शीन अनवर
Chakradharpur Municipal Council Election Result 2026: चक्रधरपुर नगर परिषद को अध्यक्ष के रूप में एक युवा और सुलझा हुआ नेतृत्व मिल गया है. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित उम्मीदवार सन्नी उरांव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विजय सिंह गागराई को 1061 मतों के अंतर से पराजित कर जीत हासिल की. चुनाव परिणाम के अनुसार सन्नी उरांव को कुल 11,331 वोट हासिल हुए, जबकि दूसरे स्थान पर रहे विजय सिंह गागराई को 10,270 वोटों से संतोष करना पड़ा. तीसरे स्थान पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार अनुप्रिया सोय को 2,036 वोट मिले. वहीं चौथे स्थान पर 327 वोट के साथ निर्दलीय प्रत्याशी विजय सिंह सुम्बरूई रहे, जबकि पांचवें स्थान पर उत्तम कुमार बालमुचु को 303 मत प्राप्त हुए.
सन्नी उरांव, चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव के सुपुत्र हैं. वहीं उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी विजय सिंह गागराई, खरसावां के विधायक दशरथ गागराई के छोटे भाई हैं. ऐसे में यह चुनाव दो नेतृत्वक परिवारों की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ माना जा रहा था.
राउंडवार उतार-चढ़ाव के बाद पलटी बाजी
मतगणना के शुरुआती रुझानों में मुकाबला कांटे का रहा. शुरुआती दौर में विजय सिंह गागराई बढ़त बनाए हुए थे, जिससे उनके समर्थकों में उत्साह था. हालांकि, बाद के राउंड में सन्नी उरांव ने लगातार बढ़त बनानी शुरू की और अंततः निर्णायक अंतर से जीत दर्ज की.
क्या कहते हैं नेतृत्वक विश्लेषक
नेतृत्वक विश्लेषकों के अनुसार, युवा नेतृत्व, स्थानीय मुद्दों पर फोकस और झामुमो कार्यकर्ताओं की संगठित रणनीति सन्नी उरांव की जीत के प्रमुख कारण रहे. शहरी विकास, पेयजल, सड़क और सफाई व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर उन्होंने प्रचार अभियान में विशेष जोर दिया था.
मतदाताओं ने चुना युवा सोच
चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में इस बार मतदाताओं ने पारंपरिक नेतृत्व के साथ-साथ युवा सोच को भी महत्व दिया. सन्नी उरांव की जीत को इसी बदलाव की दिशा में एक संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
जीत के बाद समर्थकों ने जश्न मनाया. चक्रधरपुर की नेतृत्व में यह परिणाम आने वाले समय में नई दिशा तय कर सकता है, क्योंकि नगर परिषद की कमान अब एक ऐसे युवा चेहरे के हाथ में है, जिस पर जनता ने बड़े अंतर से भरोसा जताया है.
चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद पर मिले वोट
सन्नी उरांव – 11331
विजय सिंह गागराई – 10270
अनुप्रिया सोय – 2036
विजय सिंह सुम्बरूई – 327
उत्तम कुमार बालमुचु – 303
अध्यक्ष का परिचय
नाम : सन्नी उरांव
पिता : सुखराम उरांव (विधायक चक्रधरपुर)
माता : नवमी उरांव
पत्नी : उषा टोप्पो
जन्म : 7 मई 1991 चक्रधरपुर
शिक्षा : पोस्ट ग्रेजुएट (जवाहरलाल नेहरू कॉलेज चक्रधरपुर), आईएएस कोचिंग चाण्डक्य अकादमी नई दिल्ली दिल्ली.
पेशा : नेतृत्व
अनुभव: अध्यक्ष, दिशुम गुरु आशीर्वाद योजना
अध्यक्ष, झारखंड मुक्ति मोर्चा चक्रधरपुर प्रखंड
योगदान : 10 सालों से अधिक समय से नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रिय हैं. 2024 के विधानसभा चुनाव में अपने पिता के लिए कैंपेनिंग का भार संभाला और जीत दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाया.
