विवेक ओबेरॉय ने साल 2002 में फिल्म कंपनी से बॉलीवुड में एंट्री की थी. पहली ही फिल्म में उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने सराहा और उन्हें इंडस्ट्री का अगला बड़ा स्टार माना जाने लगा, लेकिन कुछ ही समय बाद उनकी प्रोफेशनल लाइफ एक ऐसे विवाद में फंस गई, जिसने उनके पूरे करियर की दिशा बदल दी.
विवेक ओबेरॉय ने सलमान खान पर लगाया था ये आरोप
साल 2003 में विवेक ओबेरॉय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया था कि सलमान खान ने उन्हें कई बार फोन कर धमकी दी और अपशब्द कहे. यह मामला उस वक्त उनकी ऐश्वर्या राय के साथ कथित रिलेशनशिप को लेकर हुआ था, जिसे लेकर बॉलीवुड में काफी हलचल मच गई थी.
सलमान की धमकी के बाद विवेक संग किसी ने नहीं किया काम
विवेक ने कई इंटरव्यू में कहा कि इस विवाद का असर उनके करियर पर साफ देखने को मिला. उनके मुताबिक, इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई प्रभावशाली लोगों ने उनसे दूरी बना ली, जिससे उन्हें बड़े प्रोजेक्ट्स मिलने कम हो गए. उन्होंने यह भी माना कि उस समय उन्होंने भावनाओं में आकर फैसला लिया था और अगर मौका मिलता तो वह इस पूरे मामले को अलग तरीके से संभालते.
सलमान खान ने विवेक संग विवाद पर कभी नहीं की बात
दूसरी ओर, सलमान खान ने कभी भी विवेक के आरोपों को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया और इस विवाद पर ज्यादा रिएक्शन देने से हमेशा बचते रहे. समय बीतने के बावजूद दोनों कलाकारों के बीच दूरियां बनी रहीं और यह विवाद बॉलीवुड के सबसे चर्चित सेलिब्रिटी क्लैश में गिना जाने लगा.
विवेक ने सलमान खान से मांगी थी माफी
विवेक ओबेरॉय ने बाद में कई बार सलमान खान से माफी भी मांगी. उन्होंने स्वीकार किया कि उस समय वह इमोशनल थे और चीजों को बेहतर तरीके से हैंडल किया जा सकता था. हालांकि, दोनों के रिश्तों में फिर कभी पहले जैसी नजदीकी नहीं आई और दोनों ने अपनी-अपनी राह चुन ली.
विवेक ओबेरॉय फिल्म रामायण में आएंगे नजर
अब रामायण में विवेक ओबेरॉय, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के साथ नजर आएंगे. नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही इस बिग-बजट फिल्म में वह ‘विद्युतजिह्व’ का किरदार निभा रहे हैं, जो शूर्पणखा का पति और एक शक्तिशाली राक्षस राजकुमार है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवेक ओबेरॉय ने इस दो पार्ट वाली फिल्म के लिए फीस नहीं लेने का फैसला किया. उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा से रिक्वेस्ट किया है कि उनकी पूरी फीस कैंसर से जूझ रहे बच्चों की मदद के लिए दान कर दी जाए.
ये भी पढ़ें: यश के ‘रावण’ लुक ने जीता मनोज मुंतशिर का दिल, बोले- ‘आदिपुरुष’ से ‘रामायण’ की तुलना मत करो
The post जब इस एक्टर ने बॉलीवुड के बड़े सुपरस्टार पर करियर बर्बाद करने का लगाया आरोप, डेटिंग बनी मुसीबत… ‘रामायण’ से करेंगे वापसी appeared first on Naya Vichar.

