Hot News

अंधेरे में डूबी झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था! लोहरदगा में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में हुआ इलाज, शो-पीस बना जनरेटर

कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट

Jharkhand Health System, लोहरदगा: लोहरदगा जिले के कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में रविवार देर शाम स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है. नेशनल हाईवे 39 (कुड़ू – रांची मुख्य पथ) पर हेंजला के समीप एक अज्ञात वाहन के धक्के से चिताकोनी गांव निवासी शिवकुमार महली गंभीर रूप से घायल हो गए थे. जब ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए कुड़ू सीएचसी लेकर पहुंचे, तो पूरा अस्पताल अंधेरे में डूबा हुआ था. स्थिति इतनी बदतर थी कि डॉक्टरों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर घायल मरीज का इलाज शुरू करना पड़ा.

जनरेटर-इन्वर्टर सब फेल

अस्पताल में आए दिन होने वाली इस तरह की लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने इसकी सूचना भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रखंड अध्यक्ष सरजु कुमार साहू को दी. मौके पर पहुंचे भाजयुमो अध्यक्ष अस्पताल के अंधेरे को देखकर भड़क गए और उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी प्रभारी बीडीओ सह सीओ संतोष उरांव, सिविल सर्जन और उपायुक्त (DC) को दी. भाजयुमो अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुड़ू सीएचसी में लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है. अस्पताल में जनरेटर से लेकर इन्वर्टर तक की लाखों की सुविधाएं बहाल हैं, लेकिन इसके बावजूद हल्की सी बिजली कटने पर अस्पताल को अंधेरे के भरोसे छोड़ दिया जाता है, जो मरीजों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ है.

ये भी पढ़ें: ढाई दशक से प्रतिनियुक्ति पर कर रहे थे काम, अब हाईकोर्ट के आदेश से होंगे रेग्युलर

सूचना मिलते ही पहुंचे सीओ

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी बीडीओ सह सीओ संतोष उरांव तुरंत कुड़ू सीएचसी पहुंचे और वहां मौजूद डॉक्टरों से पूरी जानकारी ली. सीओ ने मौके से ही एसडीओ (SDO) और विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात की, जिसके महज 10 मिनट के भीतर अस्पताल की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई. सीओ संतोष उरांव ने भी पुष्टि की कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो वहां पूरी तरह बिजली गुल थी. उन्होंने कहा कि इस पूरी बदइंतजामी से उपायुक्त को अवगत कराया जाएगा.

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की दलील

इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कुड़ू सीएचसी की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुलामी होरो ने बताया कि क्षेत्र में दिनभर बिजली आपूर्ति ठप्प रहने के कारण अस्पताल का इन्वर्टर डाउन हो गया था. इसके बाद जनरेटर चलाया जा रहा था, लेकिन ठीक उसी वक्त जनरेटर चलते-चलते अचानक बंद हो गया जब ग्रामीण मरीज को लेकर पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि तुरंत मिस्त्री को बुलाकर करीब 20 मिनट के भीतर जनरेटर को ठीक कराकर बिजली चालू कर दी गई थी.

ये भी पढ़ें: हाथ में आरती की थाली और थम गईं सांसें… रांची में पुजारी का दिल का दौरा पड़ने से निधन, देखें वीडियो

The post अंधेरे में डूबी झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था! लोहरदगा में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में हुआ इलाज, शो-पीस बना जनरेटर appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top