नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के गंगापुर वार्ड 2 में विगत एक माह से नल जल के तहत पेयजल आपूर्ति ठप है। इससे एक दर्जन से अधिक परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मानें तो एक माह पूर्व उनके वार्ड में पाइप लाइन के फट जाने से जलापूर्ति ठप हुई है। नतीजतन उक्त वार्ड के लोगों को दूर –दराज से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। हद तो यह है कि इस आशय की जानकारी विभागीय कनीय अभियंता को भी दी गई है। फिर भी कोई फलाफल नहीं निकला है। इस संबंध में पूछे जाने पर पंचायत के मुखिया विजय कुमार राय ने बताया कि करीब एक दर्जन घरों में पानी नहीं जा रहा है। इसके लिए विभागीय अभियंता से उनकी बात हो चुकी है। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।

