Hot News

January 26, 2025

अपराध, बिहार

ध्वजारोहण के बाद घर लौट रहे थे शिक्षक, अचानक रास्ते में नकाबपोश अपराधियों ने मारी ताबड़तोड़ गोली

नया विचार आरा – भोजपुर जिले में गणतंत्र दिवस के दिन एक शिक्षक को गोली मार दी गई। 45 वर्षीय योगेन्द्र प्रसाद, चमरपुर प्राथमिक विद्यालय से ध्वजारोहण के बाद घर लौट रहे थे। बहोरनपुर बांध के पास बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधी उन्हें गोली मारकर फरार हो गए। घायल शिक्षक को बाबू बाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने गोली निकाल दी है और उनकी हालत स्थिर बताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बेखौफ हुए अपराधी चमरपुर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक योगेन्द्र प्रसाद पर ये जानलेवा हमला हुआ है। योगेन्द्र प्रसाद बहोरनपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव के रहने वाले हैं। वह स्कूल में झंडा फहराने के बाद अपने घर वापस जा रहे थे। रास्ते में बहोरनपुर बांध रोड पर दो नकाबपोश अपराधी बाइक पर आए। उन्होंने योगेन्द्र प्रसाद को रोका और उनके सिर में गोली मार दी। गोली कनपटी के पास लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। शिक्षक को मारी गोली स्थानीय लोगों ने घायल शिक्षक को तुरंत बाबू बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया और गोली निकाल दी। घायल शिक्षक का इलाज कर रहे डॉक्टर विकास सिंह ने बताया कि गोली को निकाल दिया गया है। मरीज का BP, पल्स सब स्टेबल है और खतरे से बाहर है। उसको अभी ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही बहोरनपुर थाना की पुलिस हरकत में आई। थानाध्यक्ष अभय शंकर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। घायल शिक्षक योगेन्द्र प्रसाद ने पुलिस को बताया कि वह विद्यालय से झंडा तोलन करके वापस आ रहे थे तभी बहोरनपुर बांध के समीप नकाबपोश अपराधियों ने उनको गोली मार दी और फरार हो गए। पुलिस इस हमले के पीछे के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

ताजा ख़बर, बिहार

बिहार भाजपा अध्यक्ष का चुनाव ‘टला’, जानिए 5 फरवरी के बाद किसके सिर सजेगा ‘ताज’?

नया विचार – बिहार भाजपा अध्यक्ष का चुनाव अब 5 फरवरी के बाद होगा। पहले यह चुनाव 19 जनवरी को होना था, लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव और अन्य कारणों से इसे टाल दिया गया। नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए बिहार भाजपा के 243 से ज्यादा प्रतिनिधि वोट करेंगे। अगर सर्वसम्मति बनती है तो वोटिंग नहीं होगी। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से चुनाव टालने का निर्देश आया था। बिहार भाजपा के लगभग 50 पदाधिकारी दिल्ली चुनाव में व्यस्त हैं। इसके अलावा, पार्टी ‘संविधान गौरव अभियान’ में भी व्यस्त है, जो 25 जनवरी को समाप्त हुआ। एक नाम पर सहमति बनने से नहीं पड़ेगी चुनाव की जरूरत पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि अगर अध्यक्ष पद के लिए सभी की सहमति किसी एक नाम पर बन जाती है, तो चुनाव की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। ऐसे में नए अध्यक्ष का ऐलान बिना वोटिंग के हो जाएगा। लेकिन अगर सर्वसम्मति नहीं बनती है, तो चुनाव होगा। इस चुनाव में बिहार भाजपा के हर विधानसभा क्षेत्र से चुने गए 243 से ज्यादा प्रतिनिधि वोट करेंगे। बिहार भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पार्टी के संविधान के मुताबिक, नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान प्रतिनिधि परिषद की बैठक में होता है। यह बैठक 19 जनवरी को होनी थी। लेकिन 19 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम होने के कारण चुनाव टाल दिया गया। इसके बाद गणतंत्र दिवस के बाद चुनाव कराने का सुझाव आया था। दिल्ली चुनाव में बिहार बीजेपी के 50 पदाधिकारी व्यस्त पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, चुनाव टालने का आदेश पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से आया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार भाजपा के लगभग 50 पदाधिकारियों को दिल्ली भेजा गया है। ये पदाधिकारी दिल्ली में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। इसके अलावा पार्टी ‘संविधान गौरव अभियान’ में भी व्यस्त रहे। यह अभियान मंडल और जिला स्तर पर चला और 25 जनवरी को समाप्त हुआ। विधानसभा चुनाव को लेकर नए अध्यक्ष की होगी महत्वपूर्ण भूमिका इस चुनाव के बाद ही पता चलेगा कि बिहार भाजपा का नया नेतृत्व कौन करेगा। यह चुनाव पार्टी के लिए काफी अहम है, क्योंकि अगले साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। नए अध्यक्ष के सामने पार्टी को मज़बूत करने और चुनाव की तैयारी करने की बड़ी ज़िम्मेदारी होगी।

