Saraikela News, सरायकेला (शचींद्र कुमार दाश): सरायकेला जिले के कोलाबीरा स्थित फुटबॉल मैदान में एटीएफए (ATFA) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय शहीद तिलका मांझी ट्रॉफी 2026 का भव्य समापन हुआ. रोमांचक मुकाबलों से सजे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में करीम नगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी जीत अपने नाम की. विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 7 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया.
नेताजी स्पोर्टिंग ने किया कड़ा संघर्ष
फाइनल मुकाबले में नेताजी स्पोर्टिंग की टीम ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन उपविजेता बनकर ही संतोष करना पड़ा. उपविजेता टीम को 5 लाख रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. वहीं, सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाली दोनों अन्य टीमों को ढाई-ढाई लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया. इस प्रकार प्रतियोगिता में चौथे स्थान तक की टीमों के बीच कुल 17 लाख रुपये की इनामी राशि वितरित की गई.
Also Read: दुकान से लौटे और लगा ली फांसी: धनबाद के व्यवसायी फाल्गुनी मुखर्जी की मौत, पत्नी ने शव छूने तक से किया इनकार
अर्जुन मुंडा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
समापन समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने मैदान में पहुंचकर हजारों दर्शकों का अभिवादन किया और खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया. आयोजन समिति की सराहना करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि ऐसे स्पोर्ट्स आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का काम करते हैं और इससे राज्य की स्पोर्ट्स संस्कृति को नई मजबूती मिलती है.
गणमान्य लोगों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी ज्योति सेनापति, रामकृष्ण फोर्जिंग के शक्तिपदों सेनापति, बॉबी सिंह, मुख्य संयोजक मो. अख्तर हुसैन, सुषेन मार्डी, रविंद्र मंडल, मो. करीम, कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू, अध्यक्ष लालमोहन महतो और शिवनंदन किस्कु की महत्वपूर्ण भूमिका रही. देर रात तक चले इस भव्य आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और हजारों स्पोर्ट्स प्रेमियों की मौजूदगी ने पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया. दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए हर मुकाबले का भरपूर आनंद लिया. आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे बड़े स्पोर्ट्स आयोजनों को जारी रखने की बात कही.
Also Read: दहशत का लेटर: अमन सिंह गैंग ने ली धनबाद के सिंह मेंशन पर हमले की जिम्मेदारी, कहा- चुन-चुन कर मारेंगे
The post Saraikela News: करीम नगर के सिर सजा जीत का ताज: शहीद तिलका मांझी ट्रॉफी पर जमाया कब्जा, इनाम में मिले 7 लाख रुपये appeared first on Naya Vichar.

