Hot News

रांची: जिस जलमीनार को तोड़ने पहुंचे थे मजदूर, वही बनी मौत का कारण; मलबे में दबकर दो की मौत

रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट

रांची: रांची कोतवाली थाना के ठीक पीछे बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया. पुरानी और जर्जर जलमीनार को तोड़ने के दौरान उसका ढांचा अचानक भरभराकर गिर पड़ा. इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतकों की पहचान सत्या भुइयां और मैथिलीशरण महतो के रूप में हुई है. दोनों मजदूर पलामू के रहने वाले थे. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.

मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित स्थल पर पुरानी पानी की टंकी को हटा कर नयी टंकी का निर्माण कराया जाना था. इसी सिलसिले में बुधवार को मजदूर पुरानी संरचना को ढहाने के काम में जुटे हुए थे. इस दौरान मौके पर कुल चार मजदूर काम कर रहे थे. इसी बीच दोपहर में जर्जर जलमीनार का मुख्य ढांचा अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरा. वहां काम कर रहे मजदूर संभल पाते, इससे पहले ही वे भारी-भरकम मलबे के नीचे दब गये.

जोर की हुई आवाज

जलमीनार गिरते ही जोर की आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास के लोग बदहवास होकर उधर दौड़े. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय कोतवाली थाना को दी गयी. जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और आनन-फानन में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया. भारी मलबे को हटा कर नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकालने की कवायद शुरू हुई, लेकिन तब तक दो मजदूरों की सांसें थम चुकी थीं. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है.

रात और बारिश के कारण करनी पड़ी कड़ी मशक्कत

रात होने और बारिश होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस की टीम के अलावा रांची नगर निगम के भी कई मजदूर लगे हुए थे. शवों को खोजने के लिए मोबाइल की लाइट से कई लोग लगे हुए थे.

सुरक्षा मानकों की उड़ीं धज्जियां, जांच में जुटी पुलिस

पुरानी संरचना को तोड़ने के दौरान हुए इस भीषण हादसे ने निर्माण और ध्वस्तीकरण कार्य में बरती जाने वाली लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इतनी ऊंची और जर्जर संरचना को गिराने के दौरान सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गये थे. मजदूरों के पास जरूरी सुरक्षा उपकरण तक मौजूद नहीं थे. फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में क्रेन और जेसीबी के जरिए मलबा हटाने का काम जारी है. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है, ताकि आम लोगों की आवाजाही को रोका जा सके. कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है. जांच की जा रही है कि कार्य में किस स्तर पर लापरवाही हुई थी.

The post रांची: जिस जलमीनार को तोड़ने पहुंचे थे मजदूर, वही बनी मौत का कारण; मलबे में दबकर दो की मौत appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top