रनिया से भूषण कांसी की रिपोर्ट
Khunti News : झारखंड के खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने मोटरसाइकिल गैरेज संचालक की निर्मम हत्या कर सनसनी फैला दी. सोमवार की सुबह थाना क्षेत्र के तांबा जंगल में 44 वर्षीय राधेश्याम साहू उर्फ राधे मिस्त्री का शव बरामद किया गया. अपराधियों ने पहले उन्हें घर से अगवा किया और बाद में पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी.
बोलेरो से आए अपराधी, युवक को उठा ले गए
मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात लगभग 3 बजे 4-5 अज्ञात अपराधी बोलेरो से राधेश्याम साहू के किराए घर पर पहुंचे और उन्हें जबरन अपने साथ ले गए. अपराधी उनकी स्कूटी को भी साथ ले गए.
अपहरण के बाद जंगल में मिला शव
अगवा किए जाने के बाद राधेश्याम की पत्नी ने तुरंत रनिया थाना पहुंचकर पति के अपहरण की सूचना दी और पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी. इसके बावजूद सोमवार सुबह तांबा-केनबाकी पथ स्थित तांबा जंगल में उनका शव बरामद हुआ.
सड़क किनारे स्कूटी के नीचे मिला शव
सोमवार सुबह करीब 8 बजे साप्ताहिक हाट जा रहे राहगीरों की नजर सड़क किनारे स्कूटी के नीचे दबे शव पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
सिर कूचकर हत्या, पहचान छिपाने की कोशिश
घटनास्थल की स्थिति से प्रतीत होता है कि अपराधियों ने राधेश्याम के सिर को पत्थर से कूचकर उनकी दर्दनाक हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के ऊपर स्कूटी रख दी. सुबह करीब 9 बजे पुलिस को घटना की आधिकारिक सूचना मिली.
पुलिस ने शुरू की जांच, छापेमारी तेज
घटना की जानकारी मिलते ही तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार और रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तकनीकी अनुसंधान के सहारे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है.
रनिया में गैरेज चलाते थे राधेश्याम
मृतक राधेश्याम साहू उर्फ राधे मिस्त्री मूल रूप से खूंटी जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डिगरी गांव के निवासी थे. वे रनिया में पिछले कई वर्षों से किराये के मकान में रहकर प्रखंड कार्यालय के पास मोटरसाइकिल गैरेज का संचालन करते थे. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. पुलिस हत्या के सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है.
थाना से 200 मीटर दूरी पर अपहरण, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
राधेश्याम साहू उर्फ राधे मिस्त्री के अपहरण की घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि जिस स्थान से अपराधी उन्हें बोलेरो में उठाकर ले गए, वह रनिया थाना और प्रखंड मुख्यालय से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को तत्काल सूचना भी दी थी. इसके बावजूद अगली सुबह उनका शव तांबा जंगल से बरामद होने पर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के नए एडवोकेट जनरल रोहितश्य रॉय ने संभाला पदभार
इसे भी पढ़ें: दुमका के स्कूलों में हरियाली की पहल, 1.57 लाख पौधे लगाने की तैयारी
The post खूंटी में युवक को पहले किया अगवा, फिर बेरहमी से हत्या, जंगल में मिला शव appeared first on Naya Vichar.