बिहार, समस्तीपुर

समस्तीपुर के रेलवे चिकित्सक डॉ अभिषेक रंजन की प्रयागराज में मौत, महाकुंभ में रेलवे ने लगाई थी ड्यूटी.

नया विचार – समस्तीपुर रेलवे अस्पताल के चिकित्सक डॉ अभिषेक रंजन की रविवार को प्रयागराज में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आनन-फानन में महाकुंभ मेला स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान डॉ अभिषेक रंजन की मौत हो गई। 28 वर्षीय डॉ अभिषेक समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड के सातनपुर के रहने वाले थे। उनके पिता होमियोपैथ चिकित्सक हैं। अभिषेक की अचानक मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेले में रेलवे की ओर से उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। 26 जनवरी से 5 फरवरी तक उनकी ड्यूटी थी। लेकिन ड्यूटी के पहले ही दिन सुबह-सुबह उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। अभिषेक की मौत से उनके परिवार समेत पूरे इलाके में मातम का माहौल है। समस्तीपुर रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि डॉ अभिषेक संविदा पर बहाल हुए थे। आज सुबह प्रयागराज से पहले उनकी तबीयत खराब होने की समाचार आई। फिर बताया गया कि वे नहीं रहे। अभिषेक बहुत ही होशियार और होनहार डॉक्टर थे। उनके निधन से रेलवे अस्पताल को बहुत बड़ी क्षति हुई है। सीएमओ ने बताया कि डॉ अभिषेक 20 जुलाई 24 से रेलवे अस्पताल में तैनात थे। कुंभ के लिए रेलवे की ओर से उनकी ड्यूटी प्रयागराज में लगाई गई थी। रविवार की सुबह प्रयागराज के सीएमओ ने उनके अचानक बीमार होने और इलाज के दौरान निधन की जानकारी दी।

बिहार, विश्लेष्ण

बिहार के सबसे बड़े बाहुबली को ‘बाय-बाय’ करेंगे नीतीश, बुढ़ापा में जवानी दिखाने पर कटेगा विधानसभा टिकट!

