सुरेंद्र कुमार/शंकर पोद्दार
Ramgarh (रजरप्पा): देश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. घटना से जुड़ा वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले को गंभीरता को समझते हुए रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने चार जैप जवान और एक गृह रक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. मंदिर परिसर में अब दूसरे जवानों को तैनात किया गया है और उन्हें हिदायत दी गई है कि श्रद्धालुओं से किसी प्रकार की बदतमीजी न हो.
आदित्यपुर निवासी के साथ हुई मारपीट
जानकारी के अनुसार जमशेदपुर के आदित्यपुर निवासी सौरभ कुमार, सुमन कुमार और प्रेम कुमार अपने परिवार के साथ रविवार को मां छिन्नमस्तिके देवी की पूजा-अर्चना करने रजरप्पा मंदिर पहुंचे थे. बताया जाता है कि मंदिर में भीड़ अधिक होने के कारण वे लोग निकासी द्वार से अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद चार-पांच पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने लगे.
मारपीट का वीडियो वायरल
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने लाठी, थप्पड़ और घूंसे से श्रद्धालुओं की पिटाई कर दी. इस दौरान श्रद्धालु की पत्नी और उसकी मां उसे बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन पुलिसकर्मी लगातार मारपीट करते रहे. बाद में मंदिर के पुजारियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गयी और मामले की जांच शुरू कर दी गयी.
पैसा लेने का भी लगा है आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को रामगढ़ एसपी अजय कुमार रजरप्पा मंदिर पहुंचे. उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और वहां मौजूद पुजारियों, दुकानदारों और पुलिसकर्मियों से पूरे मामले की जानकारी ली. पूछताछ के दौरान पुजारियों ने बताया कि वे श्रद्धालु यह आरोप लगा रहे थे कि उनसे पैसे लेने के बाद भी मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था. हालांकि पैसा किसने लिया और इस आरोप में कितनी सच्चाई है, यह जांच का विषय है.
पूरे मामले पर एसपी ने कही यह बात
एसपी अजय कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि रविवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी. अनुमान के मुताबिक उस दिन करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे. इसी दौरान आदित्यपुर से आये कुछ लोग निकासी द्वार से जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे और पुलिसकर्मियों के साथ विवाद हो गया. जिसके बाद हाथापाई की स्थिति बन गयी. मामले की जांच के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए जैप जवान श्यामलाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव, जॉनसन सुरीन और गृह रक्षक सिकंदर यादव को निलंबित कर दिया गया है.
मौके पर मुख्यालय डीएसपी चंदन कुमार वत्स, चितरपुर सीओ दीपक मिंज, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे. घटना को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है. वहीं प्रशासन ने मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस के साथ-साथ पुजारियों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपेक्षा की है.
इसे भी पढ़ें:
हाईकोर्ट में 4 हफ्ते के लिए टली जमशेदपुर के जेएनसी की सुनवाई, सुप्रीम कोर्ट से मिल चुका है स्टे
बोकारो सिविल कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था टाइट
The post रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट का मामला गरमाया, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड appeared first on Naya Vichar.

