संवाददाता, कोलकाता
पहले दिन की माध्यमिक की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गयी. माध्यमिक शिक्षा पर्षद ने कहा कि एसआइआर में कई शिक्षक, जिला स्कूल परिदर्शक, स्कूल परिदर्शक के शामिल होने के बावजूद परीक्षा कराने में मुश्किल नहीं आयी. हालांकि कुछ स्कूलों के प्रधानाध्यापक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है. पर्षद ने कहा कि परीक्षा के पहले दिन तक 45 स्कूलों ने 50 छात्रों का एडमिट कार्ड संग्रह नहीं किया था. पर्षद के अध्यक्ष रामानुज गंगोपाध्याय ने बताया कि कई लोगों को डर था कि एसआइआर के दौरान माध्यमिक परीक्षा होने के कारण अव्यवस्था फैल सकती है. लेकिन पहले दिन कोई मुश्किल नहीं हुई. सभी शिक्षक व अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभायी. हालांकि कुछ स्कूलों ने दावा किया कि एसआइआर की वजह से शिक्षकों की कमी के कारण अधिकारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. जिले में कुछ छिटपुट घटनाएं सामने आयीं हैं. पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर में साउथ साइट हाइस्कूल में एक छात्र को नकली दस्तावेजों के साथ पकड़ा गया. बांकुड़ा के गोपीनाथपुर सरोज बासिनी हाइस्कूल में परीक्षा के दौरान एक छात्रा को मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया. हालांकि पर्षद का दावा है कि मोबाइल फोन में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. नियमों के मुताबिक छात्रा की पूरी परीक्षा रद्द कर दी गयी है. इस बार कहीं से अशांति की समाचारें नहीं आयीं. पिछले कुछ वर्षों में मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर से अशांति की समाचारें आयीं थीं. स्कूलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. कुछ जगहों पर मेटल डिटेक्टर भी लगाया गया था.
एडमिट कार्ड भूलकर परीक्षा केंद्र पहुंचीं दो छात्राएं, पुलिस की तत्परता से दे सकीं परीक्षा :
राज्य में सोमवार से माध्यमिक परीक्षा शुरू हो गयी है. इस दौरान विधाननगर और टीटागढ़ की दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस की तत्परता से दो छात्राएं परीक्षा देने में सफल रहीं. विधाननगर में एक छात्रा परीक्षा केंद्र पहुंची, जहां प्रवेश के समय उसे पता चला कि वह अपना एडमिट कार्ड घर पर ही भूल आयी है. पुलिस के अनुसार, अंबिका गर्ल्स स्कूल की छात्रा ने जब यह जानकारी एएसआइ समीर दास को दी, तो उन्होंने बिना देर किये छात्रा को अपनी बाइक पर उसके घर ले जाकर एडमिट कार्ड मंगवाया और उसे समय रहते परीक्षा केंद्र वापस पहुंचा दिया. इसके बाद छात्रा ने समय पर परीक्षा दी. उधर, बैरकपुर वेस्ले हिंदुस्तानी हाई स्कूल की माध्यमिक परीक्षार्थी स्मृति साहानी जब परीक्षा केंद्र पहुंची, तो उसे भी पता चला कि वह अपना एडमिट कार्ड घर पर ही भूल आयी है. उसने भी पुलिस की मदद से परीक्षा दी. घबराई छात्रा ने टीटागढ़ आर्य विद्यालय के सामने ड्यूटी पर तैनात टीटागढ़ थाने के एक पुलिस अधिकारी को इसकी जानकारी दी. पुलिसकर्मी ने तुरंत बाइक से छात्रा के घर जाकर एडमिट कार्ड लाया और उसे परीक्षा केंद्र पहुंचा दिया, जिससे वह समय पर परीक्षा दे सकी.
जंगल इलाकों में विशेष परिवहन व्यवस्था
कोलकाता. सोमवार से राज्यभर में माध्यमिक परीक्षा शुरू हो गयी है. जंगल से सटे और हाथियों की आवाजाही वाले इलाकों में परीक्षार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने विशेष परिवहन व्यवस्था शुरू की है. इसके तहत परीक्षार्थियों को सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है. जंगल क्षेत्रों में वाहन सेवा : वन विभाग के विशेष वाहन और राज्य प्रशासन की बसें बागडोगरा के टिपुखोला तिरहाना, अर्ड और ताराबाड़ी, नक्सलबाड़ी के बेलगाछी और पानीघाटा जंगल क्षेत्र, तथा खोरीबाड़ी के बुड़ागंज इलाके में सुबह से तैनात की गईं. इन वाहनों से परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना किया गया. जानकारी के अनुसार इन क्षेत्रों से 100 से अधिक परीक्षार्थी विभिन्न केंद्रों में परीक्षा दे रहे हैं.
The post पहले दिन राज्यभर में शांतिपूर्ण संपन्न हुई माध्यमिक की परीक्षा appeared first on Naya Vichar.