नया विचार – बिहार के बड़े बाहुबली नेताओं में एक और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह ने शुक्रवार को पटना की बाढ़ कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। उन्हें बेऊर जेल भेज दिया गया है। यह मामला सोनू-मोनू गिरोह से जुड़ी गोलीबारी की घटना से संबंधित है। अनंत सिंह मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा भी रखते हैं, जहां से वर्तमान में उनकी पत्नी नीलम देवी विधायक हैं। हालांकि इस घटना के बाद कयासों का बाजार गर्म है। मुंगेर सांसद ललन सिंह के बयान के बाद कयास लगाया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अनंत सिंह को ‘बाय-बाय’ भी कह सकते हैं। क्या है पूरा मामला दरअसल, 22 जनवरी की शाम पटना के नौरंगा जलालपुर गांव में अनंत सिंह और सोनू-मोनू गिरोह के बीच गोलीबारी हुई थी। इस गोलीबारी में कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। पुलिस ने इस मामले में कई FIR दर्ज की और कुछ गिरफ्तारियां भी हुई। इस घटना के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है। बता दें कि अनंत सिंह का मोकामा क्षेत्र में काफी प्रभाव है। उनके परिवार का इस सीट पर लंबे समय से दबदबा रहा है। उन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनकी पत्नी नीलम देवी वर्तमान में मोकामा से विधायक हैं। अनंत सिंह इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में इसी सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। फिलहाल वे पटना के बेऊर जेल में बंद हैं। सोनू-मोनू ईंट भट्टा कारोबारी वहीं, सोनू-मोनू दो भाई हैं, जिनका ईंट भट्ठा और मिट्टी का कारोबार है। उनके पिता प्रमोद सिंह वकील हैं और मां उर्मिला सिन्हा स्थानीय मुखिया हैं। सोनू-मोनू पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अनंत सिंह और सोनू-मोनू के बीच पहले भी विवाद हो चुके हैं। गोलीबारी के बाद तो सोनू ने यहां तक कह दिया कि 68 की उम्र में 34 वाले से लड़ रहे हैं। वहीं, सूरजभान सिंह और पप्पू यादव ने कहा था कि इस उम्र में अनंत सिंह को ये सब करना शोभा नहीं देता है। क्यों हुई गोलीबारी बताया जा रहा है कि गोलीबारी की घटना की शुरुआत एक पैसों के विवाद से हुई। सोनू-मोनू का मुकेश कुमार सिंह नाम के व्यक्ति से 60 लाख रुपये का विवाद था। मुकेश सिंह सोनू-मोनू के ईंट भट्टे में मुंशी का काम करते थे। मुकेश सिंह ने अपनी फरियाद अनंत सिंह से की। अनंत सिंह पहले मुकेश सिंह के घर गए और फिर सोनू-मोनू से बात करने के लिए उनके पास गए। इसी दौरान दोनों गुटों के बीच गोलीबारी हो गई। मुकेश कुमार सिंह का कहना है कि सोनू मोनू हम पर 60 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाते हैं। उन लोगों ने मेरे घर पर ताला लगा दिया था तो हम लोग थाने गए, लेकिन वहां किसी ने नहीं सुनी तो हम लोग अपनी फरियाद लेकर विधायक जी (अनंत सिंह) के पास गए। विधायक जी पहले हमारे घर (हेमजा गांव) आए और ताला खोले। बाद में वो सोनू-मोनू से मिलने नौरंगा गए। उन्होंने अपने आदमी को सोनू-मोनू को बुलाने भेजा। इसी दौरान सोनू-मोनू फायरिंग करने लगे। वहीं सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह का कहना है कि अनंत सिंह के लोगों ने पहले गोली चलाई। उनका कहना है कि चुनाव में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी की मदद नहीं करने की वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। क्या कह रहे पुलिस अधिकारी बाढ़ के ASP राकेश कुमार के अनुसार, इस गोलीबारी में 15 से 20 राउंड फायरिंग हुई। हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि 60 से 70 राउंड गोलियां चलीं। दावा किया जा रहा है कि 24 जनवरी की सुबह फिर से गोलीबारी हुई। मुकेश कुमार सिंह का कहना है कि सुबह पांच बजे सोनू और उसके समर्थकों ने उनके घर पर अंधाधुंध गोलीबारी की। हालांकि, पटना के ग्रामीण SP ने इस दावे को संदेहास्पद बताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की तैनाती में इस तरह की घटना होना संदेह पैदा करता है। गोलीबारी मामले में 4 एफआईआर बता दें कि 22 जनवरी को गोलीबारी के मामले में चार एफआईआर दर्ज हुई हैं। एक अनंत सिंह की तरफ से, दूसरी मुकेश सिंह की तरफ से, तीसरी पचमहला थाना और चौथी सोनू-मोनू की मां उर्मिला ने दर्ज कराई है। इस मामले में सोनू के साथ-साथ अनंत सिंह गुट की तरफ से रोशन की गिरफ्तारी हुई है। बिहार की सियासत तेज इस घटना के बाद से ही बिहार की नेतृत्व में भी हलचल मच गई है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं, मुंगेर के सांसद ललन सिंह ने अनंत सिंह को टिकट देने के लिए तेजस्वी यादव पर ही सवाल उठाया है। दोनों नेताओं की बयानबाजी के बाद मोकामा की नेतृत्व में नए समीकरण बना दिए हैं। वहीं, इस घटना के बाद सोनू-मोनू और अनंत सिंह, दोनों ने मीडिया के सामने आकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए। इस घटना ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है। इस घटना का असर अनंत सिंह के नेतृत्वक भविष्य पर भी पड़ सकता है। संभव है कि नीतीश कुमार की पार्टी अनंत सिंह को टिकट ही न दे। शायद ललन सिंह ने ‘तेजस्वी के टिकट’ पर सवाल उठाकर इशारा कर दिया है।

