UP News: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में आगरा के तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) रहे ललित कुमार के लखनऊ स्थित घर पर दो दिन तक छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, करोड़ों रुपये की अचल संपत्तियों के दस्तावेज और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड बरामद हुए. विजिलेंस ने जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 35 करोड़ रुपये आंकी है.
दो दिन चली तलाशी, घर के अलग-अलग हिस्सों से मिला कैश
पीटीआई की रिपोर्ट अनुसार विजिलेंस की टीम ने 7 और 8 जुलाई को अलीगंज की चंद्रलोक कॉलोनी स्थित आवास पर कोर्ट से सर्च वारंट लेकर छापेमारी की. तलाशी के दौरान घर में अलग-अलग जगहों और पैकेटों में छिपाकर रखे गए करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये नकद बरामद किए गए. इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के बिस्किट और आभूषण भी मिले.
13 किलो सोना और 9 किलो चांदी बरामद
बरामद सोने और चांदी का मूल्यांकन प्रशासन से मान्यता प्राप्त वैल्यूवर से कराया गया. जांच में करीब 13 किलो सोना और 9 किलो चांदी मिली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये बताई गई है.
लखनऊ, नोएडा और बाराबंकी में मिली करोड़ों की संपत्ति
छापेमारी के दौरान लखनऊ के अलीगंज, वृंदावन योजना, इस्माइलगंज, मोहनलालगंज और बालागंज समेत कई इलाकों में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि के दस्तावेज बरामद हुए. इसके अलावा नोएडा में दो फ्लैट की बुकिंग और बाराबंकी व रायबरेली में जमीन से जुड़े कागजात भी मिले. इन अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये आंकी गई है.
कारें, हथियार और करोड़ों के निवेश के दस्तावेज मिले
जांच के दौरान विजिलेंस को टोयोटा इनोवा और हुंडई i20 कार, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर तथा बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले. घर में महंगे फर्नीचर और लग्जरी घरेलू सामान होने के भी प्रमाण मिले हैं.
आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच जारी
ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में पहले ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा चुका है. विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट से सर्च वारंट लेकर यह कार्रवाई की गई. विजिलेंस का कहना है कि बरामद नकदी, जेवर, निवेश और संपत्तियों का सत्यापन किया जा रहा है और इन्हें जांच का हिस्सा बनाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश की समाचारें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें
The post रिटायर्ड ARTO के घर करोड़ों का खजाना, विजिलेंस की छापेमारी में 13 किलो सोना और 1.62 करोड़ नकद बरामद appeared first on Naya Vichar.