जीत के पांच कारण
- विधायक पिता सुखराम उरांव का सटीक मैनेजमेंट
- सभी धर्म के मतदाताओं का एकतरफा रुझान
- सभी धार्मिक संगठन यथा अंजुमन इस्लामिया और आरएसएस जैसे संगठनों का एक साथ समर्थन
- युवा, शिक्षित, समझदार और नरम लहजे का उम्मीदवार
- युवा मतदाताओं का भरपूर साथ और कहीं से भी किसी प्रकार का विरोध नहीं
चुनौतियां
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सन्नी उरांव के समक्ष बहुत ज्यादा चुनौतियां तो नहीं होगी, क्योंकि उनके पिता भी विधायक है और दोनों मिलकर शहर का चौतरफा विकास करेंगे. लेकिन प्रमुख जो काम उन्हें करना है उनमें रानी तालाब का जीर्णोद्धार, शहरी जलापूर्ति योजना को लागू करना, श्मशान घाट की सुरक्षा, गुदड़ी बाजार की समस्याओं का समाधान, पोड़ाहाट स्टेडियम का निर्माण, संजय नदी की सुरक्षा प्रमुख हैं.
दूसरे राउंड में बदला परिदृश्य; समर्थकों ने मनाया जश्न
चक्रधरपुर नगर परिषद चुनाव की मतगणना के दौरान राउंडवार नतीजों ने रोमांचक मोड़ ले लिया. पहले राउंड की गिनती में सन्नी उरांव भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजय सिंह गागराई से 1192 मतों से पीछे चल रहे थे. पहले चरण में सन्नी उरांव को 5278 वोट मिले, जबकि विजय सिंह गागराई को 6470 मत प्राप्त हुए. पहले राउंड के नतीजे काउंटिंग हॉल से बाहर आते ही सन्नी उरांव के समर्थकों और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई. वहीं भाजपा समर्थकों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर आतिशबाजी शुरू कर दी. पहले राउंड में कुल 49 बूथों में से 25 बूथों की गिनती पूरी हुई थी.
दूसरे राउंड में शेष 24 बूथों की मतगणना हुई और यहीं से चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल गई. जैसे-जैसे मतपेटियां खुलती गईं, सन्नी उरांव की बढ़त बननी शुरू हो गई और जीत का अंतर लगातार बढ़ता गया. काउंटिंग हॉल के बाहर पल-पल की जानकारी पहुंचती रही और जो समर्थक पहले मायूस थे, उनके चेहरों पर खुशी लौट आई. आखिरकार दूसरे राउंड के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया. सन्नी उरांव के समर्थकों ने नारेबाजी की, पटाखे छोड़े और हरे रंग के अबीर के साथ जीत का जश्न मनाया. चुनाव परिणाम ने यह साबित कर दिया कि आखिरी राउंड तक मुकाबला रोमांचक बना रहता है.
23 डिब्बे और तीन इंजन से दौड़ेगी विकास की रेलगाड़ी : सन्नी उरांव
चक्रधरपुर नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सन्नी उरांव ने जीत का प्रमाणपत्र लेने के बाद शहर के चौतरफा विकास का संकल्प दोहराया. नया विचार से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि अब चक्रधरपुर विकास की नई पटरी पर दौड़ेगा. उन्होंने प्रतीकात्मक अंदाज में कहा कि “हमारे 23 वार्ड पार्षद 23 डिब्बों की तरह हैं और चक्रधरपुर शहर हमारी पटरी है. इस विकास की रेलगाड़ी को तीन इंजन मिलकर आगे बढ़ाएंगे.” सन्नी उरांव ने बताया कि इन तीन इंजनों में वे स्वयं, उनके पिता विधायक सुखराम उरांव तथा राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हैं. उन्होंने कहा कि राज्य प्रशासन का सहयोग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का समन्वय चक्रधरपुर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा.
अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से जो-जो समस्याएं सामने आईं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा. साथ ही पूर्व से लंबित विकास कार्यों को भी गति दी जाएगी. उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा और सभी वार्डों में समान रूप से योजनाएं लागू की जाएंगी. सन्नी उरांव ने शहर की बुनियादी सुविधाओं सड़क, नाली, पेयजल, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने को प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगारोन्मुखी पहल और स्त्रीओं के सशक्तिकरण की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले पांच वर्षों में चक्रधरपुर की तस्वीर बदलेगी और शहर विकास के नए मॉडल के रूप में उभरेगा. “चक्रधरपुर के भविष्य को संवारने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी,” उन्होंने दृढ़ता से कहा.
ये भी पढ़ें…
मनोज चौधरी बने सरायकेला नगर पंचायत के नये अध्यक्ष
खूंटी नगर पंचायत की अध्यक्ष बनीं रानी टूटी, देखें वार्ड के पार्षदों की लिस्ट
The post चक्रधरपुर नगर परिषद की कमान सन्नी उरांव के हाथ, विधायक दशरथ गागराई के भाई को दी मात appeared first on Naya Vichar.