बिहार

JDU MLA गोपाल मंडल ने कुर्सी पर बैठने को लेकर किया बवाल, SDPO को करना पड़ा मामले को शांत

नया विचार – भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल के कचहरी मैदान में गणतंत्र दिवस के मौके पर झंडोत्तोलन के समय कुर्सी पर बैठने को लेकर विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने एक बार फिर बवाल खड़ा कर दिया. वहीं उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग भी किया. अपने बैठने के लिए कुर्सी ढूंढने लगे लेकिन उन्हें खाली कुर्सी नहीं दिखी जिसके बाद विधायक नाराज हो गए. नाराज जेडीयू विधायक गोपाल मंडल ने जिसके बाद बवाल करना शुरू कर दिया और दूसरे की कुर्सी खींचने लगे. एसडीपीओ ओम प्रकाश ने किया मामला शांत नाराज जेडीयू विधायक गोपाल मंडल को जो भी समझाने और शांत करने का कोशिश किया विधायक ने उसके साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया. जिसके बाद अनुमंडल कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी सुधीर कुमार, एसडीपीओ ओम प्रकाश को बीच बचाव कर के मामला शांत करना पड़ा. जिसके बाद भागलपुर जिला के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के नाराज जेडीयू विधायक गोपाल मंडल ने पीछे की ओर से कुर्सी और सोफा मंगवा कर मंच के बाहर बैठे और अपने परिवार के लोगों को भी बैठाया. पहले भी हुआ है बवाल विधायक गोपाल मंडल का ये कोई नया मामला नहीं है इसके पूर्व भी विधायक गोपाल मंडल कुर्सी पर बैठने को लेकर बवाल कर चुके है इसके पूर्व वर्ष 2023 में भी गणतंत्र दिवस के मौके पर नवगछिया पुलिस लाइन में सोफे पर बैठने को लेकर पूर्व सांसद अनिल यादव के साथ विवाद कर चुके है. देखें वीडियो https://youtu.be/UzbqD0eteog?si=1f6ybB8hGnPUJ7nK

