Ranchi Mayor Election Result: झारखंड की राजधानी रांची में शहर की कमान अब रोशनी खलखो के हाथों में पहुंच गई है. करीब आठ साल बाद शहर को नई मेयर के रूप में रोशनी मिल गई हैं. उनपर नगर की जनता ने अपना विश्वास दिखाया, जिसका नतीजा यह हुआ कि वह 14,363 मतों से विजयी रहीं. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमा खलखो को शिकस्त दी है. इस चुनाव में रोशनी को 1,57,669 मत और रमा खलखो को 1,43,306 मत प्राप्त हुए. रोशनी खलखो पहले चरण से ही रमा पर भारी पड़ रही थीं.
पहले राउंड से रमा पर रोशनी पड़ीं भारी
शुक्रवार को शुरू हुई मगणना के पहले राउंड में ही रोशनी खलखो रमा खलखो पर भारी पड़ने लगी थीं. पहले राउंड में रोशनी खलखो को 44,574 मत और रमा खलखो को 31,063 मत मिले थे. वहीं, दूसरे राउंड की मतगणना में रोशनी को 40,208 और रमा को 29,635 वोट मिले. तीसरे राउंड में भी रोशनी और रमा के बीच बड़ा फासला रहा, जो अंत तक जारी रहा. इधर, किरण कुमारी को 14,206, देवी दयाल मुंडा को 11,974, प्रवीण कच्छप को 16,760, विनोद बड़ाइक को 6,843, सुजाता कच्छप को 12,661, सुजीत बिजय आनंद कुजूर को 19,305, सुमन कांत तिग्गा को 6,355, सुरेंद्र लिंडा को 6,784 और सोनू खलखो को 13,018 मत मिले.
प्रत्येक राउंड में बदलता रहा प्रत्याशियों का भाव
मतगणना स्थल पर सभी मेयर प्रत्याशियों की नजर थी. वे सुबह से ही वहां मौजूद थे. मुख्य प्रत्याशी के रूप में रोशनी खलखो और रमा खलखो के भाव प्रत्येक मतदान पेटी के निर्णय के बाद बदल रहे थे. पहले राउंड के अंतर के बाद रमा खलखो को उम्मीद थी कि वह आगे निकल जाएंगी, लेकिन जब दूसरे राउंड में भी रोशनी आगे रहीं तो रमा के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ झलकने लगी थीं.
रांची की नई मेयर का पहला साक्षात्कार
रांची में मेयर पद का चुनाव जीतने के बाद नया विचार ने रोशनी खलखो से पहला साक्षात्कार किया है. इस साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि यह जीत हमारी नहीं, बल्कि राजधानी रांची के लोगों की जीत है. यह लंबे संघर्ष, धैर्य और जनता के समर्थन का परिणाम है. यह कहते हुए मेयर पद की प्रत्याशी रोशनी खलखो के चेहरे पर जीत की खुशी के साथ-साथ आंखों में आंसू भर आए. उनका गला भर आया. उन्होंने कहा कि रास्ते में कई बाधाएं आईं, लेकिन वे उन बाधाओं को हटाते हुए आगे बढ़ती गईं. उन्होंने कहा कि काफी प्रयासों के बावजूद नगर निगम का चुनाव नहीं कराया गया. राज्य प्रशासन चुनाव कराने के प्रति उदासीन रही. इसके बाद सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद मैंने हाइकोर्ट में याचिका दायर की. अंततः चुनाव कराने का आदेश आया. इसके बाद लोगों का भरपूर समर्थन मिला.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में बीत गई सस्पेंस की रात! किसके सिर सजेगा ताज, फैसला होगा आज
रोशनी खलखो से राणा प्रताप के सवाल
- सवाल: अब आप रांची की मेयर हैं. लोगों ने आपको अपना मेयर चुना है. ऐसे में आप किस कार्य को सबसे पहले धरातल पर उतारेंगी?
- जवाब: लोगों का भरपूर प्यार मिला है. पिछले तीन वर्षों से राजधानी रांची कई समस्याओं से जूझती रही है. आने वाले दिनों में मेरा सबसे पहला काम यह होगा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता के बीच रहें. लोग अधिकारियों के पास नहीं जायेंगे, बल्कि अधिकारी लोगों के पास जायेंगे. उनकी समस्याएं सुनकर उनका समाधान निकालेंगे.
- सवाल: राजधानी की समस्याओं को आप कैसे दूर करना चाहती हैं? इसके लिए कौन-सा तरीका अपनायेंगी?
- जवाब: रांची को ग्रीन सिटी और पर्यटन का केंद्र बनाना मेरा लक्ष्य है. इसके लिए मेरे पास रोडमैप है. उस पर अभी और गहन विचार-विमर्श किया जायेगा और उसे धरातल पर भी उतारा जायेगा. हमारे पास पांच वर्ष का समय है. इस दौरान राजधानीवासियों की समस्याओं का समाधान करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी.
- सवाल: रांची नगर निगम के पास आय के सीमित स्रोत हैं. प्रशासन के सहयोग के बिना विकास योजनाओं का संचालन कैसे हो सकेगा?
- जवाब: हम नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे, ताकि अपने स्तर से विकास कार्य पूरे कर सकें. हालांकि इसके लिए प्रशासन का सहयोग भी जरूरी होगा.
- सवाल: रांची में पेयजल, साफ-सफाई जैसी कई समस्याएं हैं. इन्हें कैसे दूर करेंगी?
- जवाब: रांची हमारी जन्मस्थली है और हमारी कर्मभूमि भी है. हम रांची को सचमुच राजधानी जैसा बनायेंगे. जिस तरह एक बहू अपने घर को सजाती-संवारती है, उसी तरह हम राजधानी को सजाने-संवारने का काम करेंगे.
- सवाल: अब तक के अपने नेतृत्वक सफर का श्रेय आप किसे देना चाहेंगी?
- जवाब: मैं अपने गुरु को इसका श्रेय देना चाहूंगी. मां बॉबी तिर्क, पिता दिलबर तिर्की, पति सुजीत उरांव, परिवार के अन्य सदस्य, समाज और संगठन भाजपा को भी श्रेय दूंगी, जिनके प्यार और सहयोग ने मुझे मजबूत बनाया और संघर्ष करने की शक्ति दी.
इसे भी पढ़ें: बोकारो के चास में भोलू पासवान के सिर सजा मेयर का ताज, अविनाश को मिली हार
The post रांची में चमक गई रोशनी, 1.57 लाख से अधिक वोट पाकर बनी शहर की प्रशासन appeared first on Naya Vichar.

