SP Mamta Kalyani: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है. इसी बीच पटना की सेंट्रल सिटी एसपी ममता कल्याणी और जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर ममता कल्याणी कौन हैं.
मतदान के बीच हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
उपचुनाव के दौरान जन सुराज ने आरोप लगाया कि उसके कई पोलिंग एजेंटों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. इसी शिकायत को लेकर प्रशांत किशोर अपने समर्थकों के साथ पुलिस अधिकारियों से बातचीत करने पहुंचे. इसी दौरान उनकी सेंट्रल सिटी एसपी ममता कल्याणी से तीखी बहस हो गई.
क्या था पूरा मामला?
जन सुराज का आरोप है कि मतदान से पहले ही उसके कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया. पार्टी का दावा है कि कुछ कार्यकर्ताओं का पता भी नहीं चल रहा था. वहीं पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई.
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एसपी ममता कल्याणी प्रशांत किशोर और उनके समर्थकों से आचार संहिता का पालन करने की बात कहती नजर आती हैं. वह बार-बार कहती हैं कि चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में एक जगह इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है. उन्होंने समर्थकों से वहां से हटने को भी कहा.
दूसरी ओर, प्रशांत किशोर अपने कार्यकर्ताओं के बारे में जानकारी मांगते रहे. उनका कहना था कि पुलिस बिना कारण उनके लोगों को उठा रही है.
कौन हैं SP ममता कल्याणी?
ममता कल्याणी बिहार पुलिस सेवा (BPSC) की 45वीं बैच की अधिकारी हैं. वह बिहार के लखीसराय जिले के पुरानी बाजार स्थित नया टोला की रहने वाली हैं. उनके पिता स्वर्गीय सीताराम मेहता सेवानिवृत्त प्राचार्य थे.
ममता कल्याणी अपनी सख्त कार्यशैली, अनुशासन और प्रशासनिक क्षमता के लिए जानी जाती हैं. हाल ही में हुए पुलिस प्रशासन के फेरबदल के बाद उन्हें पटना सेंट्रल सिटी एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
बिहार की ताजा समाचारों के लिए यहां क्लिक करें
पहला बड़ा चुनावी इम्तिहान
पटना के सबसे संवेदनशील पुलिस जोन की जिम्मेदारी संभाल रहीं ममता कल्याणी के लिए यह पहला बड़ा चुनावी इम्तिहान माना जा रहा है. इससे पहले वह डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं.
वीडियो बना चर्चा का विषय
प्रशांत किशोर और एसपी ममता कल्याणी के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. एक तरफ जन सुराज पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई चुनाव आयोग के निर्देशों और कानून के तहत की गई है. इसी वजह से यह वीडियो अब बांकीपुर उपचुनाव की सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल हो गया.
Also Read: ‘रात से हमारे लोगों को उठाया जा रहा है’, बांकीपुर में बूथों का जायजा लेने पहुंचे प्रशांत किशोर बोले- भाजपा नहीं, पुलिस चुनाव लड़ रही है
The post प्रशांत किशोर से बहस करने वाली SP ममता कल्याणी कौन हैं? वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आईं स्त्री अधिकारी appeared first on Naya Vichar.