समस्तीपुर

सरायरंजन में गणतंत्र दिवस पर जगह-जगह हुआ ध्वजारोहण 

नया विचार सरायरंजन ।शहर से लेकर गांव तक हर्ष उल्लास के साथ ध्वजारोहण किया गया। प्रखंड कार्यालय परिसर में बीडीओ सुनील कुमार, अंचल कार्यालय परिसर में अंचलाधिकारी निशांत कुमार ,चकबंदी कार्यालय परिसर में राजस्व अधिकारी प्रीति कुमारी मिश्रा ,सीडीपीओ कार्यालय परिसर में सीडीपीओ पुष्पराज ,नगर पंचायत कार्यालय सराय रंजन परिसर में मुख्य पार्षद पूजा कुमारी, पंचायत समिति कार्यालय परिसर में प्रमुख वीणा कुमारी, सरायरंजन थाना परिसर में थाना अध्यक्ष प्रताप कुमार सिंह, मुसरीघरारी थाना परिसर में थाना अध्यक्ष फैजुल अंसारी, मुसरीघरारी नगर पंचायत परिसर में मुख्य पार्षद दिव्या कुमारी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय उदापट्टी में प्रधानाध्यापक अभिषेक कुमार झा, प्राथमिक विद्यालय उदाहाट वार्ड नंबर 4 में प्रधानाध्यापिका ज्योति प्रभा कुमारी, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय ब्राह्मबाणा में चंदेश्वर झा, प्राथमिक विद्यालय उदापट्टी पूरव टोल में प्रधानाध्यापक शिवलाल महतो, गंगापुर पंचायत भवन में मुखिया विजय कुमार राय, गंगापुर पैक्स कार्यालय परिसर में पैक्स अध्यक्ष जयकुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया।

समस्तीपुर

बखरी बुजुर्ग पैक्स भवन पर पैक्स अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण 

नया विचार सरायरंजन। गणतंत्र दिवस के अवसर पर रविवार को बखरी बुजुर्ग पंचायत के पैक्स भवन पर पैक्स अध्यक्ष राधाकांत झा ने ध्वजारोहण किया ।ध्वजारोहण के बाद उन्होंने तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान बड़ी संख्या में पंचायत वासी मौजूद थे। ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद पैक्स अध्यक्ष राधाकांत झा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस की तारीख हमारे लिए बेहद ऐतिहासिक है ।क्योंकि इसी दिन हमें हमारा संविधान प्राप्त हुआ। संविधान ही हमारे देश की आत्मा है ।और इसी से पंचायत से लेकर देश का संचालन होता है ।उन्होंने युवाओं से अपील किया की आप देश के भविष्य हैं ।और आप अगर अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां को समझेंगे तो हमारा समाज बहुत तेजी से तरक्की करेगा। उन्होंने कहा कि अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए पंचायत में प्रशासन का सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का सही तरीके से संचालन कराया जाएगा।

समस्तीपुर

सरायरंजन में बखरी बुजुर्ग वार्ड नंबर 2 स्कूल में मनाया गया गणतंत्र दिवस 

नया विचार सरायरंजन। प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बखरी बुजुर्ग वार्ड नंबर 2 में रविवार को गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ।विद्यालय के प्रधानाध्यापिका बेबी कुमारी ने झंडा तोलन किया। झंडो तोलन से पहले विद्यालय के बच्चों ने अपने पोषक क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाला। झंडो तोलन के बाद उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापिका बेबी कुमारी ने राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने की अपील किया। छात्र-छात्राओं ने भाषण के माध्यम से महापुरुषों के किए हुए कार्यों पर प्रकाश डाला। मौके पर प्रधानाध्यपी बेबी कुमारी, विकास प्रभाकर ,वर्षा रानी, दीपक कुमार यादव सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे

ताजा ख़बर, मौसम

जेट स्ट्रीम बदलेंगे मौसम का मिजाज, बिहार के इन जिलों का गिरा पारा; पटना IMD ने जारी किया लेटेस्ट अपडेट

