Hot News

मुरादाबाद डबल मर्डर : पति ने पकड़े पैर, देवर ने रेता गला, मां के बारे में पूछ रहे बेटे की भी कर दी हत्या

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में मां-बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने स्त्री सीमा और उसके 10 वर्षीय बेटे अंकुश की हत्या के आरोप में पति जसराम और देवर जयराम को गिरफ्तार किया है. पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों भाइयों ने मिलकर पहले सीमा की हत्या की और बाद में वारदात का राज खुलने के डर से मासूम अंकुश को भी मौत के घाट उतार दिया. एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने मीडिया को बताया कि मौढ़ा तैय्या निवासी सीमा (35) और उसके बेटे अंकुश (10) की हत्या के मामले में पति जसराम और देवर जयराम को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं.

हत्या से पहले पति-पत्नी के बीच हुआ था झगड़ा

पुलिस के मुताबिक, सीमा करीब दो साल से शेरुआ चौराहे पर किराये के मकान में रह रही थी. उसके साथ पति जसराम और बेटा अंकुश भी रहते थे. जसराम अपना मकान छोटे भाई जयराम को बेच चुका था. जयराम ने 60 हजार रुपये दे दिए थे, जबकि 2 लाख 40 हजार रुपये बाकी थे. बकाया रकम को लेकर सीमा अक्सर विवाद करती थी. जांच में यह भी सामने आया कि जसराम अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था. इस बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था. सोमवार रात भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद सीमा ने पुलिस चौकी में शिकायत की थी. बाद में समझौता होने पर वह पति के साथ घर लौट गई थी. इस समझौते में जयराम भी शामिल था.

दोनों भाइयों ने रची थी सीमा की हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार, घर लौटने के बाद दोनों भाइयों ने सीमा की हत्या की साजिश रची. जसराम ने जयराम से कहा कि यदि वह सीमा की हत्या कर देगा तो मकान के बाकी रुपये भी नहीं मांगे जाएंगे. जयराम भी बकाया रकम देने से बचना चाहता था, इसलिए वह इस साजिश में शामिल हो गया. मंगलवार शाम करीब छह बजे जयराम अगवानपुर पहुंचा और सीमा से कहा कि वह उसे बाकी रुपये दे देगा. इस बहाने वह सीमा और अंकुश को बाइक पर बैठाकर मौढ़ा तैय्या की ओर ले गया. रास्ते में पेट्रोल पंप पर उसने अंकुश को उतार दिया और सीमा को खेत में ले गया, जहां पहले से जसराम मौजूद था. वहां जसराम ने सीमा के पैर पकड़ लिए, जबकि जयराम ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया. हत्या के बाद जयराम दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचा और बोतल में पेट्रोल लेकर वापस लौटा, इसके बाद वह अंकुश को भी अपने साथ घटनास्थल पर ले आया.

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

पुलिस पूछताछ में जयराम ने बताया कि वह अपने भतीजे को नहीं मारना चाहता था. लेकिन अंकुश लगातार अपनी मां के बारे में पूछ रहा था. जब उसने खेत में अपनी मां का शव देखा तो वह रोने और चिल्लाने लगा. आरोपी को डर था कि बच्चा घर जाकर पूरी घटना बता देगा. इसी डर से उसने अंकुश का गला दबाकर उसकी भी हत्या कर दी. वारदात के बाद दोनों भाइयों ने सीमा के शव पर पेट्रोल डालकर उसका चेहरा जला दिया. इसके बाद अंकुश के शव को करीब 500 मीटर दूर प्रदीप के खेत में फेंक दिया और उसका चेहरा भी जला दिया, ताकि दोनों की पहचान न हो सके. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपी देवर जयराम को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है. वहीं शुक्रवार देर रात पुलिस ने पति जसराम को भी गिरफ्तार कर लिया.

यह है मामला

पाकबड़ा थाना क्षेत्र में मां-बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. मौढ़ा तैय्या निवासी सीमा का गला रेता गया था, जबकि उसके 10 वर्षीय बेटे अंकुश की गला दबाकर हत्या की गई थी. सीमा का शव बुधवार को गन्ने के खेत से बरामद हुआ था, जबकि अगले दिन करीब 500 मीटर दूर दूसरे खेत से अंकुश का शव मिला था. हत्यारों ने दोनों के चेहरे जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की थी, लेकिन अंकुश का चेहरा पूरी तरह नहीं जल पाया, जिससे उसकी पहचान हो गई. पुलिस के अनुसार, सीमा पिछले दो साल से पति जसराम से विवाद के बाद अलग रह रही थी.

15 साल पहले हुई थी शादी

पुलिस के मुताबिक, जसराम की शादी करीब 15 साल पहले गोरखपुर निवासी सीमा से हुई थी. दोनों का एक 10 वर्षीय बेटा अंकुश था. जसराम ट्रक चालक है, लेकिन कुछ समय से बीमारी के कारण ट्रक नहीं चला रहा था. बताया गया कि करीब दो साल पहले पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद सीमा अलग रहने लगी थी.

जमीन बेचने को लेकर भी था विवाद

पुलिस के अनुसार, मौढ़ा तैय्या निवासी पातीराम सैनी के पांच बेटे सोमपाल, जयराम, जसवंत, कुलवंत और जसराम हैं. जसराम के हिस्से में दो बीघा जमीन आई थी. करीब दो साल पहले सीमा ने एक बीघा जमीन बेच दी थी, जिसका जसराम ने विरोध किया था. इसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया. बताया जा रहा है कि सीमा बची हुई एक बीघा जमीन भी बेचना चाहती थी, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था.

यह भी पढ़ें: यूपी में 15 की मौत, तीन दिन की बारिश ने बढ़ाई मुसीबत,75 जिलों में अलर्ट

The post मुरादाबाद डबल मर्डर : पति ने पकड़े पैर, देवर ने रेता गला, मां के बारे में पूछ रहे बेटे की भी कर दी हत्या appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top