Ashok Nagar Ranchi Theft : झारखंड की राजधानी रांची के सबसे पॉश इलाके अशोक नगर में हुई हाई प्रोफाइल चोरी की जांच ने नया मोड़ ले लिया है. इसमें खुलासा हुआ है कि घटना में शामिल दो अपराधी 80 लाख रुपये की जगुआर गाड़ी से रांची आठ जुलाई की दोपहर में पहुंचे थे. उनकी गाड़ी पर यूपी का नंबर प्लेट लगा था. दोनों जगन्नाथपुर के बिरसा चौक स्थित होटल पार्क रिट्रीट में कमरा लेकर ठहरे थे. होटल में रुकने के लिए दोनों ने एक मुस्लिम व्यक्ति के नाम पर बने आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था. होटल में रहने के दौरान दोनों कई बार वहां बाहर भी गये थे. संभवतः उनका मकसद घटनास्थल की रेकी करना था.
सीसीटीवी से खुलासा, फर्जी आधार का इस्तेमाल
रेकी के बाद बुधवार की देर रात अशोक नगर रोड नंबर 4बी स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर में घुसकर एक अपराधी ने चोरी की, जबकि दूसरा घर के नीचे नजर बनाये हुए था. पांडेय के घर चोरी में सफलता मिलने पर बिल्डर निशित केसरी के घर में चोरी का प्रयास किया. लेकिन वहां अंगरक्षक ने फायरिंग कर उन्हें भगा दिया था. इसके बाद बदमाश वहां से भागकर सीधे होटल पार्क रिट्रीट पहुंचे थे. रातभर वहीं रहने के बाद गुरुवार की सुबह 5.20 बजे वहां से निकल भागे. पड़ताल में यह बात सामने आई है कि अपराधी रांची से बाहर निकल चुके हैं. यह जानकारी पुलिस को सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट से मिली. होटल में अपराधियों द्वारा दिये गये आधार कार्ड के भी फर्जी होने की बात सामने आ रही है. इन दोनों का एक और साथी दूसरी कार से भी था, लेकिन यह होटल नहीं आया. वह होटल के आसपास पुलिस की गतिविधि पर नजर बनाये हुए था.
एसआइटी करेगी जांच एएसपी करेंगे नेतृत्व
अशोक नगर में चोरी की घटना में शामिल अपराधियों की धर-पकड़ के लिए सिटी एसपी पारस राणा ने एसआइटी का गठन किया है. एसआइटी में कोतवाली एएसपी निखिल राय के नेतृत्व में चार थानों कोतवाली, धुर्वा, जगन्नाथपुर और पुंदाग ओपी के प्रभारी शामिल किये गये हैं.
केस दर्ज : बिल्डर के घर से नकद, 90 लाख के जेवर उड़ाये
अशोक नगर स्थित त्रिवेणी बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर से चोर लाखों की संपत्ति उड़ाकर ले गये. प्राथमिकी के अनुसार, आठ लाख रुपये नकद और करीब 90 लाख के सोने, हीरे, रुबी और चांदी के जेवरात की चोरी हुई हुई है. अखिलेश के पुत्र आशुतोष पांडेय ने अरगोड़ा थाने में केस दर्ज कराया है. आशुतोष पांडेय ने दावा किया है कि अज्ञात व्यक्ति उनके पिता (अखिलेश पांडेय) पर जानलेवा हमला करने के उद्देश्य से घर में घुसा था. जब वह नहीं मिले, तो आरोपी कीमती सामान चोरी कर ले गया. पूरा परिवार भयभीत है. 9 जून की सुबह में वह सोकर उठे, तो अपने कमरे का आलमीरा खुला पाया. उसी वक्त उनके दादा रामदेव पांडेय उनके कमरे में आये और बोले कि पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा है. कोई घर में रात में घुसा था. उनकी दादी नूतन पांडेय ने भी बताया कि उनके कमरे का वार्डरोब और आलमीरा टूटा हुआ है. देखने पर पता चला कि आशुतोष पांडेय को सगाई में मिले उपहार, आभूषण, नकद राशि आदि गायब हैं. हर कमरे का वार्डरोब और आलमीरा टूटा हुआ था. चोरी गये सामान में 600 ग्राम सोने के जेवरात शामिल हैं. इसमें सोने के गले की हार, कान की बाली, कान का झुमका, कंगन, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी-चेन, हीरे का पूरा सेट, गोल्ड और रुबी का सेट, चांदी और सोने के अन्य उपहार के अलावा आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही आठ लाख रुपये नकद भी गायब थे.
ये भी पढ़ें: जंगल में बैठकर फर्जी APK से करते थे ठगी, गिरिडीह पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: ग्रेजुएट ट्रेंड टीचरों को मिलेगा समान वरीयता और अपग्रेड वेतन का लाभ, झारखंड हाईकोर्ट का आदेश
The post अशोक नगर चोरीकांड: दो अपराधी होटल पार्क रिट्रीट में ठहरे, रात में 80 लाख की जगुआर से पहुंचे चोरी करने appeared first on Naya Vichar.