नया विचार पटना- बिहार में ठंड कुछ कम हुई है, लेकिन पूरी तरह से गई नहीं है। कई जगहों पर अभी भी ठंड का असर है। खासकर सुबह और रात में ठंड ज्यादा लग रही है। दोपहर में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है। रविवार को कई जगहों पर कोहरा भी देखा गया, जिससे ठंड और बढ़ गई। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में शीतलहर की भी संभावना जताई है। यह सब 26 जनवरी के आसपास के मौसम की जानकारी है और आने वाले दिनों में कैसा मौसम रहेगा, यह भी बताया गया है। कोहरे के साथ सुबह की शुरुआत मौसम विभाग के अनुसार, आज ( 26 जनवरी ) की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। इससे ठंड का असर और बढ़ गया। मौसम विभाग का कहना है कि 26 जनवरी की सुबह 6 बजे से 11 बजे तक 6-10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी। लगभग 25 जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। 9 जिलों में शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं। उत्तर बिहार के तराई वाले इलाकों में आज घना कोहरा छाया रहा। सोमवार ( 27 जनवरी ) को भी कोहरा रहेगा। अगले चार दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। लेकिन उसके बाद न्यूनतम तापमान 1-2 डिग्री गिर सकता है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में जेट स्ट्रीम सक्रिय मौसम विभाग ने बताया है कि जेट स्ट्रीम पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय है। यह समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर है। 29 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है। इससे न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। तराई वाले 10 जिलों में घना कोहरा और शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं। पश्चिमी विक्षोभ एक तरह का मौसम परिवर्तन होता है, जो सर्दियों में बारिश और बर्फबारी ला सकता है। इन जिलों में तेज पछुआ हवा 26 जनवरी को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया और किशनगंज में घना कोहरा रहेगा। पटना, बक्सर, भोजपुर, गया, जहानाबाद, अरवल, नालंदा, नवादा, रोहतास, औरंगाबाद और कैमूर में तेज पछुआ हवा चलेगी। न्यूनतम तापमान 6 से 12 डिग्री के बीच रहेगा। गणतंत्र दिवस यानी आज सुबह 6 से 11 बजे तक उत्तर-पश्चिमी हवा 6-9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। इस दौरान अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, शिवहर, सारण, सिवान और सुपौल में शीतलहर जैसे हालात रहेंगे। झंडा फहराने के समय ज्यादातर जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। फिलहाल ठंड से राहत नहीं पटना IMD के अनुसार, बिहार में अभी ठंड से पूरी तरह राहत नहीं मिलने वाली है। हालांकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है। लेकिन सुबह-शाम और रात में ठंड का असर बना हुआ है। कई जगहों पर कोहरा भी परेशानी का सबब बन रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी ठंड बनी रहेगी। खासकर तराई वाले इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं।

ताजा ख़बर, बिहार

हरियाणा EOU की पटना में छापेमारी, दो साइबर अपराधियों की तलाश में चल रही है रेड

नया विचार पटना– हरियाणा आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम पटना में दो साइबर अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. इन अपराधियों ने दिल्ली और हरियाणा के युवकों से नौकरी दिलाने के नाम पर 50 लाख से अधिक की ठगी की है. पुलिस ने एक साइबर अपराधी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. जिसकी निशानदेही पर टीम पटना पहुंची है. पटना के पीरबहोर और कदमकुआं थाने की पुलिस हरियाणा EOU की टीम को सहयोग कर रही है. दो अपराधियों के ठिकानों पर चल रही छापेमारी हरियाणा EOU की टीम को GM रोड के रहने वाले रौशन सिन्हा उर्फ राजेश और लोहानीपुर के रहने वाले कृष्ण कन्हैया उर्फ कमल की तलाश है. टीम ने दोनों के कई ठिकानों पर छापेमारी की है. लेकिन दोनों वहां मिले नहीं, मौके से फरार हो गए थे. दोनों अपराधियों के परिजनों से पूछताछ की गई है. गिरफ्तार सरगना पटना का बताया जा रहा है. इसके साथ ही हरियाणा पुलिस की एक टीम उड़ीसा और झारखंड में भी छापेमारी कर रही है. अपराधी पत्रकारिता की पढ़ाई करने गए थे दिल्ली बता दें कि हेमनारायण तिवारी को हरियाणा पुलिस ने साइबर अपराध के आरोप में गिरफ्तार किया है. हेमनारायण पत्रकारिता की पढ़ाई के लिए दिल्ली गया था, लेकिन वहां वह साइबर अपराधियों के संपर्क में आया और जालसाज बन गया. पुलिस की जांच में पता चला है कि हेमनारायण ने अपने साथियों रौशन सिन्हा और कृष्ण कन्हैया के साथ मिलकर एक दर्जन से अधिक लोगों से ठगी की है. इन लोगों ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की है.

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top