Hot News

मूसापुर में झाड़ी से युवक का श”व बरामद, परिजनों ने लगाया पी”ट-पी”ट’कर ह”त्या का आरोप

दिन में हुई थी कहासुनी, रात में घर नहीं लौटा मिथुन; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन | घटहो थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव में बुधवार की सुबह ठाकुरबारी स्थित बांध के किनारे झाड़ी से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुल्तानपुर घटहो पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी रामप्रवेश गिरि के 35 वर्षीय पुत्र मिथुन गिरि के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। परिजनों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मृतक के पिता रामप्रवेश गिरि ने बताया कि मंगलवार को स्नान करने के बाद मिथुन अपने दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान गांव का अवधेश गिरि उसे बुलाकर अपने घर ले गया। देर रात तक मिथुन के वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करते हुए अवधेश के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां से उन्हें भगा दिया गया। बुधवार की अहले सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने ठाकुरबारी के समीप बांध किनारे झाड़ी में मिथुन का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।

परिजनों के अनुसार, मिथुन के शरीर पर चोट के निशान और सिगरेट से दागने के निशान मिले हैं। इसके बाद उन्होंने पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को अवधेश गिरि के दरवाजे पर रखकर विरोध जताया। इससे गांव में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

मृतक के पिता ने बताया कि मंगलवार दिन में मिथुन और अवधेश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इस दौरान अवधेश ने मिथुन को जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही उस पर अपनी पत्नी से अवैध संबंध होने का आरोप भी लगाया था। हालांकि, परिजनों ने ऐसे किसी संबंध से इनकार करते हुए बताया कि मिथुन राजकोट में मजदूरी करता था और करीब 15 दिन पहले ही घर आया था। सोमवार को उसे वापस राजकोट लौटना था, लेकिन अवधेश के कहने पर वह रुक गया था।

इधर, मंगलवार शाम मिथुन की पत्नी सोनम देवी अपने मायके हरसिंहपुर चली गई थी। पति की मौत की सूचना मिलने के बाद वह वापस घर लौटी। वहीं ग्रामीणों ने अवधेश की पत्नी कामिनी देवी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूरे मामले में दोनों पक्षों से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने पर घटहो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। लिखित आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर ग्रामीणों और परिजनों की ओर से अवैध संबंध से जुड़े विवाद की बात कही जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

मिथुन की मौत के बाद पत्नी सोनम देवी, पुत्र प्रियांशु कुमार (11), पुत्री रानी कुमारी (7) और मां शोभा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top