नशा पीड़ितों की मौत और घायल होने की घटनाएं हुई हैं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘हम इस अपराध की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं और इसे सभी सार्वभौमिक रूप से मान्यता प्राप्त मानवीय सिद्धांतों का उल्लंघन मानते हैं.’

वहीं, हमदुल्लाह फितरत ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि सोमवार देर रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया. हमले में अब तक 400 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 250 अन्य घायल हैं. अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने कहा था कि इस हमले में 200 से अधिक लोग मारे गए हैं. वहीं, अफगानिस्तान प्रशासन के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा, ‘मारे गए और घायल हुए अधिकांश लोग उस अस्पताल में इलाज करा रहे मरीज थे.’

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियोज में राहतकर्मियों को अस्पताल की इमारत से उठती आग की लपटों को बुझाने की कोशिश करते देखा गया. 

पाकिस्तान ने हमले के आरोप को किया खारिज

वहीं पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के इन आरोपों को सख्ती से खारिज किया है. पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने कहा कि इन हमलों में ‘सैन्य ठिकानों और आतंकवादियों को समर्थन देने वाले ढांचे’ को सटीक रूप से निशाना बनाया गया, जिनमें उपकरण भंडारण और गोला-बारूद के ठिकाने शामिल थे, जिनका उपयोग अफगान तालिबान और पाकिस्तान आधारित उग्रवादी करते थे.  

उसने अफगानिस्तान के इस दावे को खारिज कर दिया कि हमले में किसी ड्रग ट्रीटमेंट सेंटर को निशाना बनाया गया और नागरिकों की मौत हुई. पाकिस्तान का कहना है कि उसकी सेना ने काबुल और अफगान सीमा से लगे नंगरहार प्रांत में कुछ स्थानों को निशाना बनाया. 

हाल के दिनों में सीमा पर झड़पें तेज

अफगान अधिकारियों के अनुसार, यह हवाई हमला उस समय हुआ जब कुछ घंटे पहले पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सेनाओं के बीच साझा सीमा पर गोलीबारी हुई थी. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान से रात में दागे गए मोर्टार गोले दक्षिण-पूर्वी खोस्त प्रांत के गांवों में गिरे, जिसमें दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए.

वहीं, पाकिस्तान का कहना है कि एक दिन पहले अफगानिस्तान से दागा गया मोर्टार उत्तर-पश्चिमी बाजौर जिले में एक घर पर गिरा, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. इन सीमा पार झड़पों को दोनों पड़ोसी देशों के बीच हाल के वर्षों की सबसे घातक लड़ाइयों में से एक माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें:- ट्रंप का दावा ईरान का काम तमाम, होर्मुज स्ट्रेट पर किया नियंत्रण

पिछले 48 घंटे में पाकिस्तान ने दागे 270 रॉकेट-गोल

काबुल में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. हाल के हफ्तों में पाकिस्तानी सेना ने कई बार काबुल पर हमले किए हैं. यह संघर्ष उस आरोप के बाद शुरू हुआ, जिसमें कहा गया कि तालिबान प्रशासन ने ऐसे उग्रवादी समूहों को शरण दी है जो सीमा पार हमले कर रहे हैं. इससे पहले पाकिस्तान ने 48 घंटे के भीतर 270 से अधिक रॉकेट और तोप के गोले दागे थे. इसके जवाब में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान सीमा के पास कई सुरक्षा चौकियों पर हमला किया.

ये भी पढ़ें:- मौत की अफवाहों के बीच सामने आए नेतन्याहू, जारी किया नया वीडियो

टीटीपी पर एक्शन चाहता है पाकिस्तान

पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान पर आरोप लगाता रहा है कि वह उग्रवादी संगठनों, खासकर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को अपने क्षेत्र से संचालित होने और पाकिस्तान में हमले करने की अनुमति देता है. हालांकि काबुल लगातार इन आरोपों से इनकार करता रहा है. इन हवाई हमलों के बाद अफगानिस्तान की तालिबान प्रशासन ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों देशों की साझा सीमा पर रोजाना झड़पें, ड्रोन हमले और गोलीबारी का सिलसिला शुरू हो गया.

The post अफगान तालिबान का आरोप: काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तान का हमला, 400 लोगों की मौत appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top