Hot News

Mumbai Rain: भारी बारिश से मुंबई बेहाल, 3 की मौत, एक्सप्रेसवे पर मलबा-ट्रेनों की थमी रफ्तार, IMD का रेड अलर्ट

Mumbai Rain Warning: महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश अब आफत की बरसात बन गई है. बारिश का सबसे भीषण रूप मुंबई में दिखाई दे रहा है. बीते कुछ दिनों से जारी बारिश के कारण आम लोगों का हाल बेहाल है . हालत यह है कि मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पुणे और पालघर समेत कई जिलों में जलभराव, भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं. भारी बारिश से जुड़े हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी व्यापक असर पड़ा है. हिंदुस्तान मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

भूस्खलन और बाढ़ में तीन लोगों की मौत

अधिकारियों के अनुसार, पुणे जिले की मावल तहसील के पाटन गांव में भूस्खलन से एक मकान ढह गया, जिसमें दबकर दो लोगों की मौत हो गई. वहीं, खेड़ तहसील में बाढ़ के पानी में बहने से एक व्यक्ति की जान चली गई. महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि पिछले तीन से चार दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो चुकी है. अगले दो दिनों के लिए राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है.

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर थमा ट्रैफिक

लगातार बारिश और भूस्खलन का सबसे अधिक असर मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर देखने को मिला. हाल ही में शुरू किए गए मिसिंग लिंक सेक्शन के पास भारी मलबा और कंक्रीट का खंभा गिरने से यातायात बाधित हो गया. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि करीब 100 टन मलबा सड़क पर आ गिरा था, जिसमें से 70 टन हटाकर पुणे की ओर जाने वाली तीन लेन खोल दी गई हैं. मुंबई की ओर का मार्ग साफ करने का काम जारी है. पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग पर भी कई स्थानों पर जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.

रेल सेवाओं पर भी पड़ा असर

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते कर्जत-लोनावला भोर घाट सेक्शन में ट्रेन सेवाएं रोकनी पड़ीं. मध्य रेलवे ने कर्जत और खोपोली के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद कर दीं, क्योंकि लौजी और दोलावली स्टेशनों के बीच पटरियों के नीचे की गिट्टी बह गई थी. पश्चिम रेलवे के अनुसार, जलभराव और भूस्खलन के कारण 40 से अधिक ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं. इनमें कई ट्रेनों को रद्द किया गया, कुछ के समय में बदलाव किया गया, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए.

मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानों का रूट बदला

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला. सोमवार दोपहर तक मुंबई आने वाली पांच उड़ानों का रूट बदलकर उन्हें हैदराबाद, अहमदाबाद, बेंगलुरु और वडोदरा जैसे अन्य हवाई अड्डों पर उतारा गया.

पालघर में दो घंटे में 300 मिमी बारिश

पालघर जिले के कुछ इलाकों में सुबह नौ बजे तक केवल दो घंटे में करीब 300 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. तेज हवाओं के कारण एक आवासीय स्कूल के टिन शेड उड़ गए और कई पेड़ उखड़ गए. हालांकि स्कूल के सभी 350 छात्र सुरक्षित हैं. ठाणे में पेड़ हटाने के दौरान एक दमकलकर्मी घायल हो गया, जबकि कई स्थानों पर दीवारें और होर्डिंग भी गिर गए.

कई नदियां खतरे के निशान के पार

लगातार बारिश के चलते रायगढ़ जिले की सावित्री समेत कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. सतारा और कोल्हापुर में भी नदी जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है. पालघर में एक छोटे बांध के क्षतिग्रस्त होने के बाद निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.

8 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष में समीक्षा बैठक के बाद कहा कि भारी बारिश का दौर 8 जुलाई तक जारी रह सकता है. उन्होंने नासिक के कुछ इलाकों में बादल फटने जैसी स्थिति बनने की भी आशंका जताई. मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निगम और पूरा आपदा प्रबंधन तंत्र हाई अलर्ट पर है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है.

विधानसभा की कार्यवाही स्थगित, हाईकोर्ट ने दी राहत

भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई. वहीं, मुंबई हाईकोर्ट ने कहा कि खराब मौसम के कारण यदि वकील अदालत नहीं पहुंच पाते हैं तो उनके खिलाफ कोई प्रतिकूल आदेश पारित नहीं किया जाएगा.

Also Read: 6 से 11 जुलाई तक भारी बारिश, पूरे सप्ताह गरज चमक का दौर,इन राज्यों में मासनून का कहर

The post Mumbai Rain: भारी बारिश से मुंबई बेहाल, 3 की मौत, एक्सप्रेसवे पर मलबा-ट्रेनों की थमी रफ्तार, IMD का रेड अलर्ट appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top